कागज की पुड़िया फेंकते हुए लुटेरों ने कहा “हम तुम्हारा सामान लौटा रहे हैं, पीछा मत करो।”
⚫ नकली पुलिस बनकर सैलाना में सोने की चैन और अंगूठी ले गए थे लुटेरे
⚫ सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पीछा किया लुटेरे का
⚫ 3:50 लाख से अधिक के आभूषण फेंक कर भागे
हरमुद्दा
रतलाम, 24 अक्टूबर। नकली पुलिस बनकर सोने की चैन और अंगूठी लूटने वाले आरोपियों का सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने पीछा किया, मगर पुलिस उन्हें पकड़ने में कामयाब नहीं हुई। पुलिस को पीछे आते देख मोटरसाइकिल से भाग रहे आरोपियों ने कागज की पुड़िया फेंकते हुए कहा “हम तुम्हारा सामान लौटा रहे हैं, पीछा मत करो।” सोने की चैन और अंगूठी की पुड़िया फेंक गए। जिसकी कीमत साढ़े तीन लाख से अधिक है। पुलिस आरोपियों की तलाश में राजधानी की ओर गई है।

पत्रकारों को जानकारी देते हो पुलिस अधीक्षक अमित कुमार समीप है सैलाना थाना प्रभारी अजनार
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने पत्रकार वार्ता में बताया कि 22 अक्टूबर को सुबह सैलाना निवासी सुशील शर्मा मंदिर में दर्शन करने गए थे। लौटते समय रुद्र पेट्रोल पंप से कुछ दूरी पर दो व्यक्ति पुलिस की वर्दी में मिले, उन्होंने रोका। श्री शर्मा से अंगूठी और चैन उतरवा कर पुड़िया बनाई। दूसरी पुड़िया थमा कर चले गए।
नकली जेवर मिलने पर शर्मा ने कार्रवाई रिपोर्ट दर्ज
श्री शर्मा ने जब पुड़िया खोली तो उसमें नकली चैन व अंगूठी निकली। श्री शर्मा ने घटना की रिपोर्ट पर थाना सैलाना में अपराध क्रमांक 492/25 धारा 318 भारतीय न्याय संहिता 2023 (BNS) का प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। लुटेरे उनकी लगभग 3 तोला सोने की चैन व अंगूठी (कीमत लगभग 3 लाख 60,000) लेकर फरार हो गए।
गठित टीम ने खंगाले सीसीटीवी फुटेज
घटना की गंभीरता पर पुलिस अधीक्षक द्वारा थाना प्रभारी पिंकी अजनार एवं निरीक्षक सुरेंद्र गडरिया के नेतृत्व में गठित टीम की। टीम ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। पेट्रोल पंपों के कैमरों में दो संदिग्ध व्यक्तियों को मोटरसाइकिल पर जाते देखा गया। टीम ने उनका पीछा करते हुए जावरा से हुसैन टेकरी मार्ग तक ट्रेस किया। संदेहियों के जावरा क्षेत्र में सक्रिय होने की जानकारी पर तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें पकड़ने का प्रयास किया गया। संदिग्धों ने पुलिस को देखकर MP-04-YD-2092 नंबर की मोटरसाइकिल से भागने का प्रयास किया।
पुड़िया फेंककर भाग गए लुटेरे
पुलिस टीम द्वारा पीछा करने पर बदमाशों ने एक कागज की पुड़िया फेंकते हुए कहा “हम तुम्हारा सामान लौटा रहे हैं, पीछा मत करो।” पुलिस द्वारा पुड़िया उठाकर जांच की गई जिसमें एक सोने की चैन और अंगूठी बरामद हुई। थाना लाकर फरियादी को बुलाया गया, जिन्होंने अपने सोने के आभूषणों की सुनिश्चित पहचान की। पंचनामा बनाकर आभूषणों को जब्त किया गया।
मोटरसाइकिल भोपाल के सईद के नाम पर है दर्ज
मोटरसाइकिल क्रमांक MP-04-YD-2092, जिसका मालिक सईद पिता रईस खान निवासी कोहेफीजा, नशेमन गार्डन, भोपाल पाया गया। वाहन मालिक एवं संभावित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम भोपाल रवाना की गई है।
Hemant Bhatt