सामाजिक सरोकार : जीवन को संपन्न और सफल बनाता है सेवा का भाव  

सामाजिक सरोकार : जीवन को संपन्न और सफल बनाता है सेवा का भाव  

⚫ डॉ. मंगलेश्वरी जोशी ने कहा

⚫ कन्या शिक्षा परिसर में एन.एस.एस. दिवस मनाया
 
हरमुद्दा
रतलाम, 25 सितंबर। सेवा का भाव जीवन को संपन्न और सफल बनाता है । राष्ट्रीय सेवा योजना का उद्देश्य जीवन को संवेदनशीलता के साथ जीने , विकास की भावना को आगे बढ़ाने और सभी के प्रति सम्मान व्यक्त करने का है । यह योजना विद्यार्थियों के जीवन में बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है । इसके माध्यम से अनुशासन, समयबद्धता और आत्मविश्वास आता है। 


यह विचार पीएमश्री माता शबरी आवासीय कन्या शिक्षा परिसर रतलाम में राष्ट्रीय सेवा योजना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शासकीय कन्या महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. मंगलेश्वरी जोशी ने व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से न सिर्फ शिक्षा के क्षेत्र में बल्कि शिक्षा के उपरांत नौकरी के क्षेत्र में भी काफी सहायता मिलती है। छात्राओं के लिए यह कार्यक्रम और भी महत्वपूर्ण है। 

योजना को करें आत्म सात

कन्या महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना प्रभारी प्रो. प्रीति शर्मा ने कहा कि छात्राएं अपने आप को सशक्त और सफल बनाने के लिए इस योजना को आत्मसात करें । इस योजना के माध्यम से जीवन में सदैव सहायता मिलती है। 

ऊर्जावान छात्राएं करेगी बेहतर कार्य

प्राचार्य मेहता विचार व्यक्त करते हुए

संस्था प्राचार्य गणतंत्र मेहता ने कहा कि संस्था में पिछले एक वर्ष से राष्ट्रीय सेवा योजना की इकाई प्रारंभ हुई है । इस योजना में रुचि दिखाते हुए छात्राओं ने महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। छात्राएं ऊर्जावान हैं। ये क्षेत्र में बेहतर कार्य करेंगी। वरिष्ठ शिक्षक रमेश चंद्र पंड्या ने छात्राओं को इस योजना के माध्यम से अपना लक्ष्य निर्धारित करने और उस लक्ष्य को पाने के लिए निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया।

किया अतिथियों का स्वागत

डॉक्टर जोशी का स्वागत करते हुए

राष्ट्रीय सेवा योजना प्रभारी प्रेमलता उईके और सोनू गुर्जर, छात्रा परिषद अध्यक्ष अंतिम बाला डामोर एवं रासेयो स्वयंसेवकों ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी। संचालन छात्राओं अर्चना, यशोदा ने किया। आभार ममता ने व्यक्त किया। इस अवसर पर संस्था के शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित थे।