सामाजिक सरोकार : समाज को एकजुट करने, युवा मार्गदर्शन और महिला सशक्तिकरण पर मंथन
⚫ रतलाम में सरयूपारीण ब्राह्मण समाज की हुई अहम बैठक
⚫ 'वॉइस ऑफ रतलाम' आध्या तिवारी का हुआ सम्मान
हरमुद्दा
रतलाम, 28 सितंबर। सामाजिक एकजुटता, युवा मार्गदर्शन और महिला सशक्तिकरण जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक सरोकारों को लेकर 'सरयूपारीण ब्राह्मण समाज रतलाम' परिवार की एक विशेष बैठक विजय पांडे के निवास (डॉल्फिन स्विमिंग पूल, शुभ मैरिज गार्डन) पर संपन्न हुई।

कार्यक्रम की शुरुआत समाज के वरिष्ठ जनों एवं अतिथियों द्वारा भगवान श्री परशुराम जी के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन के साथ हुई। तत्पश्चात अतिथियों का तिलक लगाकर और दुपट्टा ओढ़ाकर भावपूर्ण स्वागत किया गया।

बैठक में उपस्थित समाजजन ने अपना परिचय दिया और संगठन की मजबूती के लिए कई दूरदर्शी सुझाव दिए। चर्चा के दौरान समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँच बनाने और संपर्क अभियान के ज़रिए अधिक से अधिक परिवारों को जोड़ने पर बल दिया गया।
सामाजिक विकास और भविष्य की रूपरेखा पर मुख्य बिंदु
⚫ रोजगार एवं करियर गाइडेंस: युवाओं के भविष्य को संवारने के लिए करियर काउंसलिंग और रोजगार मार्गदर्शन शिविर आयोजित करने पर विशेष सहमति बनी।
⚫ युवा एवं महिला इकाई का गठन: समाज में युवाओं और महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जल्द ही दोनों इकाइयों के गठन का निर्णय लिया गया।
⚫ पारिवारिक व दीपावली मिलन: सामाजिक समरसता और आपसी जुड़ाव बढ़ाने के लिए आगामी त्योहारों पर पारिवारिक मिलन समारोह आयोजित किए जाएंगे।
⚫ परिचय विवरणिका: सभी उपस्थित परिवारों को परिचय प्रपत्र दिए गए, ताकि समाज का एक व्यवस्थित और पारदर्शी डेटाबेस तैयार किया जा सके।
'वॉइस ऑफ रतलाम' कुमारी आध्या तिवारी का नागरिक अभिनंदन
कार्यक्रम में समाज की उभरती प्रतिभा और प्रसिद्ध गायिका कुमारी आध्या तिवारी को "वॉइस ऑफ रतलाम" का खिताब मिलने पर विशेष रूप से सम्मानित किया गया। रजनी पांडे एवं उपस्थित समाजजनों ने उन्हें प्रमाण पत्र और दुपट्टा प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इन्होंने किए विचार व्यक्त
कार्यक्रम को राकेश मिश्रा (एल्डरमैन), राजेश पाण्डेय, देव शंकर पांडे, विजय पांडे, आलोक पांडे, पंकज तिवारी सहित अनेक प्रबुद्धजनों ने संबोधित किया। संचालन डॉ. पी.सी. शुक्ला ने किया।समाज अध्यक्ष अरविंद मिश्रा ने सभी पधारे हुए समाजजनों व सहयोगियों का हृदय से आभार व्यक्त किया।
Hemant Bhatt