वेब पोर्टल हरमुद्दा डॉट कॉम में समाचार भेजने के लिए हमें harmudda@gmail.com पर ईमेल करे बात का बतंगड़ : मामूली बात पर चली गोलियां, लगाई आग, खून से खेला फाग, खूनी संघर्ष में एक की मौत, 50 घायल -

बात का बतंगड़ : मामूली बात पर चली गोलियां, लगाई आग, खून से खेला फाग, खूनी संघर्ष में एक की मौत, 50 घायल

1 min read

🔲 आईजी, एसपी कलेक्टर पहुंचे मौके पर

🔲 क्षेत्र छावनी में तब्दील, चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात

🔲 घायलों से मिलने अस्पताल पहुंचे मुख्यमंत्री

हरमुद्दा
रायसेन, 19 मार्च। धुलेंडी की रात को बच्चों के विवाद में बात का बतंगड़ हुआ और दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। उपद्रवियों ने गोलियां चलाई। आग लगाई। नतीजतन एक व्यक्ति की मौत हो गई, वहीं दोनों पक्षों के 50 से अधिक घायल हुए। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन पहुंचा। मौके पर आईजी, कलेक्टर और एसपी गए। स्थिति को नियंत्रण में किया। क्षेत्र को छावनी में तब्दील करते हुए इंटरनेट सेवा तक बंद कर दी गई। घायलों के हाल-चाल जानने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने आश्वस्त किया कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

हमीदिया अस्पताल में घायल से बात करते मुख्यमंत्री चौहान

घटना सिलवानी थाना क्षेत्र के प्रतापगढ़ जैथारी के पास खमरिया पौड़ी की है। शुक्रवार रात को गली में निकलने की बात को लेकर दो पक्षों में बात इतनी बढ़ी कि दोनों तरफ से गोलियां चली। मारपीट हुई। कई जगह आग लगा दी गई। उपद्रव में राजू नामक व्यक्ति की मौत हो गई 50 से अधिक घायल हो गए जिनमें से 38 गंभीर घायलों को हमीदिया अस्पताल भोपाल लाया गया जहां पर उपचार चल रहा है। घायलों में 13 साल की बालिका भी शामिल है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान घायलों से मिलने अस्पताल पहुंचे और पीड़ित परिवार को आश्वस्त किया कि उपद्रवियों को बख्शा नहीं जाएगा।

प्रशासन की कार्रवाई

उपद्रवियों के मकान पर चलता जेसीबी का पंजा

सूचना मिलते ही आईजी दीपिका सूरी, कलेक्टर अरविंद दुबे, एसपी विकास शाहवाल भी पहुंचे और पूरे गांव को छावनी में तब्दील कर दिया। गांव में चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात है। इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई। शनिवार को सुबह प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों के मकान को तोड़ने की कार्रवाई की। इस दौरान भारी मात्रा में पुलिस बल तैनात था। इसके साथ ही आसपास के गांव से आने जाने वालों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *