खेल सरोकार : मास्टर्स खिलाड़ियों की उपेक्षा पर खेल सरकार को घेरा

खेल सरोकार : मास्टर्स खिलाड़ियों की उपेक्षा पर खेल सरकार को घेरा

भोपाल में एमजीए की वार्षिक बैठक

⚫ पैरा खिलाड़ियों की तर्ज पर सुविधाएं देने की मांग

हरमुद्दा
​भोपाल, 14 सितंबर। राजधानी के राजहंस होटल में मास्टर्स गेम्स एसोसिएशन (MGA) की वार्षिक बैठक संरक्षक अजय सिंह चौहान के मार्गदर्शन एवं अध्यक्ष मुमताज खान की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में प्रदेश के 22 से अधिक जिलों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया, जिसमें मास्टर्स खिलाड़ियों के प्रति शासन-प्रशासन के रवैये और खेल विकास के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया।


​विदेशों में भारत का मान बढ़ाने वाले मास्टर्स खिलाड़ियों की सुध ले सरकार: मुमताज खान

एसोसिएशन के अध्यक्ष मुमताज खान ने मध्य प्रदेश सरकार के खेल विभाग और नीति-निर्धारकों का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि राज्य सरकार को पैरा खिलाड़ियों की तर्ज पर मास्टर्स खिलाड़ियों की भी सुधि लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मास्टर्स खिलाड़ी बिना किसी सरकारी वित्तीय सहायता के, अपने निजी खर्च पर विदेशों में जाकर पदक जीतते हैं और भारत का मान बढ़ाते हैं। इसके बावजूद सरकार का ध्यान इन अनुभवी एथलीटों की ओर नहीं है। उन्होंने प्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे अपने-अपने जिलों में खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन करें ताकि अधिक से अधिक वरिष्ठ खिलाड़ियों को पुनः मैदान से जोड़ा जा सके।

खेल ही सक्रिय रहने का सर्वश्रेष्ठ साधन : अजय सिंह चौहान

​बैठक को संबोधित करते हुए संरक्षक अजय सिंह चौहान ने कहा कि जब 30 से 50 वर्ष की आयु का खिलाड़ी मैदान पर उतरता है, तो उसमें एक नई ऊर्जा का संचार होता है। शारीरिक और मानसिक रूप से सक्रिय बने रहने का खेल ही सबसे श्रेष्ठ साधन है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मास्टर्स खेल केवल प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि युवाओं के लिए प्रेरणा और स्वास्थ्य सुरक्षा का एक सशक्त माध्यम हैं।

अगली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता गुना में होगी, संगठन में नई नियुक्तियाँ

बैठक में सर्वसम्मति से आगामी राज्य स्तरीय मास्टर्स प्रतियोगिता का आयोजन गुना जिले में कराने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही एसोसिएशन का पुनर्गठन करते हुए कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ सौंपी गईं।

कोषाध्यक्ष: ओ. पी. मालवीय (श्रवण यादव के स्थान पर)

उपाध्यक्ष: आशीष नगर

महिला प्रोत्साहन संयोजक (इंदौर): सृजनिका लोखंडे

महिला प्रोत्साहन सह-संयोजक (रतलाम): जूलिया डेविड

वरिष्ठ खेल हस्तियों की मौजूदगी

बैठक में मध्य प्रदेश एथलेटिक्स एसोसिएशन के सचिव के. ए. मुरलीधर विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा अनूपपुर से बादल रॉय, उज्जैन से अब्दुल वहाब, इंदौर से गोविंदा चिंतामन, छतरपुर से राजेंद्र सिंह ठाकुर व श्याम मिश्रा और गुना से नईम खान ने भी मास्टर्स खिलाड़ियों के अधिकारों और खेल नीति पर अपने विचार व्यक्त किए। संचालन एसोसिएशन के सचिव अमानत खान ने किया। सभी प्रतिनिधियों का आभार रतलाम की जूलिया डेविड ने व्यक्त किया।