चोरी का पर्दाफाश : 12 लाख की चांदी व 72 हजार नकद बरामद
⚫ रतलाम में 7 दिन में दुकान की नकबजनी का खुलासा
⚫ 2 आरोपी राहुल गिरफ्तार व 2 बालक अभिरक्षा में
हरमुद्दा
रतलाम, 21 नवंबर। संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने और चोरी-नकबजनी की वारदातों का शीघ्र पर्दाफाश करने के अभियान के तहत थाना स्टेशन रोड पुलिस ने महज सात दिनों के भीतर दुकान में हुई बड़ी नकबजनी की घटना का खुलासा किया है। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, करीब 400 से 500 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से 02 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि 02 विधि विरुद्ध बालकों को अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपियों के कब्जे से लगभग 03 किलो चांदी की ज्वेलरी (अनुमानित कीमत 12 लाख रुपये), 72 हजार रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल दो मोटरसाइकिलें जब्त की गई हैं।
क्या थी पूरी घटना?
पत्रकार वार्ता में कार्रवाई का खुलासा करते हुए बताया कि 14 नवंबर 2026 को फरियादी हर्षल पिता गिरीश गांधी (उम्र 24 वर्ष), निवासी सागौद रोड, रतलाम ने थाना स्टेशन रोड में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उनके पिता की महू रोड स्थित लावण्या पैलेस के सामने ‘डिजाइन सरमाईका सेनेटरी’ के नाम से सेनेटरी व टाइल्स की दुकान है, जिसके केबिन में फरियादी ऑनलाइन चांदी के आभूषणों का व्यापार भी करते हैं।
बिखरा सामान देख दी सूचना
8 नवंबर को फरियादी रिंग, ब्रेसलेट, ईयररिंग, चेन व नेकलेस समेत चांदी की ज्वेलरी तीन प्लास्टिक बॉक्स में रखकर दुकान लाए थे। 13 नवंबर की शाम करीब 6:30 बजे दुकान बंद कर वे घर चले गए। अगले दिन सुबह कर्मचारी ने केबिन में सामान बिखरा होने की सूचना दी। जांच में चांदी के दो बॉक्स, अलमारी में रखी तिजोरी, पिता के 3,48,000 रुपये नकद, क्रेडिट-डेबिट कार्ड व अन्य दस्तावेज गायब मिले। सीसीटीवी फुटेज में रात करीब 2:45 बजे दो नकाबपोश चोरी करते दिखे। इस पर थाना स्टेशन रोड में अपराध क्रमांक 898/2026, धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
30 किमी दायरे में खंगाले 400-500 कैमरे, ऐसे मिली सफलता
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रतलाम श्री अमित कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री राकेश पंद्रो एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्री विवेक कुमार लाल के निर्देशन तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्री सत्येन्द्र घनघोरिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी स्टेशन रोड निरीक्षक मुनेन्द्र गौतम के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम में थाना स्टेशन रोड पुलिस के साथ साइबर सेल, सीसीआर और इंट्रोगेशन टीम को शामिल किया गया।
घटना के बाद से थे गायब
टीम ने घटनास्थल से करीब 30 किलोमीटर के दायरे में आने वाले मार्गों व संभावित स्थानों के लगभग 400–500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और साइबर सेल ने तकनीकी विश्लेषण किया। इसी आधार पर संदिग्ध राहुल गुण्डिया और राहुल बारिया के नाम सामने आए, जो विरियाखेड़ी क्षेत्र में मस्जिद के पास किराये से रहते थे और घटना के बाद से गायब थे। 20 नवंबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने विरियाखेड़ी क्षेत्र से दोनों को मोटरसाइकिलों सहित दबोच लिया। पूछताछ में उन्होंने नाबालिग साथियों के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया। अन्य आरोपियों की भूमिका को लेकर विवेचना जारी है।
गिरफ्तार आरोपी
⚫ राहुल पिता थावरिया गुण्डिया (उम्र 23 वर्ष), निवासी ग्राम मरदानी, थाना काकनवानी, जिला झाबुआ, हाल मुकाम विरियाखेड़ी, रतलाम।
⚫ राहुल पिता वरसिंह बारिया (उम्र 24 वर्ष), निवासी ग्राम पलसोडी, जिला रतलाम, हाल मुकाम विरियाखेड़ी, रतलाम।
⚫(इसके अलावा 02 विधि विरुद्ध बालकों को अभिरक्षा में लिया गया है।)
जब्त सामग्री
⚫ लगभग 03 किलो चांदी की ज्वेलरी (रिंग, ब्रेसलेट, ईयररिंग, चेन, नेकलेस आदि), अनुमानित कीमत 12,00,000 रुपये।
⚫ नकदी: 72,000 रुपये।
⚫ वाहन: स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक MP-43-ZA-7484 एवं सीडी डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक MP-43-EG-9654।
सराहनीय भूमिका

कार्रवाई ने निरीक्षक मुनेन्द्र गौतम थाना प्रभारी स्टेशन रोड, सहायक उप निरीक्षक बबलू डागा चौकी सालाखेडी, प्रधान आरक्षक सरदारसिंह चौकी सालाखेडी, उप निरीक्षक जीवन बारिया सायबर सेल प्रभारी, प्रधान आरक्षक मनमोहन शर्मा सायबर सेल, आरक्षक विपुल सायबर सेल रतलाम, प्रधान आरक्षक दिलीप रावत डीआरपी लाईन रतलाम, नीलेश पाठक, आरक्षक हेमन्त यादव थाना माणकचौक रतलाम, आरक्षक जीवन विश्वकर्मा थाना माणकचौक एवं आरक्षक रवि चन्देल थाना औद्योगिक क्षेत्र रतलाम, आरक्षक विनोद सूर्यवंशी सीसीटीवी कन्ट्रोल रूम।
Hemant Bhatt