धर्म संस्कृति : भव्य आध्यात्त्मिक समागम

प्रवाहित हो रही ज्ञान और आध्यात्मिक विचारों की अविरल धारा ने संपूर्ण जोधपुर को भक्तिमय बना दिया है। यह आयोजन न केवल सनातन संस्कृति के मूल संस्कारों को पुनर्जीवित कर रहा है, बल्कि श्रद्धालुओं के लिए उनके जीवन का एक अत्यंत सुखद और अविस्मरणीय अनुभव बन गया है।

धर्म संस्कृति : भव्य आध्यात्त्मिक समागम

⚫ सूर्यनगरी जोधपुर में स्वामी अवधेशानन्द गिरि जी महाराज की श्रीराम कथा 

⚫ उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

⚫​ सनातन संस्कृति और मातृशक्ति का अनूठा समर्पण

हरमुद्दा
​जोधपुर, 15 नवंबर। सूर्यनगरी जोधपुर में इन दिनों धर्म, संस्कृति और आध्यात्मिकता की त्रिवेणी बह रही है। अवसर है पूज्य स्वामी अवधेशानन्द गिरि जी महाराज के सान्निध्य में आयोजित दिव्य श्रीराम कथा का। कथा के तीसरे दिन भी भव्य पंडाल में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला, जहाँ अमृतमय प्रसंगों का श्रवण कर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।

श्रीमत्परमहंस परिव्राजकाचार्य श्रोत्रिय ब्रह्मनिष्ठ अनन्तश्रीविभूषित जूनापीठाधीश्वर आचार्यमहामण्डलेश्वर पूज्यपाद श्री स्वामी अवधेशानन्द गिरि जी महाराज ‘पूज्य आचार्यश्री’ के श्रीमुख से लोककल्याणार्थ दशहरा मैदान, जोधपुर में ‘प्रभु प्रेमी संघ, जोधपुर’ द्वारा आयोजित श्रीराम कथा के "तृतीय दिवस" का दिव्य आध्यात्मिक अनुष्ठान अत्यन्त भावपूर्ण रहा।

"पूज्य आचार्यश्री" ने आज तृतीय दिवस के कथा का आरम्भ करते हुए कहा कि -
"हरिः सर्वेषु भूतेषु भगवानास्त ईश्वरः ।
इति भूतानि मनसा कामैस्तैः साधु मानयेत् ।।
अर्थात्, भगवान श्रीहरि परमात्मा के रूप में सभी प्राणियों के हृदय में निवास करते हैं। इस सत्य को मन में धारण करके मनुष्य को चाहिए कि वह बिना किसी भेदभाव के प्रत्येक जीव का हृदय से सम्मान करे और उनकी आवश्यकताओं के अनुसार यथायोग्य सेवा व सत्कार करे।

सत्कर्मों में हो हमारी प्रति

सत्कमों में हमारी प्रीति हो और निर्बाध होना चाहिए, क्योंकि सत्कर्मों में निर्बाध प्रीति बनाए रखने के लिए किसी बाहरी दबाव के बिना अपना स्वाभाविक धर्म और आनन्द का स्रोत बनाये रखना आवश्यक है। जब हमारे अच्छे कर्म केवल कर्तव्य न रहकर अंतर्मन की खुशियाँ बन जाते हैं, तब वे निर्बाध और निरन्तर चलते रहते हैं।

तस्मात्सर्वेषु कालेषु मामनुस्मर युध्य च।
मय्यर्पितमनोबुद्धिर्मामेवैष्यस्यसंशयम् ।।
श्रीमद्भगवत गीता में भगवान श्रीकृष्ण अर्जुन से कहते हैं - हे पार्थ ! हरपल मेरा स्मरण कर और युद्ध भी कर। इस प्रकार मुझमें मन और बुद्धि को पूरी तरह अर्पित करके तू निसंदेह मुझे ही प्राप्त होगा। इसलिए, मनुष्य को अपने सांसारिक कर्तव्यों को निभाते हुए भी मानसिक रूप से ईश्वर का ध्यान और समर्पण बनाए रखना चाहिए।

अर्पण तर्पण समर्पण का विशेष महत्व भारतीय संस्कृति में

हमारी भारतीय संस्कृति में अर्पण, तर्पण और समर्पण का विशेष महत्व है। सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक परंपरा में अर्पण, तर्पण और समर्पण जीवन के तीन अत्यंत महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। ये तीनों शब्द मनुष्य को अहंकार से मुक्त कर कर्तव्य, कृतज्ञता और प्रेम के मार्ग पर ले जाते हैं। "अर्पण" का अर्थ है - अपने पास जो कुछ भी श्रेष्ठ है, उसे ईश्वर, प्रकृति या समाज के हित में विनम्रतापूर्वक भेंट करना। "तर्पण" का शाब्दिक अर्थ है - 'तृप्त करना'। यह हमारे पूर्वजों, पितरों, ऋषियों और देवताओं के प्रति आभार व्यक्त करने की विधि है। यह हमें अपनी जड़ों से जोड़े रखता है और सिखाता है कि हमारा आज का अस्तित्व हमारे पूर्वजों के त्याग और आशीर्वाद का परिणाम है। "समर्पण" इन तीनों में सबसे ऊँची अवस्था है। इसमें व्यक्ति केवल कोई वस्तु नहीं देता, बल्कि स्वयं अपने 'अहं' (मैं) को ही ईश्वर या किसी महान उद्देश्य के प्रति पूरी तरह सौंप देता है। बिना किसी फल की इच्छा के अपना सर्वश्रेष्ठ कर्म करते रहना ही सच्चा समर्पण है।

सनातन संस्कृति और मातृशक्ति का अनूठा समर्पण

इस पावन आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता धर्म और सेवा के कार्यों में मातृशक्ति की सक्रिय सहभागिता है। इंदौर से पधारीं आशा जी तथा रतलाम से विशेष रूप से जुड़ीं सुषमा शर्मा, प्रिया, मनीषा और सीमा प्रभु सहित अनेक महिलाएँ पूरे सेवाभाव और समर्पण के साथ आयोजन की विभिन्न व्यवस्थाओं को संभाल रही हैं। उनका यह सेवाकार्य सनातन संस्कृति में नारी शक्ति के प्रभाव और प्रतिबद्धता का जीवंत उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है।

दिग्गजों और संतों की गरिमामयी उपस्थिति

कथा के तीसरे दिन देश और प्रदेश के कई विशिष्ट राजनीतिक, प्रशासनिक और आध्यात्मिक दिग्गजों ने पहुँचकर कथा का श्रवण किया और आशीर्वाद प्राप्त किया।

राजनीतिक एवं प्रशासनिक नेतृत्व: राजस्थान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, संगठन महामंत्री अजेय कुमार, केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, जोधपुर की महारानी हेमलता, पोकरण विधायक महंत प्रताप पुरी जी महाराज, जोधपुर महापौर प्रसन्न चंद मेहता और कमिश्नर अनुसुमन भोमिया।

उद्योग जगत: सुप्रसिद्ध उद्योगपति राधेश्याम रंगा।

संत समाज: पूज्य स्वामी हरिराम शास्त्री जी महाराज, पूज्य स्वामी नित्यानंद गिरि जी महाराज, पूज्य स्वामी कल्याणानंद गिरि जी महाराज, पूज्य स्वामी ज्ञानानंद गिरि जी महाराज तथा ऋषि ज्ञानात्मा जी।

इसके अतिरिक्त, प्रभु प्रेमी संघ के प्रमुख न्यासीगण, पदाधिकारी, कार्यकर्ता, शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी तथा देश-विदेश से पधारे बड़ी संख्या में संतजन और श्रद्धालु इस दिव्य महायज्ञ में सम्मिलित हुए।

ज्ञान और भक्ति की अविरल धारा

कथा के दौरान प्रवाहित हो रही ज्ञान और आध्यात्मिक विचारों की अविरल धारा ने संपूर्ण जोधपुर को भक्तिमय बना दिया है। यह आयोजन न केवल सनातन संस्कृति के मूल संस्कारों को पुनर्जीवित कर रहा है, बल्कि श्रद्धालुओं के लिए उनके जीवन का एक अत्यंत सुखद और अविस्मरणीय अनुभव बन गया है।