रतलाम जिले की छात्राएं चेरी कुशवाह और गुनगुन जैन, दिल्ली में करेगी मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व

राज्य स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी और प्रतियोगिता मे हुआ चयन
प्रदेशभर के 217 होनहार बाल वैज्ञानिकों में से चयन
तत्काल क्वीज प्रतियोगिता में चेरी ने जीता गोल्ड मेडल
हरमुद्दा
भोपाल: 22 जनवरी। भारत सरकार के विज्ञान और प्रौद्योगिक मंत्रालय द्वारा आयोजित इंस्पायर्ड अवार्ड योजना के अंतर्गत भोपाल मे तीन दिवसीय राज्य स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी एवं प्रोजेक्ट प्रतियोगिता के समापन अवसर पर प्रदेश भर से आए 217 होनहार बाल वैज्ञानिकों में से राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाली प्रदर्शनी और प्रोजेक्ट प्रतियोगिता के लिए प्रदेश से चयनित 23 विद्यार्थियों में रतलाम जिले से थ्री इन वन मैजिकल चैयर बनाने वाली रतलाम की छात्रा चेरी कुशवाह और सोलर वुमन हाइजीन कीट बनाने वाली समता शिक्षा निकेतन की छात्रा गुनगुन जैन का चयन हुआ है।
रतलाम के साई श्री इंटरनेशनल एकेडमी मे कक्षा 8 वीं में पढने वाली छात्रा चेरी कुशवाह और समता शिक्षा निकेतन मे 10 वीं की छात्रा गुनगुन जैन का चयन इसके पूर्व रतलाम जिले से हुआ था।
चित्रकला का शौक है चेरी को
प्रदेश स्तरीय प्रदर्शनी के दौरान विज्ञान से संबंधित तत्काल क्वीज प्रतियोगिता मे भी चेरी कुशवाह द्वारा गोल्ड मेडल जीता गया। हमेशा अपने विद्यालय मे भी टाॅप करने वाली चेरी कुशवाह,इसके पूर्व भी अपने ऐज ग्रुप मे होने वाली विभिन्न चित्रकला प्रतियोगिताओ में भी प्रथम स्थान प्राप्त कर चुकी है।
कविता लिखने का शौक गुनगुन को
गुनगुन का शौक कविता लिखने का है और वह गाकर सुनाती है। कविताएं अभी कहीं प्रकाशित नहीं हुई है। इसके अलावा नई नई चीजों पर रिसर्च करना भी अच्छा लगता है। कक्षा में हमेशा से प्रथम स्थान प्राप्त करना भी गुनगुन का शौक है। गुनगुन के पापा प्रॉपर्टी ब्रोकर हैं, वहीं मम्मी हाउस क्लीन है। बड़े भाई आर्किटेक्ट है।
चयनित 24 विद्यार्थियों का दल गया था भोपाल
रतलाम से गए 24 विद्यार्थियों के दल में प्रभारी शिक्षिका विनीता ओझा व सहायक दल प्रभारी अस्मिता कटकानी, अनिल मिश्रा व गिरीश लहवासिये है। उल्लेखनीय है कि 20, 21 एवं 22 जनवरी को भोपाल में तीन दिवसीय इंस्पायर अवार्ड प्रदर्शनी हुई। बुधवार को समापन हुआ है।
दिल्ली में होगा रतलाम का नाम ऐसा है विश्वास : जैन
रतलाम में आयोजित विज्ञान प्रदर्शनी में राष्ट्रीय नवाचार प्रतिष्ठान नई दिल्ली से आए लवनीश जैन भोपाल में भी मौजूद थे। हरमुद्दा से चर्चा में श्री जैन ने राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित सभी विद्यार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वाकई में चेरी की चेयर ने तो तहलका मचाया है। पूरा विश्वास है कि दिल्ली में रतलाम और मध्य प्रदेश का नाम रोशन होगा। जिला विज्ञान अधिकारी गजेंद्र सिंह राठौर ने भी छात्राओं की सफलता पर हर्ष जताया है।