विद्युत मंडल की लापरवाही ने ली एक और जान : 33 केवी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से शाहरुख की दर्दनाक मौत
⚫ बकरियों को चराने कब्रिस्तान की तरफ गया था युवक
⚫ विद्युत मंडल की कार्य प्रणाली पर ग्रामीणों में आक्रोश
हरमुद्दा
रतलाम, 21 नवंबर। विद्युत वितरण कंपनी की कार्यप्रणाली और समय पर मेंटेनेंस न करने की लापरवाही का खामियाजा एक गरीब परिवार को अपने जवान बेटे की जान गंवाकर भुगतना पड़ा। बकरियों के लिए पत्ते तोड़ने पेड़ पर चढ़े 27 वर्षीय युवक की 33,000 केवी की हाईटेंशन लाइन से करंट लगने के कारण दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद से ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति भारी आक्रोश है।

बकरियों के लिए पत्ते तोड़ने चढ़ा था पेड़ पर
जानकारी के अनुसार, उमठ पालिया निवासी शाहरुख पिता सुल्तान (27) अत्यंत गरीब परिवार से था और बकरी चराकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। वह भूरे मगरे कब्रिस्तान क्षेत्र में बकरियां चराने गया था। बकरियों को चारा (पत्ते) उपलब्ध कराने के लिए वह एक पेड़ पर चढ़ा, लेकिन पेड़ की टहनियां ऊपर से गुजर रही 33,000 केवी की हाईटेंशन लाइन को छू रही थीं। पेड़ पर चढ़ते ही शाहरुख करंट की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
विभाग की लापरवाही पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए। लोगों का आरोप है कि यह मौत सीधे तौर पर विद्युत मंडल की घोर लापरवाही का नतीजा है। हाईटेंशन लाइन के नीचे आ रहे पेड़ों की समय रहते छंटाई (मेंटेनेंस) नहीं की गई थी, जिसके कारण तार पेड़ों की टहनियों से टच हो रहे थे। ग्रामीणों ने मांग की है कि विद्युत मंडल अपनी लचर कार्यप्रणाली में तत्काल सुधार करे, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों की पुनरावृत्ति न हो।
मुआवजे का आश्वासन

मोहम्मद इरफान अंसारी
"संभवतः शाहरुख सुबह पेड़ की डाली काटने के लिए ऊपर चढ़ा होगा, इसी दौरान 33,000 केवी की लाइन से करंट लगने के कारण यह हादसा हुआ है। शासन के नियमानुसार मुआवजे का जो भी प्रावधान है, पीड़ित परिवार को वह दिलवाया जाएगा।"
⚫ मोहम्मद इरफान अंसारी, जेई, हसन पालिया विद्युत वितरण केंद्र, रतलाम
Hemant Bhatt