जिसका कोई नहीं उसके हैं रतलामी : भीगकर कापते हुए भिक्षुक को पहुंचाया उपचार के लिए अस्पताल
1 min read सभी ने की तत्काल मदद और उपचार हुआ शुरू
हरमुद्दा
रतलाम, 2 अक्टूबर। सेंव, सोना, साड़ी के लिए प्रसिद्ध रतलाम के लोग सेवा और मदद में भी सिरमौर है। किसी को तड़पता हुआ देख तत्काल मदद के लिए हाथ बढ़ाते है। यूं कहा जाए कि जिसका कोई नहीं है, उसके रतलामी हैं। तभी तो भीगकर कांपते हुए भिक्षुक लोगों ने हाथों-हाथ उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया।
पत्रकार मित्र और समाजसेवी हीरेन्द्र परमार ने हरमुद्दा को बताया कि पत्नी और बेटी डेंगू का उपचार हॉस्पिटल में ले रहे हैं, उनकी भोजन की व्यवस्था के लिए जब मैं घर जा रहा था, तब राजस्व कॉलोनी में शनिवार रात को तकरीबन 8 बजे एक व्यक्ति भीगकर कांप रहा था। नजर पड़ी और तत्काल समाजसेवी मित्रों को फोन लगाया। सृष्टि संस्था के सतीश टाक को सूचना दी कि राजस्व कॉलोनी में एक अज्ञात व्यक्ति बहुत ही बुरी स्थिति में बारिश में भीग चुका है। उसकी स्थिति काफी चिंताजनक है। सूचना मिलने पर साईं राज ग्रुप के सामाजिक कार्यकर्ता आशीष सिंह देवड़ा, महेंद्र जरवाल, चिंटू भाई, कुलदीप सिंह, वैभव माहेश्वरी तुरंत पहुंचे। 108 एंबुलेंस के माध्यम से जिला चिकित्सालय ले जाकर आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया। अज्ञात व्यक्ति से जानकारी लेने पर अपना नाम कृष्णा बताया जो कि बिहार का रहने वाला है। यहां पर भिक्षावृत्ति कर जीवन यापन कर रहा है। हालात चिंताजनक होने पर ज्यादा जानकारी प्राप्त नहीं हो पाई।
चिता फोर्स तत्काल आई मदद के लिए
इस कार्य में दो बत्ती थाने के चिता फोर्स के नीलेश पाठक,100 डायल टीम का काफी सराहनीय सहयोग रहा।