जनसुनवाई में गुहार : सिवरेज की गंदगी का बदबूदार पानी घरों में, 8 मोहल्ले के सैकड़ों पुरुष महिलाओं ने जनसुनवाई में लगाई गुहार

जनसुनवाई में गुहार : सिवरेज की गंदगी का बदबूदार पानी घरों में, 8 मोहल्ले के सैकड़ों पुरुष महिलाओं ने जनसुनवाई में लगाई गुहार

कैंसर, किडनी और लीवर की बीमारी के शिकार हो रहे रहवासी 

⚫ चार साल से नगर निगम में कोई सुनवाई नहीं 

हरमुद्दा
रतलाम, 9 दिसंबर। नलो में सीवर की गंदगी युक्त बदबूदार पानी के‌ साथ-साथ‌ कीड़े आने की शिकायत को लेकर राम मोहल्ला, पोरवाडो का वास‌, जूनी कलाल सेरी, तेजानगर , ओझा खाली, रत्नेश्वर, कुंजडो का वास, मेहताजी का वास , आदि मोहल्ले के सैकड़ो पुरुष महिलाओं ने बोतल में गंदे पानी के सैंपल सहित जनसुनवाई में एडीएम शालिनी श्रीवास्तव को आवेदन दिया।  

वार्ड नंबर 24 के पार्षद सलीम मोहम्मद बागवान ने बताया कि एनजीटी में पिटीशन दायर करने पर प्रदूषण विभाग की टीम  रतलाम तो आई, लेकिन उन्होंने हमारे मोहल्ले के पानी के सैंपल नहीं लिए। तीन साल से  नगर निगम और जनसुनवाई में कई बार आवेदन देने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है। 

हो रहे बीमारियों के शिकार

रहवासियों ने बताया कि क्षेत्र में कैंसर, लीवर, किडनी, पेटदर्द, चर्म रोग आदि की गंभीर बीमारियां फैल रही है और कई लोग इसके शिकार हो गए हैं । 

अमृत दो में डबल हो गई गंदगी की मात्रा

रामचंद्र डोई, विपिन पितलिया जितेंद्र टाक, अशोक माली, प्रकाश कोठारी, मनोज रजवाड़िया, शांतिलाल जाट आदि ने एडीएम‌ मेडम को बताया कि नगर निगम द्वारा आश्वासन दिया गया था कि अमृत दो में पाइप लाइन बदलने के बाद समस्या हल हो जाएगी। लेकिन उसके बाद भी समस्या हल नहीं हुई, बल्कि गंदे पानी की मात्रा और बढ़ गई।  

नगर निगम प्रशासन नहीं गंभीर

इस अवसर पर उपस्थित पार्षद बागवान और पार्षद प्रतिनिधि रामचंद्र‌ डोई ने बताया कि पूरा क्षेत्र गंदे पानी की विकराल समस्या से परेशान है। और निगम प्रशासन इस समस्या का समाधान करने में गंभीर नहीं है । अगर शीघ्र ही समस्या का समाधान नहीं हुआ तो हमें मजबूरन सड़कों पर जन आंदोलन करना पड़ेगा 

एडीएम नहीं दिए गंदे पानी की जांच के निर्देश

एडीएम शालिनी श्रीवास्तव ने रहवासियों द्वारा लाए गए गंदे पानी की जांच करने के निर्देश दिए। शीघ्र ही समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया। जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाएगी