चुनिंदा स्कूलों को आधुनिक सुविधाएं करवाई जा रही है उपलब्ध

मिशन 1000 में चयनित एमएलबी स्कूल का कलेक्टर ने किया निरीक्षण
हरमुद्दा
रतलाम, 1 जनवरी। प्रदेश में मिशन 1000 के तहत शासकीय स्कूलों का चयन कर उनमें समस्त आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं सहयोग के द्वारा उपलब्ध कराई जा रही हैं। उल्लेखनीय है कि शासकीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने आर्थिक सहयोग किया है। इसके चलते स्कूल की अनेक समस्याओं का समाधान किया गया है। इससे विद्यार्थियों को काफी सुविधाएं मिलेगी।
रतलाम के शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई हाई सेकेंडरी स्कूल का भी चयन मिशन में किया गया है। इस स्कूल का निरीक्षण कलेक्टर रुचिका चौहान ने बुधवार को किया।
कर्मचारियों अधिकारियों ने दिया है आर्थिक सहयोग
स्कूल के लिए शासकीय अधिकारियों, कर्मचारियों से सहयोग राशि जुटाई जाकर विभिन्न अधोसंरचना कार्य तथा मरम्मत व अन्य कार्य किए जा रहे हैं। निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने आवश्यक दिशा-निर्देश उपस्थित सीईओ जिला पंचायत संदीप केरकेट्टा एवं जिला परियोजना समन्वयक अमर वरदानी व स्कूल प्राचार्य को दिए।
समस्याओं का हुआ है समाधान
स्कूल में वर्षा के दौरान पानी टपकने की समस्या थी, वाटर प्रूफिंग करके समस्या का निदान कर दिया गया है। स्कूल में फर्नीचर की बहुत कमी थी। इसके लिए लगभग 200 फर्नीचर का आर्डर कर दिया गया है जो शीघ्र स्कूल को प्राप्त होने वाला है। स्कूल में क्रीडा कक्ष तथा लाइब्रेरी स्थापित की जा रही है। इसके साथ ही फिजिक्स, केमेस्ट्री, बायोलॉजी तथा कंप्यूटर लैब भी आधुनिकतम रूप में स्थापित की जा रही है। कलेक्टर ने स्कूल परिसर का विस्तार से निरीक्षण करते हुए किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली