वेब पोर्टल हरमुद्दा डॉट कॉम में समाचार भेजने के लिए हमें harmudda@gmail.com पर ईमेल करे मावठे : किसानों के चेहर खिल उठे, मौसम में घुली ठंडक, अधिकतम तापमान में 10 डिग्री से अधिक की गिरावट -

मावठे : किसानों के चेहर खिल उठे, मौसम में घुली ठंडक, अधिकतम तापमान में 10 डिग्री से अधिक की गिरावट

1 min read

हरमुद्दा

शुक्रवार, 11 दिसंबर। प्रदेश के अन्य जिलों के साथ रतलाम में भी मावठे की बारिश हो रही है। बीते दो तीन दिन से माहौल में गर्मी और उमस से अंदाज लगाया जा रहा था कि मावठे की बारिश कभी भी हो सकती है। मौसम वैज्ञानिकों की भी भविष्यवाणी ऐसी ही थी, जो शुक्रवार को सच साबित हो गई। सुबह से ही मावठे की कहीं तेज तो कहीं रिमझिम फुहारें जिले को भिगो रही हैं। बारिश से जहां रबी सीजन की फसलों को काफी फायदा मिलेगा, वहीं ठंड में भी तेजी से इजाफा होगा। शुक्रवार मावठे की शुरुआत से किसानों के चेहरे भी खिल उठे हैं।

जिले में रात से ही आसमान पर बादल छाए हुए थे। रतलाम में सुबह 5:00 बजे तेज बारिश के बाद बूंदाबांदी हो रही थी। दोपहर बाद से ही जिला मुख्यालय सहित जले के अन्य हिस्सों में हल्की बरसात हो रही है। मावठे से फसलों को फायदा होगा। किसानों को सिंचाई नहीं करना पड़ेगी। इस कारण से उन्हें आर्थिक लाभ भी होगा।

तीन दिनों से देखा जा रहा था बदलाव

जिले में बीते तीन दिनों से मौसम में बदलाव देखा जा रहा था। आसमान पर बादल होने के कारण से तापमान में भी बढ़ोत्तरी हो रही थी। एक बार मौसम में फिर बदलाव हुआ है। मौसम में हो रहे बदलाव के कारण मौसमी बीमारियों में भी इजाफा हो रहा था।

तापमान में उतार-चढ़ाव

जिले के मौसम में तीन दिनों से लगातार बदलाव देखा जा रहा है। जिले में बुधवार को दिन का 31.6 व रात का 13.6 तो गुरुवार को दिन का 30.2 व रात का 14.4 डिग्री रिकार्ड किया गया है, जबकि शुक्रवार को जहां दिन का अधिकतम तापमान 20.2 डिग्री तो वहीं रात का तापमान 15 डिग्री रिकार्ड किया गया है।

अब मौसम में घुलेगी ठंडक

शुक्रवार को जिला मुख्यालय सहित जिले के कई अन्य हिस्सों में मावठा की रिमझिम हो रही थी। मौसम वैज्ञानिक डीपी दुबे का कहना है कि मावठा गिरने के कारण से रात और दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। इसमें रात दिन के तापमान में 5 से 7 डिग्री की गिरावट हो सकती है, वहीं मावठे का दौर तीन दिन तक रह सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *