रतलाम पुलिस की त्वरित कार्रवाई: गोलू कटारा हत्या के आरोप में 4 गिरफ्तार
लूट की नीयत और आपसी संघर्ष की कहानी पुलिस जांच में सामने आया कि यह पूरी घटना 30 अक्टूबर 2026 की रात्रि की है।
⚫ रावटी थाना क्षेत्र में मिले अज्ञात कंकाल का 24 घंटे में खुलासा
⚫ दरवाजा खुलवाकर घर में घुसे आरोपी
⚫ आत्मरक्षा में हुआ संघर्ष
⚫ परिजनों के बयान से हुई मृतक की पहचान
हरमुद्दा
रतलाम, 15 नवंबर। जिले के थाना रावटी क्षेत्रांतर्गत एक अज्ञात कंकाल मिलने के सनसनीखेज मामले में रतलाम पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने त्वरित और तकनीकी कार्रवाई करते हुए न केवल मृतक की पहचान सुनिश्चित की, बल्कि इस पूरी घटना का पर्दाफाश करते हुए मामले से जुड़े चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना का संक्षिप्त विवरण
14 नवंबर 2026 को थाना रावटी क्षेत्र में एक अज्ञात कंकाल मिलने की सूचना मिली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रतलाम अमित कुमार के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) विवेक कुमार लाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) राकेश पंद्रो के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी सैलाना लेखराज मीणा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। घटनास्थल पर वैज्ञानिक अधिकारियों और डॉग स्क्वॉड की मदद से बारीकी से भौतिक व वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए। इसके साथ ही मुखबिर तंत्र और तकनीकी सर्विलांस की मदद से जांच को आगे बढ़ाया गया।
इस तरह खुला राज
लूट की नीयत और आपसी संघर्ष की कहानी
पुलिस जांच में सामने आया कि यह पूरी घटना 30 अक्टूबर 2026 की रात्रि की है।
दरवाजा खुलवाकर घर में घुसे आरोपी
30 अक्टूबर की रात करीब 9:30 बजे ग्राम बिलड़ी निवासी मड़िया गामड़ के घर पर गोलू कटारा, संजय गरवाल, अनिल मुनिया और बाबूलाल गामड़ पहुंचे। दरवाजा खुलवाने के बाद उनमें से तीन आरोपी घर के अंदर दाखिल हुए और मड़िया से घर में रखी नकदी की मांग करते हुए चाकू दिखाकर डराने-धमकाने लगे।
आत्मरक्षा में हुआ संघर्ष
इस दौरान मड़िया गामड़ ने आत्मरक्षा में चाकू पकड़ लिया, जिससे उसका धारदार हिस्सा टूटकर उसके हाथ में ही रह गया। इसके बाद हुए हाथापाई व संघर्ष में मड़िया द्वारा गोलू और संजय को चाकू से चोट पहुंचाई गई।
झाड़ियों में छोड़ भागे साथी
शोर-शराबा सुनकर चारों आरोपी घर के पीछे जंगल की ओर भागे। भागते समय कुछ दूरी पर गोलू एक खाईनुमा जगह पर गिरकर बेहोश हो गया। उसके साथियों ने उसे उठाने और साथ ले जाने का प्रयास किया, लेकिन उसकी मौत हो जाने के डर से वे उसे वहीं झाड़ियों में छोड़कर फरार हो गए। शुरुआत में मड़िया गामड़ की रिपोर्ट पर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
परिजनों के बयान से हुई मृतक की पहचान

14 नवंबर 2026 को कंकाल मिलने के बाद पुलिस ने शिनाख्त के प्रयास तेज किए। मृतक गोलू कटारा की बहन व पिता के कथनों के साथ-साथ आरोपी अनिल मुनिया और बाबूलाल गामड़ से हुई कड़ी पूछताछ के बाद मिले कंकाल की पहचान गोलू कटारा के रूप में हुई। साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मड़िया गामड़ के विरुद्ध अपराध क्रमांक 778/2026, धारा 105 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया है।

मृतक गोलू कटारा
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
घटना में संलिप्तता और भूमिका के आधार पर पुलिस ने कुल 4 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है।
⚫ अनिल (पिता हरीश मुनिया, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम बिलड़ी)
⚫ बाबूलाल (पिता शंभू गामड़, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम बिलड़ी)
⚫ संजय (पिता रायसिंह गरवाल, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम बिलड़ी)
⚫ मड़िया (पिता गोवा गामड़, उम्र 68 वर्ष, निवासी ग्राम बिलड़ी, थाना रावटी, जिला रतलाम)
पुलिस द्वारा मामले के अन्य सभी पहलुओं और सबूतों को ध्यान में रखते हुए अग्रिम वैधानिक कार्रवाई एवं गहन विवेचना जारी है।
सराहनीय भूमिका
कार्रवाई में एसडीओपी सैलाना लेखराज मीणा, थाना प्रभारी रावटी मनीष डावर, उप निरीक्षक गलसिंह भावेल, उप निरीक्षक एम.आई. खान, एचसी हेमंत जाट, आतिश धानक, आशीष धानक, नंदकिशोर मालवीय, आरक्षक अवधेश परमार, बहादुर दांगी एवं साइबर सेल रतलाम के उप निरीक्षक जीवन बारिया, प्रधान आरक्षक हिम्मत सिंह, आरक्षक मोर सिंह, तुषार सिसोदिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Hemant Bhatt