वेब पोर्टल हरमुद्दा डॉट कॉम में समाचार भेजने के लिए हमें harmudda@gmail.com पर ईमेल करे धन-संपत्ति का करें मानव कल्याण सदुपयोग : आचार्यश्री विजयराजजी महाराज -

धन-संपत्ति का करें मानव कल्याण सदुपयोग : आचार्यश्री विजयराजजी महाराज

1 min read

🔲 कोरोना के तांडव में सबसे त्यागी बनने का आह्वान

हरमुद्दा
रतलाम, 7 अप्रैल। कोरोना के तांडव में हर मानव को त्यागी बनकर अपनी धन-संपत्ति का सदुपयोग करना चाहिए। जीव बचेंगे, तो जगत बचेगा और जगत बचेगा तो जीवन बचेगा। ग्रहस्थ वर्ग यदि संपूर्ण परिग्रह का त्यागी नहीं बन सकता, तो परिग्रह की मूर्च्छा का त्याग करें।

IMG_20200404_151849
यह आह्वान सिलावटो का वास स्थित नवकार भवन में विराजित शांत क्रांति संघ के नायक, जिनशासन गौरव, प्रज्ञानिधि, परम श्रद्वेय आचार्यप्रवर 1008 श्री विजयराजजी मसा ने किया है।

पुण्यवाणी बढ़ाने का करें कार्य

धर्मानुरागियों को दिए संदेश में उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में हर व्यक्ति को परिग्रह के पीछे अंधी दौड न दौडकर अपनी पुण्यवानी बढ़ाने का कार्य करना चाहिए। पुण्य की उपस्थिति में किया गया थोड़ा सा पुरुषार्थ भी व्यक्ति को मालामाल कर देता है। पुण्य और पुरुषार्थ की युगलबंदी से जुड़कर जीवन और जगत की हर समस्या का समाधान निकाला जा सकता है।

पदार्थ की पकड़ और अर्थ की अकड़

उन्होंने कहा कि आर्थिक असमानता और अनावश्यक वस्तुओं का अनुचित संग्रह समाज में अराजकता पैदा करता है। इससे एक मनुष्य, दूसरे मनुष्य का शोषण करता है। इस आर्थिक असमानता का उपचार भी अपरिग्रह से होगा। पदार्थ की पकड़ और अर्थ की अकड़ को जो शिथिल कर लेता है, वह मानव ही महामानव बन सकता है।

महाभय की पकड़ में संसार

आचार्यश्री ने कहा कि आज सारा संसार महाभय की पकड़ में है। यह महाभय एक-दो दिनों में पैदा नहीं हुआ है। भगवान महावीर ने परिग्रह को महाभय का कारण कहा है,क्योंकि परिग्रह-लालसाओं के बढने के साथ ही असुरक्षा का ग्राफ भी उंचा चढ जाता है। इसलिए जितने भी भय है, वे परिग्रह के कारण ही है। परिग्रह ऐसा ग्रह है, जो अकेला गति नहीं करता, वह अपने साथ ईष्र्या, प्रतिस्पर्धा, क्रूरता, कठोरता, धोखा, मायाचारिता, लालसा जैसे कई ग्रहों को लेकर चलता है। इससे जीवन में संग्रह और संघर्ष दोनो समानांतर चलते है। परिग्रह आत्म विकास में प्रति बंधक है।

बांटने में शांति है और बटोरने में अशांति

आचार्यश्री ने कहा कि बांटने में शांति है और बटोरने में अशांति है। यदि सभी परिग्रही व्यक्ति अगर अपनी संग्रहीत वस्तुओं को बांटने लग जाए, तो उन्हें शांति की अनुभुति हो सकती है। अक्सर लोग परिग्रह बढाने में विश्वास रखते है और उसे सुरक्षा का लेबल दे देते है, जबकि वह कभी किसी की सुरक्षा नहीं करता। परिग्रह के रूप में जब मानस में कामनाओं की आग जल रही हो और आसक्ति का धुंआ भरा होता है, तो जीवन विपत्ति और संक्लेश से भरा ही रहता है। परिग्रही व्यक्ति इसी कारण अपनी संपूर्ण जिदंगी दर्द, दवा और दुख में व्यतीत करता है।

🔲 जो पदार्थों को जोड़े और संभाले वो संसारी है और जो आत्मा को खोजे व संभाले वह संत है।

🔲 बाह्य परिग्रह के साथ आंतरिक संग्रह वृत्ति का त्याग करे, वह महान है।

🔲 अधिकारों का संग्रह भी परिग्रह है। अधिकारों की जिदंगी स्थायी या शाश्वत नहीं होती।

🔲 पकड़ अशांत करती है और पकड़ का त्याग शांति देता है। आज के कुर्सी युग में यह त्याग जरूरी बन गया है।

🔲 आग में हाथ डालकर शीतलता चाहना जैसे बेकार है, वैसे ही परिग्रह के प्रपंच में रहकर अनासक्ति की ठंडक चाहना बेकार है।

🔲 अनासक्ति पदार्थों के त्याग से प्राप्त होती है। त्याग में जो सुख है, वो राग में नहीं।

🔲 रागी सारे सुखों को अपने अधीन करना चाहता है, जबकि त्यागी अपने सुखों को बांटने में विश्वास रखता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *