वेब पोर्टल हरमुद्दा डॉट कॉम में समाचार भेजने के लिए हमें harmudda@gmail.com पर ईमेल करे खगोलीय घटना : दो अद्भुत खगोलीय घटना का नजारा देखने को मिलेगा बुधवार की रात आकाश में, चंद्रमा के नीचे नजर आएंगे शनि -

खगोलीय घटना : दो अद्भुत खगोलीय घटना का नजारा देखने को मिलेगा बुधवार की रात आकाश में, चंद्रमा के नीचे नजर आएंगे शनि

1 min read

पहली घटना होगी ब्लू मून की

दूसरी में नजर आएगी चन्द्र- शनि युति

इस कारण होता है ब्लू मून

हरमुद्दा
उज्जैन, 30 अगस्त। बुधवार 30 अगस्त की रात्रि को दो खगोलीय घटनाएँ होने जा रहीं हैं। पहले खगोलीय घटना के तहत रात को आकाश में ब्लू मून का नजारा दिखेगा वही दूसरी घटना में चंद्र शनि की युति नजर आएगी। यानी कि चंद्रमा के नीचे शनि ग्रह के भी दर्शन होंगे।

जीवाजी वेधशाला उज्जैन के अधीक्षक डॉक्टर राजेंद्र गुप्त ने बताया कि पहली खगोलीय घटना के अन्तर्गत 30 अगस्त की रात्रि के पूर्णिमा के चांद को ब्लू मून रहेगा।

एक माह में होती है जब दो पूर्णिमा तो

डॉ. गुप्त ने बताया कि जब एक माह में दो पूर्णिमा होती हैं तो दूसरी पूर्णिमा के चांद को ब्लू मून कहते हैं। अगस्त माह में पूर्णिमा 01 अगस्त 2023 एवं 30 अगस्त 2023 को हुई। इस कारण 30 अगस्त की पूर्णिमा के चांद को ब्लू मून कहा जाएगा। यहां यह स्पष्ट करना आवश्यक है कि ब्लू मून की स्थिति में चन्द्रमा का रंग नीला नहीं होता है। चन्द्रमा मौसम के अनुसार पूर्णिमा की पूर्ण आभा के साथ चमकदार दिखाई देता है। 30 अगस्त 2023 की पूर्णिमा को चन्द्रमा पृथ्वी के पास की स्थिति में होने के कारण चन्द्रमा का आकार तुलनात्मक रूप से बड़ा एवं चमक भी अधिक दृष्टिगोचर होगी।

बिना बादल के आकाश में नजर आएगा अद्भुत संयोग

डॉ. गुप्त ने बताया कि दूसरी खगोलीय घटना के अन्तर्गत चन्द्रमा की शनि ग्रह के साथ युति होना है। युति से आशय है कि पास-पास होना सायन गणना के अनुसार 30 अगस्त 2023 को चन्द्रमा कुम्भ राशि में 29 अंश 20 कला पर होगें तथा शनिग्रह मीन राशि में 3 अंश 37 कला पर होंगे। इस प्रकार दोनों खगोलीय पिण्ड कोणात्मक रूप से 4 अंश 17 कला की दूरी पर होगे जिसके कारण हमको चन्द्रमा एवं शनि ग्रह पास पास दिखाई देंगे। आकाश बादल रहित होने की स्थिति में आप चन्द्रमा के नीचे की ओर शनि ग्रह को चमकता हुआ देख सकते हैं।

अपने घर की छत पर देख सकेंगे नजारा

इन दोनों खगोलीय घटनाओं को देखने के लिए टेलिस्कोप की आवश्यकता नहीं होगी। आप अपने घर से ही इसे अच्छी प्रकार से देख सकते हैं। सूर्यास्त के बाद पूर्णिमा का चन्द्रमा पूर्व दिशा से उदय होता हुआ दिखाई देगा तथा कुछ समय बाद उसके नीचे आप शनि ग्रह को देख सकते हैं। बादलों की स्थिति के कारण वेधशाला में दिखाने की व्यवस्था नहीं रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *