वेब पोर्टल हरमुद्दा डॉट कॉम में समाचार भेजने के लिए हमें harmudda@gmail.com पर ईमेल करे जल संवर्धन एवं जल संरक्षण अभियान को जन-आन्दोलन बनाना होगा: बबनी लाल -

जल संवर्धन एवं जल संरक्षण अभियान को जन-आन्दोलन बनाना होगा: बबनी लाल

1 min read

हरमुद्दा
शाजापुर, 10 जुलाई। जिले में भूमिगत जल के अत्यधिक दोहन के कारण क्रिटिकल स्थिति निर्मित हो गई है। भूमिगत जल स्तर बढ़ाने के लिए जल संवर्धन और संरक्षण के लिए भारत सरकार द्वारा चलाए जा रहे जल-शक्ति अभियान को जन-आन्दोलन बनाना होगा।
यह बात जलशक्ति अभियान के लिए शाजापुर के लिए नियुक्त प्रभारी तथा आर्थिक सलाहकार, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग बबनी लाल ने कहीं।

सलाहकार नगरीय निकायों के मुख्य नगरपालिका अधिकारियों, जनपद पंचायतों के अध्यक्षों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों को संबोधित कर रही थी।

बनायी जाए ठोस कार्ययोजना
जिले में भू-जल स्तर की जानकारी प्राप्त करते हुए जिला प्रभारी बबनी लाल ने कहा कि भू-जल स्तर लगातार कम हो रहा है, इसको बढ़ाने के लिए ठोस कार्ययोजना बनायी जाए। साथ ही आमजनता में जल संरक्षण और संवर्धन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए इसे जन-आन्दोलन भी बनाए। आम जन को शासन द्वारा जल संवर्धन के लिए क्या किया जा रहा है, यह भी बताया जाना चाहिए। आमजन को इसमें सहयोग करने के लिए प्रेरित भी करें। स्थानीय निकायों और आमजनों द्वारा जलसंवर्धन के लिए किए गए कार्यों को व्यापक रूप से प्रचारित भी किया जाना चाहिए, ताकि अन्य जन भी प्रेरित हो सके।

जल ग्रहण मिशन के कार्यों की दी जानकारी
सलाहकार को बैठक में सर्वप्रथम जिला पंचायत सीईओ ने शाजापुर जिले की भौगोलिक स्थिति से परिचय कराया। साथ ही उन्होंने जिले में निर्मित और निर्माणाधीन जल परियोजनाओं, संरचनाओं आदि की जानकारी दी। साथ ही जिले में संचालित जल ग्रहण मिशन के कार्यों से भी अवगत कराया। उद्यानिकी विभाग सहित अन्य विभागों द्वारा इस वर्ष प्रस्तावित पौधारोपण की जानकारी भी दी। उन्होंने क्षतिग्रस्त जल संरचनाओं की मरम्मत के संबंध में भी पूछा। लोकस्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के एसडीओ केएस डामोर से नलकूपों की रिचार्जिंग की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कम पानी अवशोषित करने वाली प्रजातियों के पौधों को अधिक से अधिक लगाए जाना चाहिए।

जल संरक्षण के लिए बनायी गई जल संरचना की दी जानकारी 

इस अवसर पर अकोदिया से आए प्रतिनिधि मण्डल, अशासकीय संगठनों ने जल संरक्षण के लिए किए जाने वाले उपायों की जानकारी दी। जिला जेल के उपअधीक्षक गौतम ने स्वयं एवं कर्मचारियों की मदद से जल संरक्षण के लिए बनायी गई जल संरचना की जानकारी दी।

यह थे उपस्थित
इस अवसर पर भारत सरकार के केन्द्रीय जल आयोग के अधीक्षण यंत्री एके पॉल, कलेक्टर डॉ. वीरेन्द्र सिंह रावत, जनपद पंचायत मो. बड़ोदिया अध्यक्ष अजबसिंह पंवार, जिला पंचायत सीईओ शिवानी वर्मा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जी.एल. सोढ़ी, एसडीओ राजस्व यूएस मरावी, महिला एवं बाल विकास कार्यक्रम अधिकारी सुभाष जैन, एसडीओ वन एएस ओहरिया, जिला शहरी विकास अभिकरण परियोजना अधिकारी भूपेन्द्र दीक्षित सहित विभिन्न विभागां के अधिकारी भी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *