औद्योगिक पार्क रतलाम फेस 1 का विकास करने के लिए 462 करोड़ मंजूर
1 min read⚫ विधायक काश्यप ने मुख्यमंत्री को किया धन्यवाद ज्ञापित
हरमुद्दा
रतलाम, 5 अप्रैल। प्रदेश मंत्री परिषद् द्वारा औद्योगिक पार्क रतलाम फेस 1 का विकास करने के लिए 462 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई है। इस स्वीकृति पर शहर विधायक चेतन्य काश्यप ने हर्ष जताते हुए मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान को धन्यवाद ज्ञापित किया है।
श्री काश्यप ने बताया कि मुख्यमंत्री श्री चौहान ने रतलाम प्रवास के दौरान रतलाम औद्योगिक पार्क को विकसित करने के लिए बजट में राशि का जल्द प्रावधान करने की घोषणा की थी। इसके बाद मंत्रीपरिषद् की बैठक में प्रदेश के जिन पांच नवीन औद्योगिक क्षेत्रों के विकास के लिए कुल 714.56 करोड़ की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है। उसमें रतलाम औद्योगिक पार्क फेस 1 के लिए सर्वाधिक 462 करोड़ रुपए स्वीकृत हुए हैं। इससे इस औद्योगिक पार्क को विकसित करने के कार्य में गति आ जाएगी। यह पार्क रतलाम की दशा और दिशा दोनों को बदलने वाला है।
मालवा का प्रमुख औद्योगिक एवं व्यवसायिक केन्द्र बनाने में होगा सहायक
श्री काश्यप ने बताया कि रतलाम औद्योगिक पार्क के विकास हेतु जिला प्रशासन द्वारा उद्योग विभाग को 1400 हेक्टेयर भूमि पहले ही हस्तांतरित कर दी गई है। इस भूमि पर म.प्र. औद्योगिक विकास निगम विकास कार्य करेगा। मेगा औद्योगिक पार्क में 25 हजार करोड़ से अधिक की राशि का पूंजि निवेश होने की संभावना है। इससे 40 हजार से अधिक लोगों को रोजगार प्राप्त होगा। यह पार्क रतलाम को मालवा का प्रमुख औद्योगिक एवं व्यवसायिक केन्द्र बनाने में सहायक होगा।
मिलेगी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान
रतलाम के समीप जामथून, बिबड़ोद, जुलवानिया, पलसोड़ी, रामपुरिया, सरवनीखूर्द ग्राम में विकसित होने वाला औद्योगिक पार्क दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस हाईवे के समीप आकार लेगा। इससे रतलाम को राष्ट्रीय ही नहीं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी।