वेब पोर्टल हरमुद्दा डॉट कॉम में समाचार भेजने के लिए हमें harmudda@gmail.com पर ईमेल करे मध्यप्रदेश शिक्षक संघ कर रहा महत्वपूर्ण भूमिका का बखूबी निर्वहन : देशपांडे -

मध्यप्रदेश शिक्षक संघ कर रहा महत्वपूर्ण भूमिका का बखूबी निर्वहन : देशपांडे

🔲 मध्यप्रदेश शिक्षक संघ के स्वर्ण जयंती समारोहों का शुभारंभ

हरमुद्दा
भोपाल, 1 नवंबर। मध्यप्रदेश शिक्षक संघ एक कैडर बेस संगठन है, जो समाज परिवर्तन के एक घटक के रूप में राष्ट्रीय पुनर्निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका का बखूबी निर्वहन कर रहा है। ईर्ष्या दोष से परे सामूहिकता की भावना को लेकर, व्यक्तिगत हितों को दरकिनार कर कार्य करने वाले समर्पित कार्यकर्ताओं का यह संगठन है।
उक्ताशय के उद्गार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय सम्पर्क प्रमुख प्रो अनिरुद्ध देशपांडे ने मध्यप्रदेश शिक्षक संघ की स्थापना के सफलतम 50 वर्ष पूरे होने पर आभासी पटल पर आयोजित स्वर्ण जयंती समारोहों के शुभारंभ अवसर पर व्यक्त किए। यह जानकारी संघ के रतलाम जिलाध्यक्ष सर्वेश कुमार माथुर ने दी।

प्रत्येक शिक्षक राष्ट्रीय पुनर्निर्माण के ध्येय को रखें ध्यान में

अपने अधिकारों की रक्षा के साथ कर्तव्यबोध की भावना से संगठन को चलाना, प्रसन्न भाव से बच्चों के कल्याण के बारे में विचार करना यही शिक्षक संघ का कार्य होता है। जिसे शिक्षक संघ ने पूरा करने का सतत प्रयास किया है।प्रत्येक शिक्षक राष्ट्रीय पुनर्निर्माण के ध्येय को ध्यान में रखकर वह अध्यापन कार्य करें। उसे विचार करना चाहिए कि मैंने अपनी पूरी क्षमता का उपयोग कर अपना आज का शिक्षण कार्य किया क्या? क्योंकि प्रत्येक बात का रास्ता शिक्षा से होकर ही निकलता है। शिक्षा से ही राष्ट्र का विकास हो सकता है। प्रत्येक शिक्षक को शिक्षक संघ अपना लगे ऐसा प्रयास होना चाहिए। आपने नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति के प्रमुख बिंदुओं पर भी प्रकाश डाला।

किसी भी संगठन के लिए स्वर्ण जयंती मनाना एक बड़ी उपलब्धि : सिंघल

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो जे पी सिंघल ने कहा कि किसी भी संगठन के लिए स्वर्ण जयंती मनाना एक बड़ी उपलब्धि है। मध्यप्रदेश शिक्षक संघ ने पिछले पचास वर्षों में अनेकों महत्वपूर्ण सोपान तय किए हैं और आज देश के एक शक्तिशाली संगठन के रूप में स्थापित है।

कोरोना संक्रमण के कारण प्रत्यक्ष एकत्रीकरण संभव नहीं : इंगले

मध्यप्रदेश शिक्षक संघ के प्रांताध्यक्ष लछीराम इंगले ने संघ की स्थापना से लेकर अब तक 50 वर्षों की उपलब्धियों और रीतिनीति पर प्रकाश डालते हुए बताया कि कोरोना संक्रमण के कारण प्रत्यक्ष एकत्रीकरण संभव नहीं हो पाने के कारण आभासी पटल पर कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। स्थिति सामान्य होते ही व्यापक स्तर पर प्रत्यक्ष बड़े कार्यक्रमों का आयोजन पूरे प्रदेश में किया जाएगा एवं शिक्षा ज्ञान ज्योति यात्रा भी निकाली जाएगी। अगले वर्ष अक्टूबर 2021 में प्रदेश स्तरीय भव्य समारोह का आयोजन एवं स्मारिका का विमोचन भी किया जाएगा।

यह थे मौजूद

स्वर्ण जयंती गीत मालवा प्रांत संगठन मंत्री एवं स्वर्ण जयंती समारोह के संयोजक देवकृष्ण व्यास ने प्रस्तुत किया। इस अवसर पर अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के अखिल भारतीय संगठन मंत्री महेन्द्र कपूर, उपाध्यक्ष हिम्मत सिंह जैन, कोषाध्यक्ष संजय राऊत, मीडिया प्रमुख विजय कुमार सिंह, प्रदेश के सभी पदाधिकारी, संभाग, जिले, तहसील, महानगर, नगर इकाइयों के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं तथा शिक्षकों की उपस्थिति उल्लेखनीय रही। जगदीश उपमन्यु संभागीय सचिव, बी एल मडोतियासंभागीय उपाध्यक्ष, गोविन्द व्यास ,पंकज दोहरे, जिला उपाध्यक्ष, जितेन्द्रसिंह चौहान, सर्वेशकुमार माथुर जिलाध्यक्ष ने इस आँनलाईन मीटिंग में सहभागिता की। संचालन संघ के प्रांतीय महामंत्री क्षत्रवीर सिंह राठौर ने किया। आभार प्रदर्शन महाकौशल प्रांत संगठन मंत्री लक्ष्मी नारायण अग्रवाल ने माना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed