वेब पोर्टल हरमुद्दा डॉट कॉम में समाचार भेजने के लिए हमें harmudda@gmail.com पर ईमेल करे प्रशासन की कार्रवाई : भाजपा नेता के बेटे की हत्या के बाद अपराधियों के अवैध निर्माण पर चले बुलडोजर, मुख्य आरोपी गिरफ्तार -

प्रशासन की कार्रवाई : भाजपा नेता के बेटे की हत्या के बाद अपराधियों के अवैध निर्माण पर चले बुलडोजर, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

 सात बुलडोजर मौके पर

 आरोपी राजा वर्मा गिरफ्तार

हरमुद्दा
इंदौर, 24 मार्च। इंदौर के करीब महू के पिगडंबर में बुधवार रात को हुई हिंसा भाजपा नेता की बेटी की हत्या कर दी गई। इसके बाद से तनाव की स्थिति निर्मित है। पुलिस बल मौजूद है। घटना की छानबीन की जा रही है। मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं चिह्नित किए गए आरोपियों के मकान पर बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण तोड़ा गया है। गृह मंत्री ने कहा कि आरोपी कितना भी बड़ा हो उसे बख्शा नहीं जाएगा।

गुरुवार सुबह प्रशासन सातों आरोपियों के घर के अवैध हिस्से तोड़ रहा है। बताया जा रहा है कि  हमला करने वाले परिवार के लोग रात में ही घर छोड़कर चले गए थे। पुलिस ने मुख्य आरोपित राजा वर्मा उर्फ राजू खटीक को गिरफ्तार कर लिया है।जिला प्रशासन द्वारा पिगडंबर में बुधवार रात हुई घटना में चिह्नित दोषियों के ख़िलाफ कार्रवाई शुरू हो गई। चिह्नित किए गए अपराधियों के अवैध निर्माण ढ़हाने की कार्रवाई प्रारंभ हो गई है। एडीएम पवन जैन और बड़ी संख्या में पुलिस और प्रशासन का अमला कार्रवाई के लिए मौजूद।

इनको किया है चिह्नित

प्रारंभिक जांच के बाद लोकेश वर्मा, मलकेश वर्मा, मन्नू कन्हैया लाल, रोहित बनवारी, भूरा सुंदर, दर्शन प्रकाश और राकेश डान को चिह्नित किया गया है। राकेश डान फिलहाल जेल में बंद है। वहीं पुलिस ने राजा वर्मा को गिरफ्तार किया है।

तोड़े गए करीब 6 भवन

महू में तोड़फोड़ जारी है। करीब छह भवन तोड़े गए हैं। सात जेसीबी मौके पर हैं। राकेश डान के परिवार का एक 15 हजार वर्ग फुट में बना गार्डन भी तोड़ दिया है।

हत्या के बाद भारी पुलिस बल तैनात

उल्लेखनीय है कि इंदौर की महू तहसील के किशनगंज थाना क्षेत्र के गांव पिगडंबर में बीती देर रात हुए विवाद में भाजपा नेता के बेटे की हत्या कर दी गई। तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।

बोरिंग की बात पर हुआ विवाद और घोंप दिया चाकू

सुजीत ठाकुर

बुधवार की रात को पिगडंबर ग्रामीण क्षेत्र में भाजपा के पूर्व ग्रामीण उपाध्यक्ष उदल सिंह ठाकुर का बेटा सुजीत ठाकुर (20) अपने दोस्तों के साथ राऊ की होटल से लौट रहा था। दोपहर में गांव पिगडंबर की एक कॉलोनी में बोरिंग लगाने को लेकर विवाद हुआ था। जिस प्लाट पर बोरिंग हो रहा था, वह संगीता राजेश मेव के नाम पर है। इस विवाद में एक पक्ष महू से था। बोरिंग को लेकर पास रहने वाले कुलदीप पवार से सुजीत की कहासुनी हो गई। इस पर सुजीत ने महू से कुछ लोग भी बुलवा लिए। सभी ने मिलकर कुलदीप पर हमला कर दिया। कुलदीप की ओर से भी कुछ लोग पहुंच गए। गुटीय संघर्ष की स्थिति बन गई। इस दौरान जमकर चाकूबाजी हुई। इसमें सुजीत के पेट और सीने में चाकू लगने से मौत हो गई। साथी ही पिंटू, वीरेंद्र, मादू चौहान, जगदीश चौहान, कुलदीप पवार और धर्मेंद्र जनवार घायल हो गए। सभी को गंभीर हालत में चोइथराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा :  गृहमंत्री

डॉ नरोत्तम मिश्रा

मप्र के गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने मामले में जानकारी ली है। उन्होंने कहा है कि अपराधी कितना भी बड़ा हो उसे बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *