धर्म संस्कृति : गीता प्रेस की पत्रिका ‘कल्याण’ के शताब्दी समारोह में शामिल होंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
⚫ श्री हनुमान प्रसाद पोद्दार के 134वें जयंती महोत्सव
⚫ प्रो. राकेश सिन्हा, प्रो. संजय द्विवेदी सहित अनेक विद्वान करेंगे संबोधित
हरमुद्दा
गोरखपुर, 6 अक्टूबर। भारतीय संस्कृति, सनातन धर्म और नैतिक मूल्यों के प्रचार-प्रसार के लिए समर्पित गीता प्रेस की प्रतिष्ठित पत्रिका ‘कल्याण’ के शताब्दी समारोह का आयोजन 7 अक्टूबर को गोरखपुर में किया जाएगा। सायं 4 बजे आयोजित इस समारोह की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ करेंगे।

यह आयोजन श्री हनुमान प्रसाद पोद्दार के 134वें जयंती महोत्सव के अवसर पर किया जा रहा है। समारोह में देश के प्रख्यात विद्वान और विचारक पत्रिका ‘कल्याण’ की सौ वर्षों की वैचारिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक यात्रा पर अपने विचार व्यक्त करेंगे।
यह करेंगे संबोधित

समारोह को पूर्व सांसद प्रो. राकेश सिन्हा, अखिल भारतीय इतिहास संकलन योजना के राष्ट्रीय संगठन सचिव डॉ. बालमुकुंद पाण्डेय, भारतीय जन संचार संस्थान (आईआईएमसी) के पूर्व महानिदेशक प्रो. संजय द्विवेदी तथा भारतीय इतिहास अनुसंधान परिषद के निदेशक डॉ. ओम उपाध्याय संबोधित करेंगे।
प्रासंगिकता पर होगा विचार विमर्श

उल्लेखनीय है कि पत्रिका ‘कल्याण’ ने एक शताब्दी से भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा, आध्यात्मिक चिंतन और नैतिक जीवन-मूल्यों के प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। यह पत्रिका भारतीय ज्ञान परंपरा और सांस्कृतिक चेतना को जन-जन तक पहुंचाने का एक सशक्त माध्यम रही है। शताब्दी समारोह में इसकी ऐतिहासिक भूमिका, वैचारिक योगदान और समकालीन समाज में इसकी प्रासंगिकता पर विमर्श होगा।
Hemant Bhatt