... और फिर हत्या : जेठ पर दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका का आरोप, महिला का मिला निर्वस्त्र शव
⚫ 3 एकड़ जमीन को लेकर चल रहा दोनों भाई में विवाद
⚫ जेठ की पत्नी 10 साल पहले ही चली गई छोड़कर
⚫ मृतका के भाई ने लगाया पहले दुष्कर्म और फिर हत्या का आरोप
⚫ पुलिस ने किया आरोपी को गिरफ्तार
हरमुद्दा
रायसेन, 23 अप्रैल। जिले जे एक गांव में एक घर से नवविवाहिता का निर्वस्त्र शव पाया गया। उसका जेठ उसी कमरे में छिपा हुआ था। आरोप है कि जेठ ने ही बहू के साथ दुष्कर्म कर उसकी हत्या कर दी। महिला के पति और मायके वालों की शिकायत पर पुलिस ने जेठ को गिरफ्तार कर लिया है।

मृतका के पति ने कोतवाली थाना क्षेत्र की पुलिस को बताया कि मंगलवार को जमीन विवाद को लेकर उसके बड़े भाई राकेश ने उस पर कुल्हाड़ी से हमला किया था। जान बचाकर वह खेत की ओर भागा और पुलिस को सूचना दी।
भाई ने की कमरे में छिपने की कोशिश
वह जब पुलिस के साथ घर लौटा, तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। खिड़की से झांककर देखा तो उसकी पत्नी बेसुध अवस्था में पड़ी थी। राकेश कमरे के भीतर छिपने की कोशिश कर रहा था।
मृतका के गले पर मिले निशान
मृतका के पति के अनुसार उसके पिता की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। घर में केवल वह और उसका बड़ा भाई ही रहते हैं। तीन एकड़ जमीन को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। बड़े भाई की पत्नी करीब 10 साल पहले उसे छोड़ चुकी है।
पहले दुष्कर्म फिर हत्या की आशंका
मृतका के भाई ने कहा कि बहन के गले और शरीर पर संघर्ष के निशान थे। उन्होंने आशंका जताई कि पहले दुष्कर्म किया। उसके बाद हत्या की गई। पति ने भी यही आशंका जाहिर की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद करेंगे कार्रवाई
कोतवाली पुलिस ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Hemant Bhatt