वेब पोर्टल हरमुद्दा डॉट कॉम में समाचार भेजने के लिए हमें harmudda@gmail.com पर ईमेल करे पर्यटन और निवेश के क्षेत्र में मध्यप्रदेश को बनाया जाएगा देश का अग्रणी प्रदेश -

पर्यटन और निवेश के क्षेत्र में मध्यप्रदेश को बनाया जाएगा देश का अग्रणी प्रदेश

1 min read

🔳 मुख्यमंत्री कमल नाथ ने किया रॉयल कुसिंज़ फूड फेस्टिवल का उद्घाटन

हरमुद्दा
भोपाल। मुख्यमंत्री कमल नाथ ने कहा है कि पर्यटन और निवेश के क्षेत्र में मध्यप्रदेश को देश का अग्रणी प्रदेश बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री मिंटो हॉल में शासकीय तौर पर प्रदेश में पहली बार राजसी घरानों में प्रचलित उत्कृष्ट व्यंजनों पर केन्द्रित रॉयल कुसिंज़ फूड फेस्टिवल का उद्घाटन कर रहे थे। कार्यक्रम में आदिम जाति कल्याण मंत्री ओंकार सिंह मरकाम एवं सांसद नकुल नाथ उपस्थित थे।

आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देना राज्य शासन का उद्देश्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस फेस्टिवल के जरिए प्रदेश में पर्यटन के साथ आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देना राज्य शासन का उद्देश्य है। आज आवश्यकता इस बात की है कि मध्यप्रदेश की प्रोफाईल में बदलाव लाए जाएं। आज हमारे प्रदेश में अपार संभावनाएँ है, लेकिन उसके अनुरूप अपेक्षित विकास न होने के कारण हम अपनी उपलब्ध सम्पदा का यहाँ के नागरिकों और प्रदेश को लाभ नहीं दिला पाए।

पर्यटन से आएगा रोजगार और समृद्धि

मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन एक ऐसा क्षेत्र है, जिससे न केवल आर्थिक समृद्धि आएगी बल्कि रोजगार के भी व्यापक अवसर निर्मित होंगे। राजस्थान की समृद्धि में पर्यटन का महत्वपूर्ण योगदान है। उसके मुकाबले मध्यप्रदेश कहीं भी कम नहीं है लेकिन हम अपनी ब्राडिंग नहीं कर पाए।

टाइगर स्टेट है मध्य प्रदेश

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश टाईगर स्टेट है। हमारे पास कान्हा, बांधवगढ़ जैसे नेशनल पार्क हैं, लेकिन पर्यटन के नक्शे में रणथम्भोर और जिम कॉर्बेट का ही जिक्र है। हमें अपने पर्यटन स्थलों की ब्रांडिंग करना होगी, तभी हम इसका लाभ प्रदेश को दिला सकेंगे।

देश के बड़े-बड़े शहरों में भी हो ऐसे आयोजन

मुख्यमंत्री ने रॉयल कुसिंज़ फूड फेस्टिवल को सराहनीय पहल बताते हुए कहा कि हमें इस तरह के आयोजन न केवल प्रदेश में बल्कि देश के दिल्ली, मुम्बई, बैंगलुरु और अमृतसर जैसे बड़े शहरों में भी करना चाहिए। इससे मध्यप्रदेश की एक अलग पहचान बनेगी। खाना बनाना न केवल एक कला है बल्कि शिल्प भी है। हमारे प्रदेश के राजघरानों में इसकी बेहतर परम्पराएँ हैं। उनका उपयोग और उनकी लांचिंग करके हम प्रदेश के पर्यटन को एक नई ऊँचाई दे पाएंगे।

फूड फेस्टिवल की अभिनव पहल : पर्यटन मंत्री

पर्यटन मंत्री बघेल ने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा है कि प्रदेश में पर्यटन के क्षेत्र में निवेश हो और हम अपनी पर्यटन सम्पदा की राष्ट्रीय पहचान बनाएं। इसलिए पर्यटन विभाग ने रॉयल कुसिंज फूड फेस्टिवल की अभिनव पहल की है। इस अनूठे आयोजन के जरिए हमने प्रदेश के राजघरानों में प्रचलित सभी प्रकार के व्यंजनों को लोगों तक पहुँचाने का प्रयास शुरू किया है। इसके जरिए हम राष्ट्रीय स्तर पर भी प्रदेश की पर्यटन गतिविधियों को रेखांकित करेंगे। मुख्यमंत्री प्रदेश के ऐसे पर्यटन स्थलों को प्रोत्साहित कर रहे हैं, जिनमें पर्यटकों का आना सुनिश्चित है। ओरछा, बुंदेलखण्ड और माण्डव महोत्सव को इसी दृष्टि से भव्यता के साथ प्रस्तुत करने का प्रयास किया जा रहा है।

राजघरानों के खाने की भव्य और शानदार परम्पराएँ: शेफ

पंजाब से आए सेलेब्रिटी शेफ हरपाल सिंह ने कहा कि उनका मध्यप्रदेश से पुराना रिश्ता है। वे यहाँ एक विंटेज होटल में शेफ के तौर पर काम कर चुके हैं। उस होटल में होलकर घराने के रिचर्ड होलकर और सुश्री शालिनी होलकर खाना खाने आते थे। सुश्री शालिनी होलकर ने उन्हें कुकिंग की एक पुस्तक भेंट की थी, जो उनके लिए बाईबल के समान है। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश में राजघरानों के खाने की भव्य और शानदार परम्पराएँ हैं। आवश्यकता इस बात की है कि इन्हें राष्ट्रीय स्तर पर रेखांकित किया जाए। उन्होंने कहा कि रॉयल कुसिंज़ फूड फेस्टिवल एक अच्छी पहल है। इससे मध्यप्रदेश की अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनेगी।

प्राकृतिक सौंदर्य में केरल के बाद मध्य प्रदेश : पत्रकार

वरिष्ठ पत्रकार अवनीश जैन ने कहा कि मध्यप्रदेश पर्यटन क्षमताओं और संभावनाओं से परिपूर्ण है। केरल के बाद मध्यप्रदेश प्राकृतिक सौन्दर्य के मामले में सबसे समृद्ध प्रदेश है। उन्होंने फूड फेस्टिवल आयोजन के उद्देश्यों की सराहना की।

यह हुए शामिल

पर्यटन सचिव फैज अहमद किदवई ने रॉयल कुसिंज़ फूड फेस्टिवल के उद्देश्य और रूपरेखा की जानकारी दी। फेस्टिवल में मध्यप्रदेश के भोपाल, सैलाना, रीवा, नरसिंहगढ़, झाबुआ, कुरवई, होलकर, जौरा एवं गढ़ा राजघरानों के प्रतिनिधि पुष्पराज सिंह, रवि रानावत, रनवीर सिंह, नवाब जफर अली खान और भारत सिंह शामिल हुए।

यह थे मौजूद

कार्यक्रम में देश के प्रसिद्ध शेफ रिचर्ड ग्रहम, वासुदेव रतनानी एवं गिनीज वर्ल्ड रिकार्ड में दर्ज मध्यप्रदेश की लता टंडन और ब्लॉगर्स शैलेन्द्र एस. जग्गी, रविकांत रेड्डी एवं मरियम एच. रेशी और दरीना एलेन मौजूद थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *