सामाजिक सरोकार : रतलाम सिंधी समाज ने सीएम डॉ. मोहन यादव को ज्ञापन सौंप उठाई भूमि आवंटन की मांग
⚫ भोपाल में हुआ प्रादेशिक सिंधी सम्मेलन
हरमुद्दा
भोपाल/रतलाम, 14 सितंबर। सिंधू भवन ट्रस्ट द्वारा भोपाल के सिंधू भवन में आयोजित दो दिवसीय प्रादेशिक सिंधी सम्मेलन सामाजिक एकजुटता, संगठन की मजबूती और समाजहित से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर चर्चा का प्रमुख केंद्र बना। सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने समाज के प्रबुद्धजनों को संबोधित किया। इस दौरान रतलाम सिंधी समाज के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर वर्षों पुरानी भूमि आवंटन की समस्या के शीघ्र निराकरण का अनुरोध किया।

सम्मेलन में इंदौर सांसद शंकर लालवानी, भोपाल दक्षिण-पश्चिम विधायक भगवानदास सबनानी और जबलपुर विधायक अशोक रोहाणी सहित प्रदेशभर की सिंधी पंचायतों के प्रतिनिधि, सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र के प्रबुद्धजन बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
रतलाम सिंधी समाज की वर्षों पुरानी मांग पर ध्यानाकर्षण

भारतीय सिंधु सभा (मध्य प्रदेश) के प्रदेश महामंत्री (संगठन) विनोद करमचंदानी के नेतृत्व में रतलाम से पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से विशेष मुलाकात की। प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि रतलाम सिंधी समाज को वर्षों पूर्व आवंटित भूमि किन्हीं कारणों से आज तक प्राप्त नहीं हो सकी है, जबकि उसकी निर्धारित राशि अभी भी नगर निगम में जमा है।
इस गंभीर विषय पर मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर लंबित पड़ी भूमि आवंटन की प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूरा करवाने का आग्रह किया गया।

राष्ट्रीय सम्मेलन का दिया निमंत्रण
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, सांसद शंकर लालवानी और विधायक भगवानदास सबनानी को आगामी 27 व 28 सितंबर को मंदसौर (मध्य प्रदेश) में आयोजित होने जा रहे 'अखिल भारतीय लाड़ी लोहाणा सिंधी पंचायत' के राष्ट्रीय सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण भी दिया गया।
रतलाम के प्रतिनिधियों का सम्मान व नई नियुक्ति
सम्मेलन में रतलाम से पहुंचे संत कंवर राम गृह निर्माण समिति के अध्यक्ष चंदन मोतियानी, हीरा भाग्यवानी तथा रतलाम पूज्य पंचायत के पूर्व सहसचिव रमेश चोयथानी का आयोजकों द्वारा शाल ओढ़ाकर भव्य आत्मीय सम्मान किया गया।
इस अवसर पर संगठन का विस्तार करते हुए हीरा भाग्यवानी को 'भारतीय सिंधु सभा' की रतलाम युवा शाखा का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया। विधायक भगवानदास सबनानी ने उन्हें शाल पहनाकर बधाई व शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के अंत में सिंधू भवन के अध्यक्ष राजेंद्र मनवानी और कार्यक्रम संयोजक ईश्वरलाल झामनानी सहित संपूर्ण आयोजक टीम का इस सफल व सार्थक आयोजन के लिए आभार व्यक्त किया गया।
Hemant Bhatt