वेब पोर्टल हरमुद्दा डॉट कॉम में समाचार भेजने के लिए हमें harmudda@gmail.com पर ईमेल करे … और पति ने लगा ली फांसी : पत्नी की मौत की जुदाई, पति को रास ना आई, वियोग में फांसी लगाई -

… और पति ने लगा ली फांसी : पत्नी की मौत की जुदाई, पति को रास ना आई, वियोग में फांसी लगाई

⚫ एक साथ होगा दोनों का अंतिम संस्कार

⚫ लॉकडाउन में हुई थी दोनों की शादी

⚫ बहु बेटे की मौत के बाद परिवार सदमे में

हरमुद्दा
शुजालपुर, 17 फरवरी। साथ जीने और मरने की कसमें तो सभी खाते हैं मगर हकीकत में ऐसा हो भी गया। बीमारी के चलते पत्नी की मौत क्या हुई। पति ने उसके वियोग के गम में फांसी लगाकर जान दे दी। बहु बेटे की मौत के बाद परिवार सदमे में है। शुक्रवार को दोनों का एक साथ अंतिम संस्कार होगा। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सिटी स्थित रायकनपुरा निवासी 21 वर्षीय संजना की बीमारी के चलते माैत हो गई थी। उसकी शादी वर्ष 2021 में लॉकडाउन के दौरान शुजालपुर सिटी रायकनपुरा निवासी लखन जाटव के साथ हुई थी। लखन मकान बनाने के मिस्त्री का काम करता था। बुधवार दोपहर को अचानक संजना की तबीयत बिगड़ी तो उसे सिटी स्थित सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां के उपचार से लाभ नहीं मिला तो शाजापुर जिला चिकित्सालय ले जाने की सलाह देकर रेफर कर किया।

परीक्षण के बाद पत्नी को कर दिया मृत घोषित

इस पर परिजन महिला को रात में कहां ले जाएंगे। यह सोचकर वह उसे घर ले गए, किंतु सुबह करीब चार बजे संजना की तबीयत और बिगड़ने लगी। इस पर उसे वापस सिटी अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टरों ने परीक्षण कर कर उसे मृत घोषित कर दिया।

परिवार सदमे में

पत्नी की मौत से पति लखन बदहवास हो गया। जीवनसाथी की मौत के गम में लखन ने अपने ही मकान की दूसरी मंजिल वाले कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। दोनों नगर पालिका के सरकारी क्वार्टर के पास बने निवास में अपने ही परिवार के अन्य लोगों के साथ रहते थे।

एक साथ होगा दोनों का अंतिम संस्कार

पुलिस थाना सिटी प्रभारी सौरभ शर्मा ने बताया कि मृतक लखन का छोटा भाई सुबह करीब छह बजे उठा तो उसने भाई को फंदे से झूलता पाया। पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को साैंपा जाएगा। शुक्रवार को दोनों का एक साथ अंतिम संस्कार होगा। आत्महत्या के मामले में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *