वेब पोर्टल हरमुद्दा डॉट कॉम में समाचार भेजने के लिए हमें harmudda@gmail.com पर ईमेल करे इंस्पायर अवार्ड मानक में आईडिया अपलोड करने की हुई शुरुआत : चयनित आईडिया को मूर्त रूप देने के लिए मिलेंगे 10 हजार रुपए -

इंस्पायर अवार्ड मानक में आईडिया अपलोड करने की हुई शुरुआत : चयनित आईडिया को मूर्त रूप देने के लिए मिलेंगे 10 हजार रुपए

1 min read

 एक विद्यालय से अधिकतम 5 आईडिया मंजूर

हरमुद्दा
रतलाम, 25 सितंबर। इंस्पायर अवार्ड (Inspire Award) मानक में आईडिया अपलोड करने की शुरुआत हो चुकी है। आईडिया इंस्पायर अवार्ड मानक पोर्टल पर दर्ज करा सकते है। चयनित आईडिया को मूर्त रूप देने के लिए 10 हजार रुपए की अवार्ड राशि दी जाएगी।

जिला विज्ञान अधिकारी (District Science Officer) गजेंद्र सिंह राठौर ने हरमुद्दा को बताया कि कक्षा 6 से 10 तक के विद्यार्थी अपने सरकारी या प्राइवेट स्कूल के माध्यम से अपना आईडिया इंस्पायर अवार्ड मानक पोर्टल पर दर्ज करा सकते है। एक विद्यालय से अधिकतम 5 आईडिया अपलोड किए जा सकते है। चयनित आईडिया को भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा 10 हजार रुपए की अवार्ड राशि दी जाएगी।

संस्था स्तर पर करवाई जा सकती है आईडिया प्रतियोगिता

आईडिया अपने आसपास के जीवन को सरल बनाने वाला, कम खर्चीला और यूट्यूब या अन्य जगह पहले से उपलब्ध न हो। बेहतर आईडिया के चयन के लिए संस्था स्तर पर आईडिया प्रतियोगिता भी करवाई जाना चाहिए।

विद्यार्थी के बैंक अकाउंट नंबर जरूरी

नोडल अधिकारी अशोक लोढा ने बताया कि विद्यालय यह अवश्य सुनिश्चित करे कि जिस विद्यार्थी का आईडिया अपलोड किया जा रहा है, उसका स्वयं का बैंक एकाउंट हो तथा वो वर्तमान में चालू भी हो। किसी भी स्थिति में माता-पिता के सम्मिलित खाते या बन्द खाते का उपयोग न करें।

ऑनलाइन उन्मुखीकरण किया जा रहा है विज्ञान शिक्षकों का

जिला शिक्षा अधिकारी (District Education Officer) केसी शर्मा के अनुसार पिछले तीन वर्षों में मप्र आईडिया अपलोड तथा चयन में प्रदेश में पहले या दूसरे नंबर पर रहा है। गत वर्ष 1302 स्कूल से 2087 आईडिया अपलोड किए गए तथा 39 विद्यार्थियों को अवार्ड राशि जारी हुई। इस संबंध में प्राचार्यो और विज्ञान शिक्षको का ऑनलाइन उन्मुखीकरण भी किया जा रहा है। स्मरणीय रहे हाल ही में जिला विज्ञान अधिकारी गजेंद्र सिंह राठौर के नेतृत्व में  रतलाम की दो छात्राओं चैरी कुशवाह और गुनगुन जैन ने राष्ट्रीय इंस्पायर प्रदर्शनी में भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *