वेब पोर्टल हरमुद्दा डॉट कॉम में समाचार भेजने के लिए हमें harmudda@gmail.com पर ईमेल करे सैलाना में मुख्यमंत्री ने कहा - चुनाव तो एक बहाना था, मुझे आपसे मिलने आना था, सैलाना के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे -

सैलाना में मुख्यमंत्री ने कहा – चुनाव तो एक बहाना था, मुझे आपसे मिलने आना था, सैलाना के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे

1 min read

⚫ नगर परिषद् के भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में विशाल आमसभा

हरमुद्दा
रतलाम 19 सितम्बर। सैलाना वालों चुनाव तो एक बहाना था, मुझे आपसे मिलने आना था। सैलाना के विकास में भाजपा कोई कसर नहीं छोड़ेगी। पिछले चुनाव में नगरवासियों ने सैलाना में कांग्रेस की परिषद् बनाई थी, लेकिन उसके बाद भी सरकार ने विकास के लिए 67 करोड़ रूपए शहर को दिए। वर्तमान में कांग्रेस की हालत ‘‘इस दिल के टुकड़े हजार हुए, कोई यहां गिरा कोई वहां गिरा’’ जैसी हो गई है। क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए सैलाना में भाजपा की परिषद् बनाए।

यह आह्वान मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने सैलाना नगर परिषद् के चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में विशाल आमसभा को सम्बोधित करते हुए किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अभी भारत जोड़ों नाम से यात्राएं निकाल रही है, लेकिन कांग्रेस के नेता कांग्रेस छोड़ रहे है।

सदैव सर्व स्पर्शी रही भाजपा

कार्यकर्ताओं के लिए जिस पार्टी में सम्मान नहीं हो, वह जनता का दर्द क्या समझेगी। भाजपा सदैव सर्वस्पर्शी रही है और सरकार ने हर वर्ग के कल्याण के लिए कार्य किया है। यही कारण है कि प्रदेश में डेढ़ साल जब कांग्रेस का कुशासन रहा तो कांग्रेस के ही लोगों ने पार्टी छोड़कर प्रदेश में फिर से भाजपा की सरकार बनाने का कार्य किया।

विभिन्न योजनाओं के बारे में बताया

श्री चौहान शासन की विभिन्न योजनाओं के तहत दिए जा रहे लाभों पर प्रकाश डाला और सैलाना के विकास के लिए किए गए कार्यों की जानकारी देते हुए मतदाताओं से नगर परिषद् चुनाव में प्रत्येक वार्ड से भाजपा प्रत्याशी को जिताने की अपील की।

यह थे मंचासीन

जिला प्रभारी मंत्री ओपीएस भदौरिया, सांसद गुमानसिंह डामोर, विधायक चेतन्य काश्यप, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेन्द्रसिंह लुनेरा, जिला प्रभारी श्यामसुंदर शर्मा, जिला महामंत्री एवं पूर्व विधायक संगीता चारेल, जिला पंचायत अध्यक्ष लालाबाई, महापौर सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं पार्टी पदाधिकारीगण इस दौरान मंचासीन रहे। संचालन चुनाव प्रभारी महेश सोनी ने किया। आभार मण्डल अध्यक्ष श्याम धाकड़ ने माना।

8 लेन एक्सप्रेस-वे के हेलीपेड पर मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत

मुख्यमंत्री चौहान सैलाना नगर परिषद् के चुनाव की सभा को सम्बोधित करने के लिए हेलीकॉप्टर से 8 लेन एक्सप्रेस-वे के धामनोद क्षेत्र स्थित हेलीपेड पर उतरे। यहां उनका जिले के प्रभारी मंत्री भदौरिया, सांसद डामोर, विधायक काश्यप, भाजपा जिलाध्यक्ष लुनेरा व जिला प्रभारी शर्मा के नेतृत्व में आत्मीय स्वागत किया गया। जिला मीडिया प्रभारी अरूण त्रिपाठी ने बताया कि हेलीपेड पर मुख्यमंत्री श्री चौहान का स्वागत पार्टी, मोर्चा व प्रकोष्ठ पदाधिकारियों द्वारा किया गया। इस दौरान निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा, जनपद अध्यक्ष साधना जायसवाल, पूर्व विधायक मथुरालाल डामर, जिला महामंत्री संगीता चारेल, पूर्व जिलाध्यक्ष ईश्वरलाल पाटीदार, पूर्व जिला महामंत्री मनोहर पोरवाल, जिला उपाध्यक्ष सुनील सारस्वत, जिला मंत्री सोना शर्मा, राजेन्द्र पाटीदार, जिला कार्यालय मंत्री मनोज शर्मा सहित जिला व मण्डल पदाधिकारी व कार्यकर्तागण आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *