वेब पोर्टल हरमुद्दा डॉट कॉम में समाचार भेजने के लिए हमें harmudda@gmail.com पर ईमेल करे धर्म संस्कृति : गाय हमें पालती है, हम गाय को नहीं -

धर्म संस्कृति : गाय हमें पालती है, हम गाय को नहीं

शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानन्द सरस्वती ने कहा

गो संसद पर दूसरे दिन वक्ताओं ने किया विचार व्यक्त

मनोनीत सांसद अपने क्षेत्र में करें गौ माता के प्रति जागरूक

हरमुद्दा
दिल्ली, 4 अगस्त। गौ माता हम सबका पालन करती है। जो लोग यह कहते हैं कि हम गाय को पाल रहे हैं उनको थोड़ा सूक्ष्म दृष्टि से विचार कर लेना चाहिए। क्या बच्चा माॅ को पालता है या मां बच्चे को पालती है। इस दृष्टिकोण से विचार यदि करेंगे तो आप स्वतः ही कहेंगे कि हम नहीं अपितु गाय ही हमारा पालन करती है।

उक्त बातें परमाराध्य परमधर्माधीश उत्तराम्नाय ज्योतिष्पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामिश्री अविमुक्तेश्वरानन्दः सरस्वती 1008 ने गौ संसद के दूसरे दिन अपने उद्बोधन में पर कही।

सांसदों के प्रश्नों का दिया उत्तर

परमधर्माधीश शंकराचार्य जी महाराज के मीडिया प्रभारी संजय पाण्डेय ने हरमुद्दा को बताया कि प्रश्नकाल में सांसदों के प्रश्न का उत्तर परमाराध्य शंकराचार्य जी महाराज ने दिया। उन्होंने कहा कि इस गो संसद् में नियुक्त गोसांसद अपने अपने क्षेत्र में जाकर भारत की संसद् में मनोनीत सांसदों को गौ माता के प्रति जागरूक करें।

गौ सांसद के रूप में ली शपथ

गोसंसद् का प्रारम्भ प्रातः 9 बजे से हुआ जिसमें कल के शेष सदस्यों ने गौ सांसद के रूप में शपथ ग्रहण किया। प्रश्नकाल में गो सांसदों ने अपने प्रश्न पूछे जिसका उत्तर संसद् के अध्यक्ष के रूप में विराजमान परमाराध्य शङ्कराचार्य जी महाराज ने दिया।

स्वतन्त्रता तिथि महोत्सव पर शङ्कराचार्य जी ने किया ध्वजारोहण

शंकराचार्य जी ने कहा यह हमारे देश की विडम्बना है कि यहाँ दो कैलेण्डर से लोग अपना जीवन चला रहे हैं। भारत से अंग्रेज चले गए पर अंग्रेजी कैलेण्डर अभी भी चल रहा है। हम सनातनी लोग भारतीय तिथियों में अपना पर्व उत्सव मनाते हैं तो फिर राष्ट्रीय पर्व भारत की तिथियों में क्यों न मनाया जाए। शङ्कराचार्य जी विगत अनेक वर्षों से भारतीय तिथि के अनुसार ही राष्ट्रीय पर्व मनाते आ रहे हैं। इसी क्रम में आज उन्होंने श्रावण कृष्ण चतुर्दशी अर्थात् आज की तिथि को भारत का स्वतन्त्रता दिवस मनाया।

गाय को जो पशु समझे वह स्वतंत्र पशु है : श्री गोपालमणि

गोमाता राष्ट्रमाता प्रतिष्ठा आन्दोलन के संयोजक गोपाल मणि ने अपने उद्बोधन में कहा कि जो गाय को पशु समझता है वह स्वयं पशु है। सारे वेद स्पष्ट रूप से इस बात का उद्घोष करते हैं कि गाय पशु नहीं है। जिस प्रकार गुरु मनुष्य होकर भी मनुष्य नहीं है, गंगा नदी होकर भी नदी नहीं है ऐसे ही गाय पशु होकर भी पशु नहीं है।

मधुर श्लोक पाठ से समापन

जगद्गुरुकुलम् के छात्र पं. आशुतोष दुबे ने वैदिक मंगलाचरण एवं देवेन्द्रधर दुबे ने पौराणिक मंगलाचरण प्रस्तुत किया। संसदीय सभा का संचालन किशोर दवे ने किया। संसद के समापन के अवसर पर आहाना कृष्ण पाठक, सुदीक्षा पाठक और श्लोक पाठक ने सुमधुर गीत प्रस्तुत किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *