वेब पोर्टल हरमुद्दा डॉट कॉम में समाचार भेजने के लिए हमें harmudda@gmail.com पर ईमेल करे मुख्यमंत्री बदलने वाले खुद बदल गए पर नहीं हुआ कर्ज माफ : ऊंटवाल -

मुख्यमंत्री बदलने वाले खुद बदल गए पर नहीं हुआ कर्ज माफ : ऊंटवाल

1 min read

🔳 भाजपा प्रदेश महामंत्री मनोहर ऊंटवाल हुए प्रेस से मुखातिब 

हरमुद्दा
शाजापुर, 2 दिसंबर। एक.. दो…दस उंगलियों पर 10 दिन गिना कर ₹2 लाख तक का कर्ज माफ करने की घोषणा करने वाले खुद बदल दिए गए लेकिन किसानों का कर्ज माफ नहीं हुआ। 11 माह के बाद भी आज किसान दर-दर की ठोकर खाने को मजबूर है। मध्य प्रदेश की कमलनाथ सरकार 25% किसानों का भी कर्ज माफ नहीं कर सकी है। कांग्रेस सरकार के झूठ के फरेब में किसान फसल बीमा और अन्य सुविधाओं का भी लाभ नहीं उठा सका। इसी के साथ प्रदेश पर अतिवृष्टि की मार ने किसान की कमर तोड़कर रख दी है लेकिन यह सरकार कुंभकरण की नींद में सोई है। ट्रांसफर उद्योग के भ्रष्टाचार में लगी है। इन्होंने बिना वित्तीय प्रबंध किए सरकार बनाने के लिए थोती घोषणाएं कर किसानों को धोखा दिया है।

यह बातें भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री पूर्व सांसद और आगर विधायक मनोहर ऊंटवाल ने सोमवार को स्थानीय भाजपा जिला कार्यालय पर पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कही।

केंद्र ने दिए प्रदेश सरकार को 1000 करोड़

श्री ऊंटवाल ने कहा कि मध्यप्रदेश में अतिवृष्टि से फसलों का निर्धारित मापदंडों के अनुसार विधिवत आकलन नहीं किया गया है। ना ही इसके आंकड़े केंद्र सरकार को देने का काम किया है। फिर भी केंद्र की सरकार ने संवेदनशीलता दिखाते हुए 1000 करोड़ की राशि प्रदेश सरकार को दी है।अब यह सरकार बताए कि इसमें से कितनी राशि किसानों को वितरित की गई। सरकार ने आपदा प्रबंधन के करोड़ों रुपयों का उपयोग ट्रांसफर उद्योग के भत्तों मंत्रियों के बंगलों और गाड़ियों की चमक दमक में खर्च कर दिया। और अब वित्त ना होने का बहाना बनाकर किसानों का कर्ज माफ करने से बच रही है।

कालाबाजारी, करप्शन, कुशासन का प्रतीक बन गई कांग्रेस सरकार

श्री ऊंटवाल ने कहा कि किसानों पर लाठीचार्ज हो रहा है। किसान को यूरिया के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है। कांग्रेस सरकार करप्शन, कालाबाजारी और कुशासन का प्रतीक बन कर किसानों के संकट का कारण बन गई है। सरकार ने ना तो किसान से धान के समर्थन मूल्य पर खरीदी की कोई व्यवस्था की है और ना ही खेती के लिए किसानों को 12 घंटे बिजली मिल पा रही है।

अपराधियों पर नकेल कसने में सरकार नाकाम

श्री ऊंटवाल ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि इस सरकार की प्रदेश की कानून व्यवस्था पर कोई पकड़ नहीं है। इनके राज में न तो नेता सुरक्षित है ना ही व्यापारी। यहां तक कि मासूम बच्चों को भी घर से उठाकर उनकी हत्या की जा रही है। फिर भी सरकार अपराधियों पर नकेल कसने में नाकामयाब रही है। मध्यप्रदेश चोरी, लूट, हत्या और बलात्कार का गढ़ बनता जा रहा है। सरकार के मंत्री एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाने में ही व्यस्त हैं। यह सरकार अपने बोझ तले ही दबकर गिर जाएगी।

नींद से जगाने के लिए बना रही योजना : बैस

भाजपा जिला अध्यक्ष नरेंद्र सिंह बैस ने कहा मध्य प्रदेश में आगामी दिवस में युवा मोर्चा और भाजपा के माध्यम से प्रदेश सरकार की कुंभकरण की नींद खोलने के लिए योजना बना रही है।कार्यक्रम को कार्यकर्ता जी जान से अमल में लाए।

ये थे उपस्थित

पत्रकार वार्ता के दौरान प्रमुख रूप से पूर्व सीसीबी चेयरमैन शिवनारायण पाटीदार, जिला महामंत्री दिनेश शर्मा, संतोष बराड़ा, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष प्रदीप चंद्रवंशी, किरण सिंह ठाकुर, जिला कार्यालय मंत्री सतीश पाटीदार, दिलीप त्रिवेदी, गोपाल राजपूत, मनोहर विश्वकर्मा, जितेंद्र मीणा, भूपेंद्र सिंह मेढा, विपुल कसेरा, प्रेम यादव, विशाल शर्मा, मुकेश श्रीवास्तव,आशीष नागर सहित पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। संचालन भाजपा जिला मीडिया प्रभारी उमेश टेलर ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *