रॉयल कॉलेज में ‘आगाज़’ कार्यक्रम
⚫ यातायात नियमों के साथ मिला रोजगार व व्यक्तित्व विकास का अनमोल मार्गदर्शन दिया यातायात डीएसपी श्री सोनी ने
⚫ ज्ञान के साथ जरूरी जीवन में अनुशासन : डॉ. विंचुरकर
⚫ डिग्री के साथ व्यवहारिक और तकनीकी कौशल जरूरी : श्री कटारे
हरमुद्दा
रतलाम, 24 अक्टूबर। रॉयल कॉलेज (रॉयल इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड एडवांस्ड स्टडीज), रतलाम में बीएससी लाइफ साइंस विभाग द्वारा आयोजित ‘आगाज़’ कार्यक्रम का शुभारंभ यातायात जागरूकता के संदेश के साथ अत्यंत उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता ट्रैफिक डीएसपी आनंद स्वरूप सोनी, विशिष्ट अतिथि प्राचार्य - साईं श्री इंटरनेशनल स्कूल डॉ. श्वेता विंचुरकर तथा विशेष अतिथि जिला रोजगार अधिकारी अभिषेक कटारे विशेष रूप से उपस्थित रहे।

मुख्य वक्ता डीएसपी श्री सोनी ने यातायात नियमों के पालन, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के उपयोग तथा सड़क सुरक्षा के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है और सड़क पर थोड़ी-सी लापरवाही भी जीवन भर का कष्ट दे सकती है। उप अधीक्षक ट्रैफिक ने समस्त स्टाफ एवं स्टूडेंट्स को सुरक्षित यातायात की शपथ दिलाई तथा विद्यार्थियों के बीच एक ज्ञानवर्धक प्रश्नोत्तरी (Quiz) का आयोजन कर सही उत्तर देने वालों को पुरस्कृत भी किया।
ज्ञान के साथ जरूरी जीवन में अनुशासन
विशिष्ट अतिथि प्राचार्य डॉ. विंचुरकर ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि किताबी ज्ञान के साथ-साथ जीवन में अनुशासन, उच्च नैतिक मूल्य और सकारात्मक सोच का होना बेहद आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि असफलता से घबराने के बजाय हर चुनौती को एक नए अवसर के रूप में देखें, क्योंकि यही गुण हमारे समग्र व्यक्तित्व विकास (Personality Development) की नींव मजबूत करते हैं। उन्होंने छात्रों को समय प्रबंधन और अपने लक्ष्यों के प्रति एकाग्र रहने के भी अनमोल टिप्स दिए।
डिग्री के साथ व्यवहारिक और तकनीकी कौशल जरूरी
विशेष अतिथि एवं जिला रोजगार अधिकारी श्री कटारे ने अपने मार्गदर्शन में वर्तमान प्रतियोगी युग की आवश्यकताओं पर विस्तृत प्रकाश डाला। उन्होंने करियर निर्माण के विभिन्न चरणों, रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसरों तथा स्किल डेवलपमेंट (कौशल विकास) के महत्व को बहुत ही सरल और प्रभावी ढंग से समझाया। श्री कटारे ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि आज के दौर में केवल डिग्री प्राप्त करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि अपनी रुचि के अनुसार तकनीकी और व्यावहारिक कौशल (Technical & Soft Skills) विकसित करके ही युवा कॉर्पोरेट जगत और सरकारी क्षेत्रों में सफलता के नए आयाम स्थापित कर सकते हैं।
सीखते हुए आगे बढ़ने का आह्वान
लाइफ साइंस विभाग के एचओडी (HOD) कपिल केरोल ने सभी स्टूडेंट्स को अपने लक्ष्य के प्रति पूरी तरह समर्पित रहने और निरंतर सीखते हुए आगे बढ़ने का आह्वान किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त विभागाध्यक्ष एवं प्राध्यापकगण उपस्थित रहे ।
कार्यक्रम में मंच संचालन प्रो मिताली पुरोहित एवं प्रो अलका उपाध्याय द्वारा बेहद आत्मीयता से किया गया। । कार्यक्रम के अंत में अतिथियों के प्रति आभार कॉलेज प्रशासक दिनेश राजपुरोहित ने व्यक्त किया।
Hemant Bhatt