वेब पोर्टल हरमुद्दा डॉट कॉम में समाचार भेजने के लिए हमें harmudda@gmail.com पर ईमेल करे बुजुर्ग से ठगी : लालच में आई संपतबाई को शांताबाई ने लाखों की चपत लगाई -

बुजुर्ग से ठगी : लालच में आई संपतबाई को शांताबाई ने लाखों की चपत लगाई

पूजा पाठ के बहाने गहने दुगने करने का दिया लालच

हर दिन दोपहर में आती और गहने रुपए लेकर चली जाती ठगोरी महिला

एक पखवाड़े से अधिक दिनों तक चला यह सिलसिला

पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज

हरमुद्दा
रतलाम, 27 फरवरी। जिले के जावरा में एक ठगोरी महिला ने पूजा पाठ करके गहने डबल करने के नाम पर पिपलौदा रोड निवासी सत्तर वर्षीय वृद्धा के लाखों रुपए का चूना लगा दिया। ठग महिला ने पन्द्रह दिनों के भीतर करीब बीस तोले वजनी सोने के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। जावरा की औद्योगिक क्षेत्र पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार जावरा के पिपलौदा रोड स्थित अम्बिका धामेडी हाउस निवासी भेरुलाल पाटीदार (70) की पत्नी श्रीमती संपत बाई आमतौर पर दिन में घर में अकेली रहती है। शांताबाई नामक एक महिला ने संपत बाई को अपनी बातों के जाल में उलझाया और पूजा पाठ करके संपत बाई को गहने दुगुने करने का लालच दिया। संपत बाई, ठगोरी शांताबाई की बातों में आ गई और पूजा पाठ करके गहने दुगुने करवाने के लिए तैयार हो गई। आरोपी शांताबाई 7 फरवरी से 23 फरवरी के दौरान कई बार दोपहर के समय संपतबाई के घर आई और इस दौरान हर बार वह नगद रुपए या गहने लेकर जाने लगी।

एक लाख नगद और 20 तोले के ले गई सोने के जेवर

करीब पन्द्रह दिनों के भीतर वह संपत बाई से करीब एक लाख रु. नगद और बीस तोले सोने के गहने ले गई। इस तरह उसने संपतबाई को लगभग चौदह लाख रु. का चूना लगा दिया। बाद में जब संपत बाई के पति भेरुलाल पाटीदार को इस बात की जानकारी मिली उन्होने पुलिस के पास पंहुच कर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा पर अज्ञात शांताबाई नामक महिला के खिलाफ धोखाधडी का प्रकरण दर्ज किया गया है।

खंगाले रहे हैं सीसीटीवी फुटेज

पुलिस ने बताया कि पुलिस इलाके के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। जल्दी ही ठग महिला की जानकारी सामने आने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *