रतलाम, आपसी कलह का खौफनाक अंजाम : पारिवारिक विवाद के बाद महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

​सवालों के घेरे में चुप्पी। घटना के बाद से पति मांगीलाल फरार। गांव में शोक और सन्नाटा। कब थमेगा चारदीवारी के भीतर महिलाओं के खिलाफ हिंसा का सिलसिला?

रतलाम, आपसी कलह का खौफनाक अंजाम : पारिवारिक विवाद के बाद महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

⚫ शरीर और गले पर चोट के निशान

⚫ घटना के बाद से पति फरार

 ⚫ एफएसएल जांच में हत्या की आशंका हुई गहरी 

हरमुद्दा
​रतलाम / रावटी, 18 नवंबर। घर की चारदीवारी को किसी भी महिला के लिए सबसे सुरक्षित आशियाना माना जाता है, लेकिन जब वही घर आपसी कलह और हिंसा का केंद्र बन जाए, तो नतीजा बेहद दर्दनाक होता है। जिले के रावटी थाना क्षेत्र के रानिसिंग गांव में मंगलवार रात हुए एक पारिवारिक विवाद ने 35 वर्षीय कलाबाई की सांसें छीन लीं। बुधवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में महिला का शव मिलने से पूरे गांव में शोक और सनसनी फैल गई। मृतका के शरीर पर चोट के निशान और गले पर मिले संदिग्ध निशान चीख-चीखकर घरेलू हिंसा और गला घोंटकर हत्या किए जाने की ओर इशारा कर रहे हैं।

​रात का विवाद और सुबह की खामोशी

​ग्रामीणों और पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रानिसिंग निवासी मांगीलाल पिता गेंदालाल गरवाल का मंगलवार रात अपनी पत्नी कलाबाई से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। जिस रिश्ते में जीवनभर साथ निभाने का वादा था, उसी में हुई इस अनबन ने सुबह तक एक महिला की जिंदगी खत्म कर दी।

बुधवार सुबह करीब 8 बजे मांगीलाल गांव के सरपंच प्रतिनिधि अंबाराम गरवाल के घर पहुंचा था, हालांकि उस समय वे सो रहे थे। इसके दो घंटे बाद करीब 10 बजे मांगीलाल ने फोन कर पत्नी की मौत की सूचना दी। उसने सफाई देते हुए कहा कि रात में विवाद के बाद वह सो गया था और सुबह उठने पर उसे पत्नी की मौत का पता चला, लेकिन घटनास्थल के हालात इस कहानी पर कई गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं।

​शरीर पर जख्म दे रहे बर्बरता की गवाही

​गांव के चौकीदार छोटेलाल मालिवाड की सूचना पर रावटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (FSL) अधिकारी डॉ. अतुल मित्तल ने भी घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में कलाबाई के शरीर पर कई जगह चोट के निशान और गले पर स्पष्ट निशान पाए गए हैं। ये निशान इस बात की तस्दीक कर रहे हैं कि मौत सामान्य नहीं थी, बल्कि महिला के साथ बेरहमी से मारपीट कर उसका गला घोंटा गया है।

​फरार पति की तलाश, गांव में पसरा मातम

इस हृदयविदारक घटना के बाद से मृतका का पति मांगीलाल फरार है, जिससे उस पर शक और गहरा गया है। रावटी थाना प्रभारी मनीष डावर ने बताया कि पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और फरार पति की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सटीक कारणों की पुष्टि होगी।

समाज के सामने संवेदनशील सवाल

​इस घटना ने एक बार फिर ग्रामीण और शहरी समाज के सामने यह संवेदनशील सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर कब तक पारिवारिक विवादों की भेंट महिलाओं की जिंदगी चढ़ती रहेगी और कब समाज घरेलू हिंसा के खिलाफ समय रहते मुखर होगा।