धर्म संस्कृति : श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर रतलाम में गूंजेगी गुरुवाणी

धर्म संस्कृति : श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर रतलाम में गूंजेगी गुरुवाणी

⚫ 22 से 24 नवंबर तक होंगे भव्य धार्मिक आयोजन
​
⚫ नगर कीर्तन से होगा शुभारंभ

⚫ दिल्ली के प्रसिद्ध कीर्तनी जत्थे भाई जसप्रीत सिंघ जी (सोनू वीर जी) करेंगे संगत को निहाल

⚫ अटूट लंगर की रहेगी व्यवस्था

हरमुद्दा
​रतलाम, 21 नवंबर। सिख धर्म के प्रथम गुरु, मानवता और भाईचारे का संदेश देने वाले धन-धन श्री गुरु नानक देव साहिब जी के पावन प्रकाश पर्व (24 नवंबर) के उपलक्ष्य में शहर में धर्म और संस्कृति की छटा बिखरेगी। गुरुद्वारा श्री गुरु सिंघ सभा, न्यू रोड रतलाम के तत्वावधान में 22 से 24 नवंबर तक तीन दिवसीय भव्य धार्मिक आयोजनों की श्रृंखला आयोजित की जा रही है। इस पावन अवसर पर दिल्ली से विशेष रूप से पधार रहे प्रसिद्ध कथावाचक एवं कीर्तनी जत्थे भाई जसप्रीत सिंघ जी (सोनू वीर जी) अपनी अमृतवाणी और शबद-कीर्तन से साध-संगत को निहाल करेंगे। उत्सव को लेकर आकर्षक विद्युत सज्जा की गई है।

​22 नवंबर को निकलेगा भव्य नगर कीर्तन

गुरुद्वारा श्री गुरु सिंघ सभा, न्यू रोड रतलाम के अध्यक्ष सरदार अवतार सिंह सलूजा ने हरमुद्दा को बताया कि महोत्सव का आगाज 22 नवंबर (रविवार) को दोपहर 3:30 बजे भव्य नगर कीर्तन के साथ होगा। गुरुद्वारा श्री गुरु सिंघ सभा, न्यू रोड से प्रारंभ होकर यह नगर कीर्तन लोकेंद्र टॉकीज, शहर सराय, रानी जी का मंदिर, गणेश देवरी, डालूमोदी बाजार, नाहरपुरा, कॉलेज रोड, छत्रीपुल, पोलो ग्राउंड के सामने, गर्ल्स कॉलेज, काला घोड़ा और दो बत्ती चौराहा होते हुए पुनः गुरुद्वारा साहिब पहुंचकर संपन्न होगा। मार्ग में विभिन्न सामाजिक व धार्मिक संगठनों द्वारा स्वागत किया जाएगा।

​23 नवंबर: सुबह न्यू रोड और रात में इंदिरा नगर में सजेगा दीवान

​सुबह का विशेष दीवान (गुरुद्वारा श्री गुरु सिंघ सभा, न्यू रोड): प्रातः 9:30 से 10:00 बजे तक ज्ञानी मानसिंघ जी एवं भाई धनराज सिंघ जी कीर्तन सेवा करेंगे।

इसके पश्चात प्रातः 10:00 से दोपहर 12:00 बजे तक दिल्ली वाले भाई जसप्रीत सिंघ जी (सोनू वीर जी) एवं साथियों द्वारा कथा व शबद-कीर्तन किया जाएगा। समाप्ति उपरांत दोपहर 12:00 बजे से गुरु का अटूट लंगर बरताया जाएगा।

​रात का विशेष दीवान (गुरुद्वारा श्री गुरु रामदास जी, इंदिरा नगर): सायं 7:00 से 7:45 बजे तक ज्ञानी गुरदीप सिंघ जी एवं साथियों द्वारा रहिरास साहिब का पाठ, आरती साहिब व शबद कीर्तन होगा। सायं 7:45 से रात्रि 9:30 बजे तक भाई जसप्रीत सिंघ जी (सोनू वीर जी) संगत को गुरु इतिहास से जोड़ेंगे। रात्रि 9:45 बजे समाप्ति के बाद अटूट लंगर होगा।

​24 नवंबर: प्रकाश पर्व पर दिनभर चलेंगे धार्मिक अनुष्ठान

मुख्य प्रकाश पर्व 24 नवंबर (मंगलवार) को गुरुद्वारा श्री गुरु सिंघ सभा, न्यू रोड पर श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा।

​प्रातःकालीन सत्र: सुबह 9:30 से 10:00 बजे तक श्री सहज पाठ साहिब जी की समाप्ति एवं 10:00 से 10:30 बजे तक सामूहिक श्री सहज पाठ साहिब की समाप्ति होगी। सुबह 10:30 से 11:15 बजे तक ज्ञानी मानसिंघ जी एवं धनराज सिंघ जी शबद कीर्तन करेंगे। दोपहर 11:15 से 12:45 बजे तक भाई जसप्रीत सिंघ जी (सोनू वीर जी) द्वारा मुख्य कथा एवं कीर्तन होगा, जिसके पश्चात गुरु का अटूट लंगर वितरित किया जाएगा।

​संध्या फेरी: शाम 5:30 से रात्रि 8:30 बजे तक क्षेत्र में भव्य संध्या फेरी निकाली जाएगी, जिसके उपरांत लंगर की व्यवस्था रहेगी।

​रात्रि का महादीवान: रात्रि 10:00 से 11:00 बजे तक स्त्री सत्संग जत्थे एवं बच्चों द्वारा गुरुवाणी कीर्तन प्रस्तुत किया जाएगा। रात्रि 11:00 से 12:45 बजे तक भाई जसप्रीत सिंघ जी (सोनू वीर जी) का विशेष कीर्तन दरबार सजेगा। इसके बाद रात्रि 12:45 से 1:30 बजे तक ज्ञानी मानसिंघ जी एवं धनराज सिंघ जी द्वारा कीर्तन, आरती साहिब और अरदास के साथ रात्रि 1:45 बजे प्रकाश पर्व के आयोजनों का समापन होगा।

​संगत से धर्मलाभ लेने का आह्वान

गुरुद्वारा श्री गुरु सिंघ सभा, न्यू रोड रतलाम की प्रबंधक कमेटी ने शहर की समस्त धर्मप्रेमी जनता एवं साध-संगत से सपरिवार इन आयोजनों में शामिल होकर गुरु घर की खुशियां प्राप्त करने और गुरु का लंगर छकने का विनम्र आह्वान किया है।