वेब पोर्टल हरमुद्दा डॉट कॉम में समाचार भेजने के लिए हमें harmudda@gmail.com पर ईमेल करे कांग्रेस के कद्दावर नेता व हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का निधन, 3 दिन का राजकीय शोक -

कांग्रेस के कद्दावर नेता व हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का निधन, 3 दिन का राजकीय शोक

1 min read

🔲 छह बार रहे हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री

🔲 दो बार दी कोरोना को मात

🔲 चुनावी राजनीति से ले चुके से सन्यास

हरमुद्दा
शिमला, 8 जुलाई। हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वीरभद्र सिंह का निधन हो गया है। शिमला के इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज में वीरभद्र सिंह ने आज अंतिम सांस ली। पिछले तीन महीनों में दो बार कोविड से ठीक होने के बावजूद वीरभद्र 23 अप्रैल से आईजीएमसीएच में भर्ती थे। 87 साल के वीरभद्र सिंह छह बार हिमाचल के मुख्यमंत्री रह चुके थे।

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और राज्य के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने सोमवार को सोलन जिले के अर्की के मौजूदा विधायक वीरभद्र सिंह के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी लेने के लिए आईजीएमसीएच का दौरा भी किया था।

9 बार विधायक और 5 बार रहे सांसद

वीरभद्र सिंह नौ बार विधायक, पांच बार सांसद रह चुके हैं और वह छह बार हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। वर्तमान में वह सोलन जिले के अरकी से विधायक थे। पहली बार संक्रमण की चपेट में आने के बाद उन्हें चंडीगढ़ स्थित एक अस्पताल में भर्ती किया गया था। कोविड से ठीक होने के बाद वह हॉली लॉज में 30 अप्रैल को घर वापस आ गए थे। हालांकि, घर पहुंचने के कुछ घंटों बाद ही सांस लेने में तकलीफ की शिकायत के चलते उन्हें फिर आईजीएमसी में भर्ती करा दिया गया था।

चुनावी राजनीति से ले चुके थे संन्यास

वीरभद्र सिंह ने इसी साल जनवरी में चुनावी राजनीति से संन्यास लेने का ऐलान किया था। उन्होंने कहा था कि वो अगला चुनाव नहीं लड़ेंगे, लेकिन वह कांग्रेस के सच्चे सिपाही रहे हैं। इसलिए कांग्रेस को मजबूत पार्टी के रूप में देखना चाहते हैं। इसके साथ ही उन्होंने नसीहत देते हुए कहा था, ‘कुछ लोग कांग्रेसी बनते हैं और अपने लोगों के जरिए कांग्रेस को ही हराते हैं। ऐसे लोगों को पार्टी में रखना नहीं है। मैं चुनाव नहीं लड़ूंगा लेकिन मैं कांग्रेसी था और मरते दम तक कांग्रेसी रहूंगा.’

3 दिन का राजकीय शोक

हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के निधन के बाद प्रदेश सरकार ने तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। गुरवार को सरकारी दफ्तरों में सरकार ने एक दिन का अवकाश घोषित किया है। शोक के दौरान प्रदेश में कोई सरकारी मनोरंजन संबंधी कार्यक्रम नहीं होंगे। प्रदेश के सरकारी दफ्तर खुले रहेंगे। तीन दिन तक राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार प्रदेश में आठ से 10 जुलाई तक राजकीय शोक रहेगा।

रिज पर अंतिम दर्शन के लिए रखी जाएगी वीरभद्र की पार्थिव देह

पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का पार्थिव शरीर शुक्रवार को पहले रिज मैदान पर लोगों के दर्शन के लिए रखा जाएगा। इसके बाद पार्थिव शरीर प्रदेश कांग्रेस के दफ्तर राजीव भवन ले जाया जाएगा और वहां पर पार्टी नेता कार्यकर्ता श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

वीरभद्र के देहांत पर नड्डा, जयराम और कश्यप ने जताया शोक

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं संसद सुरेश कश्यप, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, प्रभारी अविनाश राय खन्न, सह प्रभारी संजय टंडन, संगठन महामंत्री पवन राणा, महामंत्री त्रिलोक जम्वाल, राकेश जम्वाल एवं त्रिलोक कपूर ने पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है। बता दें तीन दिन पहले ही जेपी नड्डा खुद वीरभद्र सिंह से मिलने आईजीएमसी शिमला गए थे, लेकिन वह वेंटीलेटर पर थे तो उनसे मिल नहीं पाए थे। इस दौरान सीएम जयराम भी मौजूद थे।

हो गया एक युग का अंत : प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के निधन पर शोक जताते हुए कहा कि वह निशब्द हैं और एक युग का अंत हो गया।

दिलों के राजा नहीं रहे : नेता प्रतिपक्ष

नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए लिखा कहा-एक युग का अंत। दिलों के राजा नहीं रहे। विनम्र श्रद्धांजलि।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *