वेब पोर्टल हरमुद्दा डॉट कॉम में समाचार भेजने के लिए हमें harmudda@gmail.com पर ईमेल करे अपहरण और दुष्कर्म का आरोपी उप जेल से भागा, दो जेल प्रहरी निलंबित -

अपहरण और दुष्कर्म का आरोपी उप जेल से भागा, दो जेल प्रहरी निलंबित

हरमुद्दा
रतलाम/सैलाना, 21। अपहरण और दुष्कर्म के मामले में विचाराधीन बंदी सैलाना जेल से शनिवार को भाग गया।
उसके भागने की खबर तेजी से फैली, इससे प्रशासन में हडकंप मच गया। इस मामले में दो जेल प्रहरियों को निलंबित किया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।

जानकारी के अनुसार अपहरण व दुष्कर्म मामले का आरोपी 21 वर्षीय जस्सू उर्फ दशरथ डिंडोर पुत्र नारायण डिंडोर निवासी ग्राम उमरीपाड़ा थाना दानपुर जिला बांसवाड़ा (राजस्थान) करीब एक माह से जेल में बंद था। उस पर बाजना थाना क्षेत्र के एक गांव से करीब 17 वर्षीय किशोरी का अपहरण कर उससे दुष्कर्म किया था। उसके खिलाफ बाजना थाने में भादंवि की धारा 262, 366, 376 (2) एन व पाक्सो एक्ट की धारा 5 एल/6 के तहत प्रकरण दर्ज है। उसे पुलिस ने 18 जुलाई 2021 को गिरफ्तार कर सैलाना न्यायालय में पेश किया था।

न्यायालय ने भेजा था न्यायिक हिरासत में

न्यायालय ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया था, तब से वह सैलाना स्थित उप जेल में बंद था। शनिवार को वह जेल परिसर में तैनात प्रहरियों से बचकर भाग निकला।

विचाराधीन बंदियों से ली जानकारी

दोपहर में कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम, पुलिस अधीक्षक गौरव तिवारी, जिला मुख्यालय स्थित सर्किल जेल के प्रभारी अधीक्षक विद्याभूषण प्रसाद, सैलाना एसडीएम कामिनी ठाकुर, एसडीओपी संदीप निगवाल आदि अधिकारी जेल पहुंचे। उन्होंने जेलर भीमसिंह रावत, प्रहरियों व अन्य कर्मचारियों तथा जेल में बंद विचाराधीन बंदियों से घटना के बारे में जानकारी ली।

किया घटनास्थल का अवलोकन

सैलाना थाने के एसआई मनोज पाटीदार, एएसआइ मुकुटसिंह यादव भी पुलिस टीम के साथ पहुंचे तथा घटनास्थल का अवलोकन किया। पुलिस व जेल प्रशासन के अधिकारियों ने जेल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए तथा सैलाना में विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरे भी चेक किए गए।

प्रारंभिक जांच में केबल के सहारे दीवार पर चढ़कर भागा

सर्किल जेल के प्रभारी अधीक्षक विद्याभूषण प्रसाद ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि वह केबल के सहारे दीवार पर चढ़कर भागा है। प्रथमदृष्टया लापरवाही बरतने पर जेल प्रहरी शुभम बारेठ व प्रभूलाल कटारे को निलंबित किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *