चोरी का खुलासा : लाखों के कर्ज में दबे बेटे ने ही दिया घर में चोरी की घटना को अंजाम

चोरी का खुलासा : लाखों के कर्ज में दबे बेटे ने ही दिया घर में चोरी की घटना को अंजाम

तथ्य और संदेह पर बेटे से की सख्ती से पूछताछ

⚫ कब्जे से 18 लाख का माल जब्त

हरमुद्दा
रतलाम, 11 नवंबर। लाखों के कर्ज से परेशान बेटे ने अपने ही घर में चोरी की घटना को अंजाम दिया। तथ्य और संदेह पर बेटे से कड़ी पूछताछ की तो उसने गुनाह कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी बेटे के कब्जे से लगभग 18 लाख रुपए का माल जप्त किया है। 

पत्रकार वार्ता में जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक

पुलिस कंट्रोल रूम पर हुई पत्रकार वार्ता में पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि अक्टूबर की 10 तारीख को फरियादी चांदमल पिता सागरमल जैन उम्र 60 वर्ष निवासी शुभ विहार कॉलोनी रतलाम द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि 09 अक्टूबर 2025 की रात लगभग 8:45 बजे वह अपने परिवार सहित लक्ष्मीनगर स्थित अपने बड़े भाई स्व. राजमल जैन के घर गए थे। इस दौरान अज्ञात व्यक्ति ने घर की छत से प्रवेश कर अलमारी से सोने के आभूषण (लगभग ₹18–20 लाख मूल्य के) एवं ₹38,000 नकद चोरी कर लिए। प्रकरण पर थाना स्टेशन रोड में अपराध क्र. 818/2025 धारा 331(4), 305(ए) बी.एन.एस. 2023 के तहत अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।

पुलिस एवं साइबर सेल की विशेष टीम की गठित

थाना स्टेशन रोड पुलिस एवं सायबर सेल की विशेष टीम गठित की गई। टीम प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह जादौन के नेतृत्व में उप निरीक्षक विजय बामनिया एवं एसआईटी सदस्यों द्वारा त्वरित जांच प्रारंभ की गई। घटनास्थल का गहन निरीक्षण कर आस-पास के लोगों से पूछताछ एवं मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। 

फरियादी के बेटे सिद्धार्थ पर हुआ संदेह

जांच के दौरान प्राप्त तथ्यों एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर फरियादी के पुत्र सिद्धार्थ जैन पर संदेह होने पर उससे विस्तृत पूछताछ की गई। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पहले तो भ्रमित करने का प्रयास किया, किन्तु कड़ी पूछताछ पर उसने अपराध स्वीकार कर लिया।

कर्ज से परेशान हो कर दिया चोरी को अंजाम

फरियादी चांदमल के आरोपी बेटे सिद्धार्थ जैन (24) ने बताया कि वह अत्यधिक कर्जे से परेशान हो गया था। इसलिए अपने ही घर में चोरी की योजना बनाई। उसने घर की छत से आकर अलमारी में रखे 38,000 रुपए नकद एवं सोने के आभूषण (02 कंगन, 02 चूड़ियां, 03 चैन, बाली, 02 पेंडल व 01 अंगूठी) चोरी किए। बाद में पकड़े जाने के डर से उसने चोरी की गई ज्वेलरी को गलाकर दो सोने की डल्लियां (78 ग्राम) बना दीं। पुलिस द्वारा आरोपी के कब्जे से दो सोने की डल्लियां एवं दो सोने की चैनें (कुल मूल्य लगभग 18 लाख) जब्त की गई हैं। फरियादी द्वारा भी बरामद आभूषणों की पहचान की गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है।