श्री नागचंद्रेश्वर मंदिर परिसर में करंट की अफवाह से मची भगदड़

श्री नागचंद्रेश्वर मंदिर परिसर में करंट की अफवाह से मची भगदड़

एक दर्जन से अधिक श्रद्धालु घायल

⚫ श्रावण सोमवार और नाग पंचमी के चलते हुई भीड़

⚫ साल में एक बार ही खुलता है श्रीनाग चंद्रेश्वर मंदिर का पट

हरमुद्दा
​उज्जैन, 17 अगस्त। विश्वप्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर परिसर स्थित नागचंद्रेश्वर मंदिर में सावन सोमवार और नाग पंचमी के पावन संयोग पर दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ा। इसी दौरान दर्शनार्थियों की लंबी कतार के बीच अचानक बिजली वितरण बॉक्स (डीपी) के पास करंट फैलने की झूठी अफवाह उड़ गई। अफवाह फैलते ही बैरिकेडिंग के पास मौजूद श्रद्धालुओं में दहशत फैल गई और देखते ही देखते भगदड़ जैसी स्थिति निर्मित हो गई। ​इस अफरा-तफरी और हादसे में लगभग 13 श्रद्धालु घायल हो गए। 

घटना के तुरंत बाद मंदिर प्रशासन और सुरक्षाकर्मियों ने स्थिति को संभाला और घायल श्रद्धालुओं को उपचार के लिए तत्काल चरक अस्पताल पहुंचाया, जहां कुछ लोगों का प्राथमिक इलाज जारी है।

यह हुए घायल

घायलों में हिंदू बाई निवासी ढांचा भवन उज्जैन, सागर पुत्र मनीष उम्र 19 वर्ष निवासी किशनपुरा उज्जैन, लक्ष्मीबाई निवासी ढांचा भवन उज्जैन, अनसूया व उसकी मां ममता दोनों निवासी गंजबासौदा, हरिश्चंद्र निवासी ग्राम सिलवासा, वापी गुजरात, सोनम उम्र 18 वर्ष निवासी ग्वालियर, सुजीत कुमार निवासी दरभंगा बिहार, खुशी निवासी ग्वालियर तथा तुलसी व उसकी मां रेखा बाई दोनों निवासी वलसाड गुजरात शामिल हैं। अस्पताल में परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।

⚫ ​घटना की वजह : बैरिकेडिंग के पास डीपी में करंट की झूठी अफवाह का फैलना।

⚫ ​अवसर: सावन सोमवार और नाग पंचमी का विशेष संयोग, जिससे परिसर में पहले से अत्यधिक भीड़ मौजूद थी। उल्लेखनीय की श्रीनाग चंदेश्वर मंदिर का पाठशाला में एक बार नाग पंचमी पर ही खुलता है।

प्रशासनिक कार्रवाई

घायलों को तुरंत चरक अस्पताल में भर्ती कराया गया और मंदिर परिसर में व्यवस्था को पुनः सामान्य किया गया। ​मंदिर प्रशासन ने लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है और स्थिति को पूरी तरह से नियंत्रण में बताया है।