वेब पोर्टल हरमुद्दा डॉट कॉम में समाचार भेजने के लिए हमें harmudda@gmail.com पर ईमेल करे पुरुषार्थ से जीता जा सकता है कोरोना संकट को : आचार्यश्री विजयराजजी महाराज -

पुरुषार्थ से जीता जा सकता है कोरोना संकट को : आचार्यश्री विजयराजजी महाराज

1 min read

हरमुद्दा
रतलाम, 20 अप्रैल। भाग्य सब कुछ नहीं होता, स्वयं का पुरुषार्थ ही सबकुछ होता है। पुरुषार्थी जो प्राप्त करते है, वह उपलब्धि परक होता है। कोरोना के इस संकट काल में हर व्यक्ति को अपने पुरुषार्थ की महत्ता समझनी चाहिए। क्योंकि इस संकट को पुरुषार्थ से ही जीता जा सकता है। कायर और कमजोर मानसिकता वाले लोग ही भाग्य की बंद गली में घुसते है। वीर और ताकतवर लोग तो पुरुषार्थ का संकल्प लेकर चलते है, इसलिए उन्हें सफलता मिलती है।
यह बात शांत क्रांति संघ के नायक, जिनशासन गौरव, प्रज्ञानिधि, परम श्रद्वेय आचार्यप्रवर 1008 श्री विजयराजजी मसा ने कही। सिलावटों का वास स्थित नवकार भवन में विराजित आचार्यश्री ने धर्मानुरागियों को प्रसारित धर्म संदेश में कहा कि उत्तम स्वास्थ्य, प्रसन्नता, सामाजिक समरसता और आत्म शांति मानव जीवन की आवश्यकता भर नहीं है। ये सभी जीवन की उपलब्धियां है। हमे किसी भी उपलब्धि के लिए दूसरों के भरोसे नहीं रहना चाहिए और स्वयं प्रयत्न करना चाहिए। बिना श्रम के मिलने वाली उपलब्धि महान होने पर भी अभिशाप बन जाती है।

भाग्य को कोसने की बजाय करें पुरुषार्थ

उन्होंने कहा कि दूसरों से सबकुछ चाहना आज के मानव की प्रकृति और प्रवृत्ति बन गई है। वह स्वयं कुछ नहीं करना चाहता, जिससे वह मुखापेक्षी बन जाता है। उसे बुद्धि, विवेक, चिंतन और हिताहित को समझने की क्षमता मिली है, लेकिन वह इनका सम्यक उपयोग नहीं कर पा रहा है। इससे उसकी आवश्यकताओं की पूर्ति नहीं होती और वह अपने भाग्य को कोसता है। भाग्य को कोसने के बजाए पुरुषार्थ करना चाहिए। क्योंकि शांति, संतुष्टि, पवित्रता और आनंद जैसी जीवन की महान उपलब्धियां भी पुरुषार्थ की बदौलत ही प्राप्त होती है।

आसान नहीं है उपलब्धियों का रास्ता

आचार्यश्री ने कहा कि संसार की महत्वपूर्ण उपलब्धियों का इतिहास इस बात का साक्षी है कि अनेक प्रकार की मुसीबतों और बाधाओं को चीरकर ही इन्सान उपलब्धियों तक पंहुचता है। उपलब्धियों का मार्ग इतना आसान नहीं है, इसीलिए उनके लिए कर्मठता, जीवटता, लगनशीलता और सर्मपण का भाव रखना पड़ता है। चंचलता और मलीनता मन के ऐसे दोष है, जो हर उपलब्धि में अवरोधक बनते है। हमारे भीतर अनंत शक्ति है, तो उसका उपयोग करने में पीछे क्यों रहा जाए। यह सोच जिस दिन विकसित हो जाती है, उस दिन से व्यक्ति पुरूषार्थ की डगर पर चल पडता है। समस्याएं कितनी भी बड़ी क्यों ना हो, पुरूषार्थ के आगे वे बौनी हो जाती हैं।

IMG_20200302_083501

पुरुषार्थ के दीपक से होता है समाधान

उन्होंने कहा कि माना अंधकार घना है, लेकिन दीपक जलाना कहां मना है। पुरुषार्थ का दीपक समस्या के अंधकार का समाधान है। मन के हारे, हार है, तो मन के जीते जीत। इस सच्चाई को आज चरितार्थ करने की आवश्यकता है। इससे ही वांछित उपलब्धियों प्राप्त होगी। कोई भी उपलब्धि कभी आकाश से नहीं टपकती और ना ही भूमि फोडकर बाहर आती है। वे हमेशा पुरूषार्थ की ही देन होती है।

सर्वोच्च उपलब्धि है पुरुषार्थ

आचार्यश्री ने कहा कि अच्छे और बुरे भाग्य का निर्माण पुरुषार्थ ही करता है। सदियों से इन्सान भाग्य और पुरुषार्थ की उलझनमें उलझा रहता हैं, जबकि यह उलझन निरर्थक ही साबित होती है। हर उपलब्धि का मुख्य कारक व्यक्ति का उत्तम पुरूषार्थ होता है। लाभ-अलाभ, सुख-दुख, निंदा-प्रशंसा, मान-अपमान, जन्म-मरण, अनुकुलता-प्रतिकुलता में जितने भी द्वंद्व है, उनमें समान रहने का संकल्प और अभ्यास पुरुषार्थ से होता है। जीवन में इसे ही सर्वोच्च उपलब्धि माना गया है। उपलब्धियों का उन्माद पतन का मार्ग है। जबकि उपलब्धियों का आनंद उत्थान का मार्ग है। सच्चे साधक उन्माद से मुक्त होते है, इसलिए उनके जीवन में उपलब्धियों का खजाना बढता जाता है। प्रदर्शन का भाव ना रखकर उपलब्धियों का स्वाद चखा जाए, तो वे असीम सुख और आनंद की अनुभुति देती है। कोरोना के इस संकट काल में पुरुषार्थ के इस मार्ग पर चलते रहे, तो एक दिन इस संकट को खत्म करने की उपलब्धि मिल जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *