शराब पीने के बाद पार्षद सहित दो लोगों की संदिग्ध मौत
⚫ दूसरा मृतक क्लिनिक संचालक
⚫ इलाके में फैल गई सनसनी
हरमुद्दा
जांजगीर चापा, 24 अक्टूबर (छत्तीसगढ़)। नगर पंचायत पामगढ़ के वार्ड क्रमांक 8 से बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के पार्षद और एक निजी क्लिनिक संचालक की शराब पीने के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और लोगों के बीच हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है और साथ में मौजूद एक अन्य व्यक्ति को हिरासत में ले लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार (23 अक्टूबर 2026) देर शाम पुराना अस्पताल परिसर में चार लोग एक साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इस समूह में बसपा पार्षद रामखिलावन जांगड़े (उम्र 55 वर्ष) और निजी क्लिनिक संचालक जोहितराम खरे (उम्र 52 वर्ष) भी शामिल थे।
बिगड़ी अचानक तबीयत दोनों
शराब पीने के कुछ ही देर बाद दोनों की अचानक तबीयत बिगड़ने लगी। स्थिति गंभीर होते देख उन्हें तुरंत पामगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत को नाजुक बताते हुए बिलासपुर रेफर कर दिया। बिलासपुर के सिम्स (SIMS) और अपोलो अस्पताल में इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया।
पुलिस कार्रवाई और जांच
घटना के वक्त मौके पर मौजूद चार लोगों में से दो अन्य की हालत फिलहाल ठीक बताई जा रही है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर मौजूद रहे लोगों में से एक को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस हर पहलू से मामले की गहराई से जांच कर रही है, जिसमें जहरीली शराब की आशंका को भी नकारा नहीं जा सकता।
Hemant Bhatt