वेब पोर्टल हरमुद्दा डॉट कॉम में समाचार भेजने के लिए हमें harmudda@gmail.com पर ईमेल करे प्रशासनिक लापरवाही का शिकार हुई पिपलौदा उपमंडी, सुविधाओं का अभाव, चारों ओर गंदगी -

प्रशासनिक लापरवाही का शिकार हुई पिपलौदा उपमंडी, सुविधाओं का अभाव, चारों ओर गंदगी

1 min read

 केवल लहसुन मंडी बन कर रह गई उपमंडी

 साइन बोर्ड, सफाई व पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं की है कमी

 भारतीय किसान संघ करेगा आंदोलन

शरद भट्ट
पिपलौदा, 24 मार्च। नगर में संचालित कृषि उपज उपमंडी जिम्मेदारों की लापरवाही से सिर्फ लहसुन मंडी बन कर रह गई है। यहां  मंडी के साइन बोर्ड से लेकर सफाई व पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं सहित विभिन्न समस्याओं का अंबार है, लेकिन किसी को परवाह नहीं है। किसान नेता कहते हैं कुछ भी ठीक नहीं है, व्यापारी कहते है- जैसे भी हो व्यापार चल रहा है और जिम्मेदार अधिकारी क‍हते हैं वैसे तो सब ठीक है, लेकिन फिर भी देख लेंगे। असल परेशानियों की तरफ किसी का ध्यान नहीं है।

जावरा मंडी के अधीन यहां की उपमंडी प्रशासनिक लापरवाहियों का शिकार लगातार होती रही है। किसानों की वास्तविक समस्याओं को हमेशा से नजरअंदाज किया जाता रहा है। यहां मंडी में कम तथा खुले में ज्यादा व्यापार होता है। इसके लिए व्यापारी, किसान तथा प्रशासन तीनों ही जिम्मेदार है। किसानों को मंडी माल ले जाए बिना ही घर पहुच सुविधा, व्यापारी को औने पौने दामों पर माल और प्रशासन को उनका हिस्सा  मिल जाता है। कई समस्याओं को लेकर भारतीय किसान संघ ने मंडी प्रशासन तथा तहसील के जिम्मेदार अधिकारियों को भी इससे अवगत करवाया लेकिन सुधार की संभावनाओं के बाद भी सारे अधिकारी इसे अनदेखा कर सामने से गुजर जाते हैं।

सुविधाओं का अभाव, चारों ओर गंदगी

भारतीय किसान संघ के तहसील अध्यक्ष ईश्वरलाल पाटीदार ने बताया कि मंडी का सांकेतिक बोर्ड गायब है, यहां कांटेदार झाडि़यों से पटा हुआ मंडी का एरिया है, पीने के पानी की पर्याप्त सुविधाओं का अभाव है, चारों ओर गंदगी तथा अतिक्रमण का प्रभाव है, किसानों की लहसुन के अलावा कोई फसल बिकती नहीं, किसान हितैषी नियमों के पालन के बारे में कोई जिम्मेदार सुनता नहीं, सफाई की व्यवस्था नगरीय निकाय और मंडी के अधिकारियों की अपनी अकड़ के कारण चौपट हो गई है। इन सभी समस्याओं को लेकर मंडी सचिव, तहसीलदार सहित जिम्मेंदार अधिकारियों को संघ ने समय समय पर चैताया है, लेकिन समाधान नहीं हो सका है।

उप मंडी को बेहतर बनाने के लिए सभी वर्ग का सहयोग जरूरी

व्याापारी संघ के राजेन्द्र चौहान का कहना है कि समस्याओं की गिनती करने बैठेंगे तो व्यापार प्रभावित होगा, जैसे भी व्यापार चल रहा है तथा मंडी से कई लोगों का रोजगार जुड़ा है। इस उपमंडी को बेहतर बनाने के लिए सभी वर्गों का सहयोग जरूरी है। बिना किसानों तथा प्रशासन के सहयोग के व्यापारी अकेले व्यवस्थाओं को बनाने में सक्षम नहीं है। यदि कोई गैर लाइसेंसी व्यापार कर रहा है या मंडी के बाहर की खरीदी की जा रही है तो मंडी के जिम्मेदार अधिकारियों को कार्यवाही करना चाहिए।

किया जाएगा धरना प्रदर्शन

भारतीय किसान संघ के मंत्री दिलीप पाटीदार ने बताया की जल्द ही भारतीय किसान संघ के बैनर तले मंडी की विभिन्न समस्याओं के लिए पिपलोदा मंडी कार्यालय के समक्ष विशाल धरना प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी समस्त जवाबदारी मंडी सचिव की रहेगी उच्च अधिकारियो को भी  इस संबंध में सूचना कर दी गई  है।

चलाएंगे मुहिम

मंडी सचिव आर.के. जैन का कहना है कि यहां मूलभूत सुविधाएं है, इनकी देखभाल भी की जा रही है। सफाई व्यवस्था, मंडी के साइन बोर्ड, जैसी समस्याओं का समाधान कर दिया जाएगा। यदि कोई गैर लाइसेंसी व्यापार कर रहा है तो मंडी प्रशासन को अवगत करवाए तथा मंडी के बाहर यदि कोई माल खरीदता है तो किसानों को नहीं बेंचना चाहिए। इसके लिए मुहिम चला कर रोकने का प्रयास किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *