वेब पोर्टल हरमुद्दा डॉट कॉम में समाचार भेजने के लिए हमें harmudda@gmail.com पर ईमेल करे सुविधा का सफर : 5722 करोड़ की 534 कि.मी. लम्बी सड़क परियोजना का शिलान्यास किया केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने -

सुविधा का सफर : 5722 करोड़ की 534 कि.मी. लम्बी सड़क परियोजना का शिलान्यास किया केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने

1 min read

 5 वर्ष के अन्दर म.प्र. का रोड स्ट्रक्चर होगा अमेरिका के समान

 उज्जैन से झालावाड़ सड़क 50 कि.मी. तक फोरलेन होगी : केन्द्रीय मंत्री गडकरी

 मुख्यमंत्री ने की नर्मदा एक्सप्रेस-वे की स्वीकृति देने की मांग

हरमुद्दा
उज्जैन 24 फरवरी। केन्द्रीय भूतल परिवहन एवं राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के मुख्य आतिथ्य एवं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में मालवा अंचल को बड़ी सौगात देते हुए मकोड़ियाआम में आयोजित कार्यक्रम में 5722 करोड़ रुपये की लागत की 11 विभिन्न सड़कों का शिलान्यास किया। इनमें उज्जैन-देवास फोरलेन चौड़ीकरण लम्बाई 41 किलो मीटर, उज्जैन-झालावाड़ टूलेन पेव्ड शोल्डर के साथ सड़क 134 किलो मीटर, उज्जैन-बदनावर फोरलेन 69 किलो मीटर, जीरापुर-सुसनेर मप्र राज्य सीमा तक टूलेन 46 किलो मीटर, उज्जैन-गरोंठ पैकेज-1 फोरलेन 42 किलो मीटर, उज्जैन गरोंठ फोरलेन पैकेज-248 किलो मीटर, उज्जैन-गरोंठ पैकेज-3 46 किलो मीटर, सीआईआरएफ अन्तर्गत बही-बालागुढ़ा-अंबाव-कनघट्टी-उगरान मार्ग 25 किलो मीटर, बरोठा-सेमल्या-चाऊ 18 किलो मीटर, भादवा माता-सरवानिया महाराज-जावद-अठाना-चडोल मार्ग 48 किलो मीटर, जवासियापंथ-फतेहाबाद चंद्रावतीगंज 17 किलो मीटर शामिल है।

शिलान्यास करते हुए अतिथि

वर्ष 2024 तक म.प्र. की सड़कें अमेरिका की तरह होंगी : गडकरी

केन्द्रीय भूतल परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि पहले मध्यप्रदेश बीमारू राज्य था, लेकिन मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में मध्य प्रदेश अब प्रगतिशील राज्य की श्रेणी में आ गया है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश का बेहतरीन विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि हम पांच वर्ष के अन्दर मध्य प्रदेश का रोड स्ट्रक्चर अमेरिका के समान बना देंगे। साथ ही 2024 तक भारत के रोड स्ट्रक्चर को अमेरिका की तरह बनाने का प्रयास करेंगे।

विस्तारीकरण कार्य मुझे बेहद प्रसन्नता

केन्द्रीय भूतल परिवहन मंत्री श्री गडकरी ने कहा कि उज्जैन में हो रहे महाकाल विस्तारीकरण का कार्य से मुझे बहुत प्रसन्नता हो रही है। मुख्यमंत्री द्वारा किया जा रहा। यह कार्य निश्चित रूप से यहां आने वाले श्रद्धालुओं को अलौकिक अनुभव प्रदान करेगा। भूतल परिवहन मंत्रालय देश में 20 रोड कम एयर स्ट्रीप बना रहा है। उज्जैन में भी इस तरह के प्रस्ताव भेजने पर स्वीकृति दी जायेगी। महाकाल आने वाले श्रद्धालुओं को इन्दौर आने की आवश्यकता नहीं होगी, अपितु उज्जैन में ही एयर बेस बनायेंगे। साथ ही उन्होंने उपलब्धता होने पर पानी पर चलने वाले प्लेन की सेवाएं भी उज्जैन संभाग में देने की बात कही।

उज्जैन-झालावाड़ मार्ग 50 कि.मी. तक होगा फोरलेन

सांसद अनिल फिरोजिया की मांग पर उन्होंने उज्जैन से झालावाड़ रोड जो टूलेन बननी है, उसमें 50 किलो मीटर तक की रोड फोरलेन बनाने की स्वीकृति प्रदान की। उज्जैन शहर में हवा से चलने वाली बस एवं बसपोर्ट का निर्माण किया जायेगा, जिससे धार्मिक नगरी में आने वाले श्रद्धालुओं को इसका लाभ मिलेगा। लोक निर्माण विभाग को इस आशय का प्रस्ताव भेजने के लिये कहा। जावरा-उज्जैन टूलेन टोल मार्ग के बारे में केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि मार्ग पर पुराने टोल की समस्या दूर कर राज्य शासन प्रस्ताव भेजेगा तो नई सड़क निर्माण की स्वीकृति प्रदान कर दी जायेगी। इन्दौर-पीथमपुर-उज्जैन मार्ग का प्रस्ताव प्राप्त होने पर स्वीकृति प्रदान की जायेगी।

देवास-उज्जैन फोरलेन आएगा शहर तक

देवास-उज्जैन फोरलेन को शहर तक लाने के लिये केन्द्रीय भूतल परिवहन मंत्रालय तैयार है। राज्य सरकार को जमीन अधिग्रहित करके देना होगी। नर्मदा एक्सप्रेस-वे का पूरा प्रोजेक्ट लेकर राज्य सरकार आती है तो इसकी स्वीकृति पर चर्चा की जायेगी। उज्जैन के आसपास इन्दौर व गरोंठ मार्ग के निकट शासकीय जमीन चिन्हित कर यदि प्रदान की जाती है तो यहां पर लॉजिस्टिक पार्क बनाया जायेगा। प्रदेश के विभिन्न शहरों में बायपास मार्ग के लिये प्रस्ताव आने पर 400 से 600 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी जायेगी।

आरओबी के प्रस्ताव होंगे मंजूर

केन्द्रीय मंत्री श्री गडकरी ने बताया कि इस बार सीआरएफ फण्ड में 1600 करोड़ रुपये हमें ज्यादा मिले हैं, इसलिये इस बार 10 हजार करोड़ रुपये से बहुत सारे रेलवे ओवर ब्रिज बना दिये जायेंगे। श्री गडकरी ने कहा कि इसके लिये भी मध्य प्रदेश सरकार जहां-जहां आरओबी बनना है, उसके प्रस्ताव भेजे। केन्द्रीय मंत्री श्री गडकरी ने कहा कि जैसे-जैसे राष्ट्रीय राजमार्गों का विकास हुआ है, वैसे-वैसे ही शहरों के बीच दूरियां घट गई है। अब दिल्ली से मुम्बई सड़क मार्ग से सिर्फ 12 घंटे में पहुंचा जा सकेगा। दिल्ली से देहरादून दो घंटे में, दिल्ली से कटरा छह घंटे में, दिल्ली से श्रीनगर आठ घंटे में पहुंचा जा सकेगा। श्री गडकरी ने कहा कि आज हुए रोड शिलान्यास से अब उज्जैन से मुम्बई आठ घंटे में एवं उज्जैन से दिल्ली छह घंटे में पहुंचा जा सकेगा।

श्री गडकरी ने बताया कि दिल्ली-मुम्बई हाईवे जो मध्य प्रदेश से होकर जा रहा है, उनमें 65 ब्रिज बनाने का कार्य चल रहा है। इन्दौर से हैदराबाद राष्ट्रीय राजमार्ग एक्सप्रेस-वे बनाना प्रस्तावित है। यह मार्ग 15 हजार करोड़ रुपये की राशि से बनाया जायेगा। इसी तरह अटल एक्सप्रेस-वे 413 किलो मीटर 10 हजार करोड़ रुपये की लागत से बनाया जायेगा। शीघ्र ही इनका भूमि पूजन होगा। इन्दौर में 18 किलो मीटर सर्विस रोड का कार्य पूरा होने वाला है। इसके अन्तर्गत 32 गांव रास्ते में पड़ते हैं। इन सभी में सर्विस रोड बनाई जायेगी।

केन्द्रीय मंत्री गडकरी मालवा का चारों दिशाओं में विकास करने आये हैं : मुख्यमंत्री

उज्जैन में विभिन्न राष्ट्रीय राजमार्गों के शिलान्यास के अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि केन्द्रीय मंत्री श्री गडकरी मालवा में चारों दिशाओं का विकास करने आये हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वैभवशाली व शक्तिशाली भारत का निर्माण कर रहे हैं और गडकरीजी विकास की नई इबारत लिख रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश पूरी तरह बदल गया है। 2003 के पहले की सड़कें देखें और आज की सड़कें देखें, जमीन आसमान का फर्क हो गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके कार्यकाल के प्रथम सात वर्षों में केन्द्र में कांग्रेस की सरकार थी और केवल दो हजार करोड़ रुपये राष्ट्रीय राजमार्गों पर व्यय किये गये थे, जबकि 2014 से 2021 तक प्रदेश में 27 हजार करोड़ रुपये के राष्ट्रीय राजमार्ग निर्मित हुए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री नितिन गडकरी ने अटल एक्सप्रेस-वे स्वीकृत कर दिया है। प्रदेश की जनता की ओर से मैं उनका स्वागत करता हूं।

948 किलोमीटर नर्मदा एक्सप्रेस वे के लिए 456 करोड़ की मांग

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने केन्द्रीय मंत्री से मांग की कि अमरकंटक से लेकर अलीराजपुर तक नर्मदा एक्सप्रेस-वे बनाया जाना है। इसकी लम्बाई 948 किलो मीटर है। यह मध्य प्रदेश की ग्रोथ का सूचक है। इसे स्वीकृत करने का आग्रह करते हुए मुख्यमंत्री ने प्रदेश के 56 राष्ट्रीय मार्गों के सुधार के लिये 456 करोड़ रुपये की मांग की।

प्रगति के सौपान लेकर आया यह दिन : राज्यमंत्री

केन्द्रीय भूतल परिवहन राज्यमंत्री वीके सिंह ने कहा कि आज का दिन मध्य प्रदेश के लिये प्रगति का सौपान लेकर आया है। प्रदेश के पूरे 52 जिले राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़े हैं। पांच हजार किलो मीटर लम्बा राष्ट्रीय राजमार्ग अब आठ हजार किलो मीटर तक बढ़ गया है। सड़कों के निर्माण से उज्जैन को बहुत ज्यादा फायदा होगा। देवास-उज्जैन कॉरिडोर के निर्माण से बहुत-से लोगों को रोजगार भी प्राप्त होगा।

वैसे भी उन्नति मालवा : मंत्री भार्गव

इस अवसर पर लोक निर्माण मंत्री गोपाल भार्गव ने कहा कि आज का दिन मध्य प्रदेश और खासकर मालवा के लिये दीपावली के त्यौहार जैसा दिन है। मालवा वैसे भी उन्नत क्षेत्र है। रोड के निर्माण से यह और भी ज्यादा उन्नत हो जायेगा। उन्होंने कहा कि पहले जितने राष्ट्रीय राजमार्ग थे, छह-सात साल में उससे दुगुने राष्ट्रीय राजमार्ग बनाये गये हैं। पहले चार हजार किलो मीटर लम्बा राष्ट्रीय राजमार्ग था, अब उसे बढ़ाकर आठ हजार किलो मीटर कर दिया गया है। सीएसआर फण्ड में भी वृद्धि की गई है। श्री भार्गव ने कहा कि उनका लोक निर्माण विभाग भी ऐसे कार्य करके दिखायेगा कि इतिहास में याद रखा जायेगा।

सांसद फिरोजिया ने कहा कि आज इस क्षेत्र को केन्द्रीय भूतल परिवहन मंत्री द्वारा अनोखी सौगात दी जा रही है। उन्होंने केन्द्रीय मंत्री से मांग की कि उज्जैन-झालावाड़ जो टूलेन स्वीकृत हुआ है, उसको फोरलेन किया जाये। उज्जैन-इन्दौर-पीथमपुर नवीन मार्ग स्वीकृत किया जाये। उज्जैन-जावरा मार्ग को एबी रोड से जोड़ा जाये एवं नवीन मार्ग स्वीकृत किया जाये। देवास रोड से महाकाल तक फ्लाईओवर बनाया जाये। उज्जैन-देवास फोरलेन मार्ग जो चंदेसरा में समाप्त हो रहा है, को उज्जैन-आगर रोड-खिलचीपुर तक जोड़ा जाये।  सांसद ने मुख्यमंत्री से मांग की कि इन्दौर-उज्जैन के बीच मेट्रो ट्रेन चलाई जाये। महिदपुर, नागदा, आलोट में 100-100 बिस्तर के अस्पताल स्वीकृत किये जायें। उज्जैन में पोहा क्लस्टर बनाया जाये। विनोद मिल के मजदूरों की बकाया राशि लौटाई जाये। उज्जैन में टेक्सटाईल हब की स्थापना की जाये। विक्रम उद्योगपुरी में मेडिकल डिवाईसेस बनाने की इण्डस्ट्री लगाई जाये। उज्जैन में सैनिक स्कूल स्वीकृत किया जाये। इसके पूर्व अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर शिलान्यास कार्यक्रम की शुरुआत की गई। स्वागत भाषण एनएचएआई के मेम्बर आरके पाण्डेय द्वारा दिया गया।

लाईफ सपोर्ट एम्बुलेंस एवं दो चलित एम्बुलेंस का लोकार्पण

केन्द्रीय भूतल परिवहन मंत्री श्री गडकरी एवं मुख्यमंत्री श्री चौहान ने इस अवसर पर एक लाईफ सपोर्ट एम्बुलेंस एवं दो चलित एम्बुलेंस का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।

यह थे मौजूद

इस अवसर पर उच्च शिक्षा मंत्री डॉ.मोहन यादव, एमएसएमई मंत्री श्री ओमप्रकाश सखलेचा, पर्यावरण मंत्री हरदीपसिंह डंग, पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन, मंदसौर के सांसद सुधीर गुप्ता, देवास-आगर सांसद श्री महेन्द्रसिंह सोलंकी, धार सांसद छतरसिंह दरबार, विधायक पारस जैन, बहादुरसिंह चौहान, मुरली मोरवाल, विधायक हाटपिपल्या मनोज चौधरी, पूर्व केन्द्रीय मंत्री सत्यनारायण जटिया, लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव नीरज मण्डलोई, सचिव शशांक मिश्रा, कलेक्टर आशीष सिंह, पुलिस अधीक्षक सत्येन्द्र कुमार शुक्ल एवं गणमान्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे।

केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री ने किए महाकाल के दर्शन अभिषेक

केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री महाकाल के दर्शन करते हुए

केंद्रीय मंत्री गड़करी व मुख्यमंत्री चौहान ने दोपहर करीब 2.30 बजे महाकाल मंदिर में दर्शन-अभिषेक किया। दर्शन के उपरांत दोनों नेता मंदिर परिसर स्थित महानिर्वाणी अखाड़े में पहुंचे तथा गादीपति महंत विनीतगिरी महाराज से भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया। यहीं भोजन प्रसाद भी ग्रहण किया।

रतलाम में भी कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा सुना गया

रतलाम में मौजूद नेता एवं अधिकारी

उज्जैन में आयोजित कार्यक्रम का रतलाम में भी सीधा प्रसारण देखा सुना गया। दो बत्ती क्षेत्र में एलईडी के माध्यम से प्रसारण किया गया जहां जिला पंचायत प्रधान परमेश मईडा, अशोक पोरवाल, निर्मल कटारिया, कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग अनुराग सिंह तथा एनएचएआई के अधिकारी तथा नागरिक उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *