मध्य प्रदेश में बिना कटौती मिली रिकॉर्ड 20,079 मेगावाट बिजली
⚫ रबी सीजन में किसानों को सिंचाई की बड़ी राहत
⚫ आमजन को भी मिली निर्बाध आपूर्ति
हरमुद्दा
जबलपुर, 22 नवंबर। रबी सीजन की सिंचाई और बढ़ती ठंड के बीच प्रदेश के लाखों किसानों और आम उपभोक्ताओं के लिए बड़ी राहत भरी खबर है। मध्यप्रदेश ने पहली बार 20,000 मेगावाट से अधिक की बिजली मांग को बिना किसी कटौती और तकनीकी व्यवधान के सफलतापूर्वक पूरा कर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। 21 नवंबर को सुबह 9:38 बजे प्रदेश में 20,079 मेगावाट की रिकॉर्ड बिजली मांग दर्ज की गई, जिसे बिजली कंपनियों के बेहतर तालमेल से सुचारू रूप से पूरा किया गया।
मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी जबलपुर के जनसंपर्क अधिकारी शशिकांत ओझा ने हरमुद्दा को बताया कि एक दिन पहले ही प्रदेश ने पिछले सीजन के 19,895 मेगावाट के अधिकतम रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा था। लगातार दूसरे दिन रिकॉर्ड मांग के बावजूद घरों, अस्पतालों, उद्योगों और ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति सामान्य बनी रही, जिससे आमजन को सीधा लाभ मिला।
सिंचाई के समय किसानों को मिला सीधा फायदा
नवंबर का महीना रबी फसलों—विशेषकर गेहूं और चने की सिंचाई के लिए सबसे महत्वपूर्ण होता है। इस दौरान सुबह के समय कृषि पंपों के एक साथ चलने से बिजली की मांग तेजी से बढ़ती है। ऐसे संवेदनशील समय में निर्बाध बिजली मिलने से किसानों को सिंचाई के लिए रात में जागने या वोल्टेज की समस्या से जूझने से बड़ी राहत मिली है।
कहां कितनी रही बिजली की खपत
एम.पी. पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एम.पी. ट्रांसको) के स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर के मुख्य अभियंता राजेश गुप्ता के अनुसार, रिकॉर्ड मांग के समय तीनों विद्युत वितरण कंपनियों के क्षेत्रों में खपत की स्थिति इस प्रकार रही।
⚫ पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी इंदौर एवं उज्जैन संभाग 8,186 मेगावाट
⚫ मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी भोपाल एवं ग्वालियर संभाग 6,431 मेगावाट
⚫ पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी जबलपुर, सागर एवं रीवा संभाग 4,993 मेगावाट
⚫ अन्य क्षेत्र रेलवे एवं सेज (SEZ) क्षेत्र 469 मेगावाट
हरित ऊर्जा और बेहतर प्रबंधन से पूरी हुई जरूरत
बढ़ती मांग के दबाव को संभालने के लिए प्रदेश ने परंपरागत ऊर्जा के साथ-साथ नवीकरणीय (हरित) ऊर्जा स्रोतों का भी प्रभावी उपयोग किया।
⚫ एनटीपीसी, बैंकिंग एवं अन्य स्रोत: 13,936 मेगावाट
⚫ ताप विद्युत गृह (थर्मल पावर): 3,452 मेगावाट
⚫ नवीकरणीय ऊर्जा स्रोत (सौर व पवन ऊर्जा): 1,637 मेगावाट
⚫ जल विद्युत गृह (हाइडल पावर): 1,054 मेगावाट
ऊर्जा मंत्री ने दी बधाई

ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने इस उपलब्धि पर प्रदेश की सभी विद्युत कंपनियों और मैदानी स्तर पर जुटे कार्मिकों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि उत्पादन केंद्रों, ट्रांसमिशन लाइनों और सब-स्टेशनों के बीच सटीक समन्वय और कर्मचारियों की तत्परता के कारण ही आम उपभोक्ताओं और किसानों को बिना किसी व्यवधान के बिजली उपलब्ध कराई जा सकी।
Hemant Bhatt