गुरु पूर्णिमा पर रहेगा प्रतिच्छाया चंद्र ग्रहण, भारत में नहीं आएगा नजर
🔲 प्रतिच्छाया में चंद्रमा का प्रकाश होता है मध्यम
हरमुद्दा
उज्जैन/ रतलाम, 4 जुलाई। गुरु पूर्णिमा रविवार को प्रतिच्छाया चंद्रग्रहण रहेगा। हालांकि प्रतिच्छाया चंद्र ग्रहण को मान्यता नहीं दी गई। भारत में दिन की स्थिति होने के कारण यह ग्रहण दृश्य नहीं होगा।
जीवाजी वेधशाला उज्जैन के अधीक्षक डॉ. राजेंद्र प्रकाश गुप्त ने हरमुद्दा को बताया कि 5 जुलाई रविवार को सुबह 8 बजकर 34 मिनट 5 सेकंड से प्रतिच्छाया चंद्र ग्रहण शुरू होगा। मध्य की स्थिति प्रातः 10 बजे होगी तथा मोक्ष 11 बजकर 35 मिनट 5 सेकंड पर होगा। भारत में इस समय दिन की स्थिति होने के कारण यह ग्रहण दृश्य नहीं होगा।
नहीं ढकता है वास्तविक छाया से
डॉ. गुप्त ने बताया कि प्रतिच्छाया चंद्र ग्रहण में चंद्रमा का कोई भाग पृथ्वी की वास्तविक छाया से नहीं ढकता है बल्कि चंद्रमा पृथ्वी के उपछाया वाले हिस्से से गुजरता है, नतीजतन उसका प्रकाश कुछ मध्यम हो जाता है। इस स्थिति को हम सामान्य रूप से चंद्रमा के प्रकाश को देखकर अनुभव कर सकते हैं।