मंदिर में भगदड़ : सावन के तीसरे सोमवार पर करंट फैलने से मची भगदड़, दो की मौत, दो दर्जन से अधिक घायल
⚫ रात को 3:00 बजे हुआ हादसा
⚫ बंदरों के कूदने से बिजली के तार टूटे
हरमुद्दा
बाराबंकी (उत्तर प्रदेश) 28 जुलाई। सावन के तीसरे सोमवार को बाराबंकी जिले के हैदरगढ़ इलाके में प्रसिद्ध औसानेश्वर महादेव मंदिर में बड़ा हादसा हो गया। यहां उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब जलाभिषेक के दौरान अचानक करंट फैलने से भगदड़ की स्थिति बन गई। हादसे में दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई। दो दर्जन से अधिक श्रद्धालु लोग घायल हो गए।

करंट से प्रभावितों को अस्पताल ले जाते हुए
स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह घटना सुबह करीब 3 बजे उस समय हुई जब भारी संख्या में श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए मंदिर परिसर में एकत्रित थे।
बंदर के कूदने से टूटा बिजली का तार
डीएम का कहना है कि बिजली के तार पर बन्दर कूद गए, जिससे तार टूटकर मंदिर परिसर के टीन शेड पर गिर गया। तार के गिरते ही उससे करंट शेड में फैल गया, जिससे वहां मौजूद लोग दहशत में आ गए और भगदड़ मच गई। मौके पर डीएम समेत अन्य अधिकारी पहुंच गए। दो दर्जन से अधिक प्रभावित को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।
एक की हुई पहचान
मरने वालों में लोनीकटरा थाना क्षेत्र के मुबारकपुरा गांव निवासी 22 साल का प्रशांत और एक अन्य श्रद्धालु शामिल हैं। दोनों को त्रिवेदीगंज सीएचसी में इलाज के लिए लाया गया था।
Hemant Bhatt