वेब पोर्टल हरमुद्दा डॉट कॉम में समाचार भेजने के लिए हमें harmudda@gmail.com पर ईमेल करे राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वे : जिले से लेकर प्रदेश तक की रैंक सुधारने के लिए राज्य स्तर से प्रयास -

राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वे : जिले से लेकर प्रदेश तक की रैंक सुधारने के लिए राज्य स्तर से प्रयास

 लोक शिक्षण संचालनालय से नियुक्त ओआईसी डी.के.सिंह ने प्रतिभागियों को दिए विशेष टिप्स

 पाॅवर पाइंट प्रजेन्टेशन की बजाय विडियों से दिया प्रशिक्षण

हरमुद्दा
रतलाम/पिपलौदा, 10 नवंबर। राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वे के लिए चयनित फिल्ड इन्वेस्टिगेटर्स को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में प्रशिक्षण दिया गया। इसमें सर्वे के लिए की जाने वाली तैयारियों की जानकारी राज्य शिक्षा केन्द्र द्वारा बनाए गए विडियो के आधार पर प्रदान की गई। यह पहला मौका था जब किसी प्रशिक्षण के लिए पाॅवर पाइंट प्रजेन्टेशन के स्थान पर विडियों के माध्यम से प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में लोक शिक्षण संचालनालय से नियुक्त ओआईसी डी.के.सिंह ने प्रतिभागियों को विशेष टिप्स दिए।

राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा मिशन के सहायक परियोजना समन्वयक अशोक लोढ़ा ने हरमुद्दा को बताया कि जिले की चयनित 184 शालाओं में 12 नवंबर को राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वे का आयोजन किया जाएगा। इसमें कुल 260 फिल्ड इन्वेस्टिगेटर तथा प्रत्येक शाला के लिए 1 ऑब्जर्वर की नियुक्ति की गई है। इसके लिए जावरा, रतलाम तथा पिपलौदा में प्रशिक्षण का आयोजन किया जा रहा है। राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वे में फिल्ड इन्वेस्टिगेटर्स की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। यह केन्द्रीय स्तर का सर्वे है, इसमें बच्चों के सीखने की योग्यता तथा न्युनतम दक्षताओं का मूल्यांकन किया जाता है।

तब था प्रदेश का 17 वां और रतलाम का 37 वां स्थान

2017 में आयोजित सर्वे में प्रदेश को 17 वां तथा जिले को प्रदेश में 37 वां स्थान मिला था। इस बार जिले से लेकर प्रदेश तक की रैंक सुधारने के लिए राज्य स्तर से प्रयास किए जा रहे हैं। यह पहला मौका है जब निजी, अनुदान प्राप्त तथा सीबीएससी शालाओं को शामिल किया गया है।

3 माह से ऑनलाइन तथा ऑफलाइन टेस्ट

प्रशिक्षण के दौरान जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्य आनंद शर्मा ने कहा कि शालाओं में बच्चों की न्युनतम दक्षताओं की पूर्ति के लिए विगत 3 माह से ऑनलाइन तथा ऑफलाइन टेस्ट सामग्री व शिक्षण सामग्री राज्य शिक्षा केन्द्र से भेजी जा रही है। इसका शालाओं में प्रयोग भी किया जा रहा है। कलेेक्टर कुमार पुरुषोत्तम तथा जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी जमुना भिड़े के मार्गदर्शन में शालाओं के लिए शिक्षण कार्ययोजना तथा अकादमिक अमले के लिए शालाओं में अवलोकन की कार्ययोजना का निर्माण किया गया है। इसी के आधार पर निरीक्षण किया जा रहा है।

शिक्षकों की भूमिका है महत्वपूर्ण

राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वे से जुड़ें डाईट के डाॅ.नरेन्द्र गुप्ता ने बताया कि कक्षा 3, 5, 8 एवं 10 के लिए यह सर्वे किया जा रहा है। इसमें इन कक्षाओं को पढ़ाने वाले शिक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण है। कक्षा 3 व 5 में हिन्दी, गणित व पर्यावरण, कक्षा 8 में हिन्दी, गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान तथा कक्षा 10 में इसके अतिरिक्त अंग्रेजी विषय की भी दक्षता का मूल्यांकन किया जाएगा। बच्चों में पढ़ना, लिखना, गणितीय अवधारणाओं तथा समझ का परीक्षण होगा।

फिल्ड इन्वेस्टिगेटर्स की समझ बढ़ाने में मिलेगी मदद

सहायक संचालक लक्ष्मण देवड़ा के अनुसार ऑनलाइन कक्षाओं के माध्यम से प्रतिदिन जानकारी प्रदान की जा रही है। प्रशिक्षण में सुबह साढ़े 7 से टेस्ट समाप्त होने तक की समस्त प्रक्रियाओं को प्रायोगिक तरीके से विडियो के माध्यम से समझाया गया है। इससे फिल्ड इन्वेस्टिगेटर्स की समझ बढ़ाने में मदद मिलेगी। प्रशिक्षण के दौरान जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण  संस्थान के भंवरलाल सोनी, अजय मरमट, जिला विज्ञान अधिकारी गजेन्द्रसिंह राठौर आदि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *