सामाजिक सरोकार : उज्जैन में आयोजित HLA कैंप में थैलेसीमिया पीड़ितों के उज्ज्वल भविष्य की बनी रणनीति, 

सामाजिक सरोकार : उज्जैन में आयोजित HLA कैंप में थैलेसीमिया पीड़ितों के उज्ज्वल भविष्य की बनी रणनीति, 

⚫ 100 से अधिक बच्चों और परिवारों का जुटा संबल

⚫ रतलाम में जल्द होगी विशेष कार्यशाला

हरमुद्दा
​रतलाम/उज्जैन, 5 अक्टूबर। थैलेसीमिया रोग से पीड़ित बच्चों और उनके परिवारों के जीवन में नया प्रकाश लाने और इस बीमारी के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से थैलेसीमिया जन जागरण समिति मध्य प्रदेश की वार्षिक बैठक एवं एचएलए (HLA) कैंप शनिवार को बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन में हुआ। इस राज्यस्तरीय आयोजन में प्रदेशभर के सैकड़ों परिवारों ने सहभागिता कर एकजुटता और नई उम्मीद का संदेश दिया।


​कार्यक्रम में रतलाम जिले का नेतृत्व करते हुए प्रदेश मार्गदर्शक गोविंद काकानी, प्रदेश उपाध्यक्ष व थैलेसीमिया योद्धा सुश्री वर्षा पवार तथा जिला अध्यक्ष सुमित मोड ने अपनी प्रभावी उपस्थिति दर्ज कराई। रतलाम प्रतिनिधिमंडल द्वारा दिए गए व्यावहारिक सुझावों और मार्गदर्शन को बच्चों के स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य के लिए बेहद अहम माना गया।

100 से अधिक बच्चों और परिवारों का जुटा संबल

समिति के संरक्षक सत्येंद्र सिंह राठौर ने बताया कि शिविर में 100 से अधिक प्रभावित बच्चे और उनके परिजनों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आपसी संवाद, विचार-विमर्श और समन्वय के जरिए थैलेसीमिया पीड़ितों की समस्याओं का स्थाई समाधान खोजना रहा। वहीं, प्रदेश अध्यक्ष पंडित विकास शुक्ला ने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने पर बल देते हुए परिवारों के कल्याण के लिए नई और ठोस कार्ययोजनाओं के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

​रतलाम में आयोजित होगी विशेष कार्यशाला

बैठक के दौरान प्रदेश मार्गदर्शक गोविंद काकानी ने थैलेसीमिया पीड़ित परिवारों के मार्गदर्शन और सहायता के लिए रतलाम में जल्द ही एक विशेष राज्यस्तरीय कार्यशाला आयोजित करने का प्रस्ताव रखा, जिसे समिति ने सर्वसम्मति से सहर्ष स्वीकार कर लिया।

प्रदेशभर के प्रतिनिधियों का मिला सहयोग

इस गरिमामय आयोजन में वरिष्ठ सदस्य अजय घोष, प्रकाश रोचलानी, निर्मल सतवानी, सुनील भावसार, अश्विन खत्री, डॉ. हिमांशु यजुर्वेदी के साथ-साथ नीमच, मंदसौर, दमोह, सेंधवा, इंदौर, सागर, खंडवा, भोपाल और जबलपुर समेत कई जिलों के जिला अध्यक्ष उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सफल संयोजन के लिए उज्जैन के विनीत मेहंदीरता व उनकी टीम का उपस्थित परिवारों ने करतल ध्वनि से आभार प्रकट किया।