वेब पोर्टल हरमुद्दा डॉट कॉम में समाचार भेजने के लिए हमें harmudda@gmail.com पर ईमेल करे चुनाव गतिविधि : मध्य प्रदेश में राहुल गांधी ने कहा - एक तरफ कांग्रेस है तो दूसरी तरफ भाजपा और आरएसएस, मध्य प्रदेश में किसान, युवा नफरत करने लगा इनसे, भाजपा वालों ने धोखा देकर सरकार चुरा ली -

चुनाव गतिविधि : मध्य प्रदेश में राहुल गांधी ने कहा – एक तरफ कांग्रेस है तो दूसरी तरफ भाजपा और आरएसएस, मध्य प्रदेश में किसान, युवा नफरत करने लगा इनसे, भाजपा वालों ने धोखा देकर सरकार चुरा ली

1 min read

मध्य प्रदेश में 370 किलोमीटर यात्रा चली

चुनाव के लिए प्रचार अभियान का आगाज

शिवराज की झूठ बोलने की मशीन चल रही डबल स्पीड से, पंचायत से मंत्रालय तक 50% कमिशन का मिशन : पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा

कांग्रेस के उम्मीदवार चटाएंगे धूल, संजय शुक्ला देंगे विजयवर्गीय को पटखनी : शोभा ओझा

मालवा की सीटों पर डालेंगे असर

हरमुद्दा
शाजापुर 30 सितंबर। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले के पोलायकला में कहा कि मध्य प्रदेश हिंदुस्तान में भ्रष्टाचार का एपिसेंटर है। जितना भ्रष्टाचार बीजेपी के लोगों ने मध्य प्रदेश में किया है, पूरे देश में नहीं किया है। बच्चों के फंड्स, मिड-डे मील के फंड्स, स्कूल यूनीफॉर्म के फंड्स चोरी किए। महाकाल कॉरिडोर में बीजेपी ने पैसा चोरी किया। व्यापमं स्कैम को आप सब जानते हैं। एक करोड़ युवाओं को नुकसान पहुंचाया। सीट्स बेची जाती है। पेपर लीक किए जाते हैं। यह इनका राज है। एक तरफ कांग्रेस है और दूसरी तरफ भाजपा और आरएसएस। मध्य प्रदेश में किसान, युवा इनसे नफरत करने लगा है। इन लोगों ने जो जनता के साथ किया, वह अब जनता उनके साथ कर रही है।

इस वजह से हमने यह सात जन आक्रोश यात्राएं मध्य प्रदेश में निकाली हैं। इससे पहले कन्याकुमारी से कश्मीर तक चले थे। मध्य प्रदेश में लगभग 370 किमी हमारी यात्रा चली थी।

बीजेपी वालों ने धोखा देखा सरकार चुरा ली

राहुल ने कहा कि आप किसान हैं। आप लोग यहां सोयाबीन उगाते हैं। किसानों ने हमें बताया कि सरकार यहां उचित दाम नहीं देती है। छत्तीसगढ़ में किसानों से पूछिए तो पता चलेगा कि धान के लिए हम किसानों को कितना पैसा देते हैं। हमने हर वायदा पूरा किया। मध्य प्रदेश, कर्नाटक, छत्तीसगढ़ समेत हर राज्य में किसानों की कर्ज माफी की थी। कमलनाथ जी किसानों का कर्ज माफ कर रहे थे। यहां बीजेपी वालों ने आपको धोखा देकर सरकार चुरा ली। पिछले 18 साल में यहां 18 हजार किसानों ने आत्महत्या की है। हर रोज तीन किसान यहां मरते हैं। यहां इनकी सरकार है। यह लोग चुने हुए लोगों के लिए काम करते हैं।

किसान टैक्स दे रहा है हिंदुस्तान में

राहुल ने कहा हिंदुस्तान के इतिहास में पहली बार किसान टैक्स दे रह है। इन्होंने किसानों को दबाने, खत्म करने के काले कानून लाए। हिंदुस्तान के सारे किसान एकजुट होकर इनके खिलाफ खड़े हो गए। नरेंद्र मोदी जी कहते हैं कि किसानों के फायदे के लिए यह कानून लाए हैं। जब उनके फायदे का है तो किसान सड़क पर क्यों उतरे हैं। नरेंद्र मोदी कहना चाहते थे कि किसानों को कोई समझ नहीं है। हिंदुस्तान के दो-तीन अरबपति, अदाणी जी किसान को फायदा पहुंचाने के लिए काम करते हैं। आप कर्नाटक, राजस्थान, छत्तीसगढ़, हिमाचल जाइए, वहां हमारी सरकारें गरीबों के लिए काम करती है। कर्नाटक में हमने किसानों, महिलाओं, गरीबों के लिए पांच गारंटी दी। कर्नाटक की महिलाएं बस में जाने के लिए एक रुपया नहीं देती है। कहीं भी जाना हो, फ्री में जाती हैं। हर महीने उनके बैंक खातों में सरकार सीधे पैसा देती है। छत्तीसगढ़ में किसानों का कर्ज माफ किया। किसानों को सही दाम दिलवाते हैं। राजस्थान में मुफ्त में दवा मिलती है। 15 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज होता है। हार्ट सर्जरी करानी हो तो वह फ्री में होती है। सरकार जनता के लिए होनी चाहिए, किसी संगठन या एक-दो उद्योगपतियों के लिए नहीं चलनी चाहिए। ऐसी ही सरकार हम यहां मध्य प्रदेश में चलाना चाहते हैं।

अदाणी से बड़ी है सच्चाई

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि मैंने संसद में जैसे ही अदाणी जी की बात शुरू की। वैसे ही मेरी लोकसभा सदस्यता खत्म कर दी। आप सोचिए, अदाणी की रक्षा करने के लिए एकदम मेरी लोकसभा की सदस्यता को कैंसल कर दिया। मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता। मैं सच्चाई बोलता हूं। देश के सामने अदाणी जी एक सच्चाई है। पोर्ट्स देख लीजिए, एयरपोर्ट्स देख लीजिए, इंफ्रास्ट्रक्चर देख लीजिए, हर जगह आपको अदाणी जी दिखाई देंगे। अदाणी जी किसानों की जेब से रोज आपका पैसा निकालते हैं। इंफ्रास्ट्रक्चर, डीजल, फर्टिलाइजर में आपका पैसा निकलता है और इन दो उद्योगपतियों के पास जाता है। मीडिया वालों की बात की। वह लोग मोदी जी का चेहरा 24 घंटे दिखाएंगे। हमें नहीं दिखाएंगे। ऐस क्यों? इनका रिमोट कंट्रोल अदाणी जी के हाथ में है। सच्चाई अदाणी जी से बड़ी है।

कानून भाजपा के एमएलए-एमपी नहीं, आरएसएस वाले और अफसर बनाते

राहुल ने महिला आरक्षण के मुद्दे पर भी मोदी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले भाजपा ने महिला आरक्षण की बात की। हमने एक सवाल उठाया। भाजपा ने कोई जवाब नहीं दिया। हमने पहले कहा कि महिला आरक्षण अच्छा है लेकिन इसमें आपने दो छोटी लाइनें लिख रखी है। इन्हें मिटाइए। एक लाइन थी- महिला आरक्षण से पहले सर्वे करने की जरूरत है। दूसरी लाइन थी- महिला आरक्षण करने से पहले हमें जो परिसीमन करना है। इससे महिला आरक्षण दस साल बाद होगा। आज नहीं होगा। हमने कहा कि यह दो लाइन बदलिए। हमने सवाल पूछा कि महिला आरक्षण में ओबीसी आरक्षण क्यों नहीं है? नरेंद्र मोदी जी आप कहते हैं कि आप ओबीसी नेता हैं। ओबीसी के लिए काम करते हैं। आपने महिला आरक्षण में ओबीसी आरक्षण क्यों नहीं किया? आंकड़ों ने मुझे हैरान कर दिया। नरेंद्र मोदी कहते हैं कि बीजेपी में ओबीसी के विधायक और सांसद है। सबसे पहले कांग्रेस की चार सरकारें हैं और इसमें तीन मुख्यमंत्री ओबीसी है। दूसरी बात, संसद या विधानसभा में जाकर भाजपा के सांसद-विधायक से पूछ लीजिए कि कानून बनाते समय क्या आपसे पूछा जाता है क्या?  कानून भाजपा के एमएलए-एमपी नहीं, आरएसएस वाले और अफसर बनाते हैं।

शिवराज की झूठ बोलने की मशीन चल रही डबल स्पीड से : पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा

पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि चुनावी बेला में शिवराज सिंह चौहान की झूठ की और घोषणा की मशीन डबल स्पीड पर चल रही है। यह आपके सामने तस्वीर है। यह लोग यात्रा निकाल रहे हैं। इन्होंने पंचायत से मंत्रालय तक 50 प्रतिशत कमीशन की मशीन चलाई है। उन्हें तो रेट कार्ड की यात्रा निकालना चाहिए। भाजपा का समय आ गया है। मध्य प्रदेश के मतदाताओं ने तय कर लिया है कि शिवराज सिहं को प्यार से रवाना करेंगे। भाजपा के पास सिर्फ पुलिस, पैसा और प्रशासन है। याद रखियेगा कि कल के बाद परसो भी आता है। मुझे पूरा विश्वास है कि यह चुनाव दो महीने में हमारे सामने है। यह उम्मीदवार या पार्टी का चुनाव नहीं है। यह मध्य प्रदेश के भविष्य का चुनाव है। आप सब लोग सच्चाई का साथ देंगे।

भाजपा अपनाएगी हथकंडा, करेगी भ्रमित : शोभा ओझा

कांग्रेस नैत्री शोभा ओझा

कांग्रेस नेता शोभा ओझा ने पोलायकलां में जनसभा की शुरुआत करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश में अंधेर नगरी चौपट राजा है। नवंबर में चुनाव होंगे। कमर कस लीजिए। भाजपा हर तरह का हथकंडा अपनाएगी और भ्रमित करेगी। लोगों को गुमराह करने के लिए प्रयास कर सकते हैं। सात सांसदों को चुनावों में उतारा है। इससे कोई फायदा नहीं होने वाला। उन्हें डर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह से कहना चाहती हूं कि आप भी चुनाव लड़ लीजिए। कांग्रेस के विधायक और उम्मीदवार आपको भी धूल चटा देंगे। इंदौर में संजय शुक्ला के सामने कैलाश विजयवर्गीय को उतारा है। मैं दावे के साथ कहती हूं कि संजय शुक्ला निश्चित तौर पर कैलाश विजयवर्गीय को पटखनी देंगे।

इंदौर एयरपोर्ट पर किया स्वागत

राहुल गांधी शनिवार सुबह इंदौर एयरपोर्ट पहुंचे। वहां प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ और कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला समेत अन्य नेताओं ने राहुल गांधी का स्वागत किया। वहां से हेलिकॉप्टर में बैठकर ही शाजापुर के लिए रवाना हो गए। वे सीधे पोलायकलां पहुंचेंगे, जहां जन आक्रोश यात्रा को संबोधित करेंगे। इस दौरान वे उज्जैन दुष्कर्म और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर राज्य सरकार को घेरेंगे।

मालवा की सीटों पर डालेंगे असर

शाजापुर के पोलायकलां की सभा से राहुल गांधी न केवल मध्य प्रदेश के चुनाव अभियान का आगाज किया, बल्कि उनका फोकस मालवा-निमाड़ की सीटों पर रहा। 2018 के चुनावों में कांग्रेस को सत्ता तक पहुंचाने में इस इलाके में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इसके अलावा राहुल गांधी ने जब भारत जोड़ो यात्रा निकाली थी, तब वे मध्य प्रदेश के इसी इलाके में सबसे अधिक पैदल चले थे।  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *