हृदय विदारक हादसा : सड़क पर बिखर गईं किताबें, थम गईं सांसें
⚫ महू नीमच हाईवे पर तेज रफ्तार ट्राले ने ली तीन मासूम स्कूली बच्चों की जान
⚫ मृतक में दो सगे भाई और एक मौसेरी बहन
⚫ शवो के हो गए टुकड़े-टुकड़े
हरमुद्दा
धार/ पीथमपुर 22 अक्टूबर। जिले के औद्योगिक हब पीथमपुर से एक ऐसी दर्दनाक खबर सामने आई है, जिसने हर पत्थर दिल को भी झकझोर कर रख दिया है। महू-नीमच मार्ग पर महिंद्रा ब्रिज के पास एक बेलगाम और तेज रफ्तार ट्राले ने घर लौट रहे तीन मासूम स्कूली बच्चों को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण हादसे में दो सगे भाइयों और उनकी मौसेरी बहन की मौके पर ही मौत हो गई। सड़क पर बिखरी किताबें और कॉपियां इस बात की गवाही दे रही थीं कि कुछ पल पहले तक इन बच्चों की दुनिया कितनी मासूम थी।
अपनों को लेने गया था बड़ा भाई, लौटते वक्त काल ने सबको घेरा

प्रियांश

मोक्ष

आरुषी
यह हृदय विदारक घटना गुरुवार दोपहर करीब 2:00 बजे की है। जानकारी के अनुसार, सेंट फ्रांसिस स्कूल के छात्र मोक्ष रजक (कक्षा 5वीं) और उनकी मौसेरी बहन आरुषी रजक (कक्षा 7वीं) स्कूल में पढ़ाई कर रहे थे। इनका बड़ा भाई प्रियांश रजक (कक्षा 9वीं) गुरुवार को किसी कारणवश स्कूल नहीं गया था। दोपहर में जब छुट्टी का समय हुआ, तो प्रियांश अपने छोटे भाई और बहन को घर लाने के लिए बाइक से स्कूल गया था। तीनों बच्चे खुशी-खुशी स्कूल से छुट्टी के बाद उत्कर्ष आंगन कॉलोनी स्थित अपने घर की ओर लौट रहे थे।
बन गए काल के ग्रास
अभी वे महू-नीमच मार्ग पर महिंद्रा ब्रिज के पास ही पहुंचे थे कि पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्राले ने उनकी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि तीनों बच्चे संभल नहीं पाए और सड़क पर काल का ग्रास बन गए।
सड़क पर पसरा मातम और बिखरा भविष्य

बिखरी कॉपियां: हादसे के बाद सड़क पर बच्चों के शवों के पास उनके स्कूल बैग और कॉपियां बिखर गई थीं। इस मंजर को देखने वाले हर व्यक्ति की आंखें नम थीं और लोगों के मुंह से बस यही निकला— "कसूर इन मासूमों का क्या था?"
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़: एक ही घर से दो भाइयों और एक बहन की अर्थी उठने की कल्पना मात्र से पूरा क्षेत्र गमगीन है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और सांत्वना देने वालों के पास भी शब्द कम पड़ रहे हैं।
पुलिस की कार्रवाई और सुरक्षा पर बड़ा सवाल
घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-1 थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और आरोपी ट्राला चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। ट्राले को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
गंभीर चिंता का विषय
यह हादसा कोई इकलौता वाकया नहीं है। पीथमपुर और महू-नीमच मार्ग पर भारी वाहनों की बेलगाम रफ्तार और लापरवाही जान ले रही है। क्या प्रशासन और किसी बड़े हादसे के बाद ही नींद से जागेगा? भारी वाहनों के शहर के भीतर आवागमन और स्पीड कंट्रोल को लेकर कड़े नियम अब कागजों से निकलकर जमीन पर उतरने ही होंगे, वरना ऐसे कई घर यूं ही उजड़ते रहेंगे।
Hemant Bhatt