आईएएस के स्थानांतरण : जेएन कंसोटिया और विनोद कुमार को मंत्रालय से दिखाया बाहर का रास्ता

सुदाम खाड़े को बनाया फिर से जनसंपर्क आयुक्त
अशोक बर्णवाल को भी फिर से भेजा वन विभाग में
संजय गोयल स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव नियुक्त
हरमुद्दा
भोपाल, 28 जून। मुख्यमंत्री ने देर रात 14 आईएएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। इसमें दो अपर मुख्य सचिव जेएन कंसोटिया और विनोद कुमार को मंत्रालय से बाहर भेजा गया है। कंसोटिया अब महानिदेशक प्रशासन अकादमी और विनोद कुमार को संचालक आदिम जाति अनुसंधान एवं विकास संस्थान होंगे। दोनों 1989 बैच के अधिकारी हैं।

अपर मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल को एक बार फिर वन विभाग में पदस्थ किया है। वह अभी कृषि विभाग का दायित्व संभाल रहे हैं। एक अन्य महत्वपूर्ण परिवर्तन जनसंपर्क विभाग में किया गया है। डॉ. सुदाम पंढरीनाथ खाड़े एक बार फिर आयुक्त जनसंपर्क होंगे।

देर रात को हुआ तबादले पर अनुमोदन
मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव वीरा राणा के साथ विचार विमर्श करने के बाद देर रात तबादला प्रस्ताव का अनुमोदन किया। अपर मुख्य सचिव विनोद कुमार महानिदेशक प्रशासन अकादमी के साथ मंत्रालय में कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग का अतिरिक्त प्रभार देख रहे थे।
रश्मि अरुण शमी को भी नए दायित्व
लगभग साढ़े पांच वर्ष से स्कूल शिक्षा विभाग का दायित्व संभाल रहीं प्रमुख सचिव रश्मि अरुण शमी को खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के साथ आनंद विभाग का अतिरिक्त विभाग दिया है। वे पूर्व की तरह विशेष आयुक्त (समन्वय) मध्य प्रदेश भवन की जिम्मेदारी निभाती रहेंगी।



