वेब पोर्टल हरमुद्दा डॉट कॉम में समाचार भेजने के लिए हमें harmudda@gmail.com पर ईमेल करे और बन गया मौत का कुआं : एक बालक को बचाने में जुटी भीड़ कुएं में डूबी, कई लोगों की मौत, गांव में फैला मातम, मुख्यमंत्री ने जताया शोक -

और बन गया मौत का कुआं : एक बालक को बचाने में जुटी भीड़ कुएं में डूबी, कई लोगों की मौत, गांव में फैला मातम, मुख्यमंत्री ने जताया शोक

1 min read

 मौके पर रात भर रहे प्रभारी मंत्री विश्वास सारंग

 मुख्यमंत्री ने किया मृतक के परिजनों को ₹5 लाख देने का ऐलान

 घायलों को दिए जाएंगे 50,000

 एनडीआरएफ की टीम ने फिर शुरू किया बचाव कार्य

हरमुद्दा
विदिशा, 16 जुलाई। मध्‍य प्रदेश के विदिशा जिले की गंजबासौदा तहसील के लाल पठार गांव में गुरुवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया। गांव के संदीप परिहार नामक बच्चे की कुएं में गिरने की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण उसे निकालने के लिए कुएं की छत पर खड़े हो गए, जिससे कुएं की छत भरभरा कर गिर गई और 25 से अधिक लोग कुएं में गिर गए। आनन-फानन गांव के अन्य लोगों द्वारा शुरू किए गए बचाव कार्य के बावजूद रात डेढ़ बजे तक 19 लोगों को अस्‍पताल भिजवा दिया गया था। देर रात तक कुएं का पानी निकालने की कवायद की गई। कुएं के पास से जेसीबी की मदद से नाली खोदी गई है। सीएम शिवराज ने हादसे पर शोक जताते हुए मृतकों के परिजनो को 5 लाख और घायलों को 50 हजार की सहायता की घोषणा की। मौके पर रात भर प्रभारी मंत्री विश्वास सारंग भी रहे।

जिले की गंजबासौदा तहसील के गांव लाल पठार में सुबह तक कुएं से 4 लोगों के शव निकाले जा चुके हैं। वही ग्रामीणों ने घर-घर पता कर 11 लोगों की जानकारी जुटाई है जो रात को घर नही पहुंचे। जिसमें एक दस साल का बालक भी बताया गया है। सुबह एक घण्टे के बाद एनडीआरएफ की टीम ने फिर बचाव कार्य शुरू कर दिया है। गांव में मातम फैला हुआ है, वहीं कुएं के आसपास पुलिस और अधिकारियों का जमावड़ा है। उल्लेखनीय है कि गुरुवार की शाम लाल पठार गांव में स्थित कुएं में एक बालक के गिर जाने के बाद करीब 50 लोग कुए पर पहुंचे थे। कुएं की छत पर 25 से अधिक लोग खड़े थे।

रात को निकाले तीन शव, एक सुबह निकाला

रात डेढ़ बजे कुएं का दस फीट पानी बाहर निकालने के बाद एनडीआरएफ की टीम कुएं में उतरी। कुएं में अब भी करीब 10 फीट पानी बचा है। कुए में गिरा ट्रैक्टर निकाल लिया गया। रात को कुएं से तीन शव निकाले गए, वहीं चौथा शव आज शुक्रवार को सुबह निकाला गया। सुबह 8 बजे एनडीआरएफ की टीम ने एक घण्टे का ब्रेक लिया। इसके बाद फिर बचाव कार्य शुरू हो गया है। ग्रामीणों ने घर घर जाकर सर्वे किया है, जिसमे मृतकों को छोड़कर 11 लोगों की जानकारी जुटाई है, जो लापता हैं।

जिम्मेदारों ने किया रतजगा

हालांकि प्रशासन ने इस सूची की पुष्टि नहीं की है। पूरी रात बचाव दल और अधिकारियों के अलावा ग्रामीणों ने भी जागकर ही काटी। हर शव मिलने के बाद उनके स्वजनों की चीखें गूंजने लगी। मौके पर रात भर प्रभारी मंत्री विश्वास सारंग भी रहे। वे सुबह करीब 8 बजे भोपाल के लिए रवाना हुए। अभी मौके पर कमिश्नर कवींद्र कियावत, एडीजी ए साई मनोहर, कलेक्टर डॉ. पंकज जैन, एसपी विनायक वर्मा मौजूद हैं।

किसी के बचने की संभावना मुश्किल

कमिश्‍नर कवींद्र कियावत के साथ ही पुलिस महानिरीक्षक साई मनोहर भी मौके पर पहुंच गए थे। यह कोई भी आधिकारिक तौर पर बताने को तैयार नहीं है कि कुएं के पास कितने लोग जमा थे और कितने लोग कुएं में गिर गए। अब तक चार शव मौके से निकाले गए हैं। प्रतिनिधि के अनुसार करीब एक दर्जन लोग हो सकते हैं अंदर मलबे में अभी, किसी के बचने की संभावना अब मुश्किल।

ट्वीट कर जताया शोक

सीएम शिवराज ने मामले की जांच के आदेश देते हुए प्रभावितों को हर संभव मदद की बात कही है। केंद्रीय मंत्री ज्‍योतिरादित्‍य सिंध‍िया और पूर्व सीएम कमल नाथ ने भी घटना पर ट्वीट कर शोक जताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed